2024 में रिटायर होंगे 68 राज्यसभा सदस्य: 9 केंद्रीय मंत्रियों का कार्यकाल पूरा होगा, सबसे ज्यादा यूपी से 10 सीटें खाली होंगी

नई दिल्ली3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

2024 में राज्यसभा से 68 सांसद रिटायर होने वाले हैं। सबसे पहले दिल्ली में जनवरी में तीन सीट खाली होंगी।

2024 में राज्यसभा से 68 सांसद रिटायर होने वाले हैं। इसमें 9 केंद्रीय मंत्री हैं। सबसे पहले दिल्ली में तीन सीट खाली होंगी। यहां AAP नेता संजय सिंह, नारायण दास गुप्ता और सुशील कुमार गुप्ता 27 जनवरी को अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।

दिल्ली की खाली सीटों के लिए चुनाव की तैयारी शुरु हो गई है। सिक्किम में एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए भी नॉमिनेशन जल्द शुरु हो जाएगा। यहां SDF सदस्य हिशे लाचुंगपा का 23 फरवरी को कार्यकाल पूरा होगा।

वहीं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मडाविया और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित 57 नेता अप्रैल में अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।

उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 10 सीटें खाली होंगी
उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 10 सीटें खाली होंगी। इसके बाद महाराष्ट्र और बिहार में 6-6, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल में 5-5, कर्नाटक और गुजरात में 4-4, ओडिशा, तेलंगाना, केरल और आंध्र प्रदेश प्रत्येक में 3-3 सीटें खाली होंगी।

झारखंड और राजस्थान में 2-2 और उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और छत्तीसगढ़ चारों जगह एक-एक सीट खाली होगी। दिल्ली में 3 और सिक्किम में एक सीट खाली होगी। उधर चार मनोनीत सदस्य जुलाई में रिटायर हो रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए दोबारा नामांकन के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को अपने गृह राज्य से बाहर सीट तलाशनी होगी क्योंकि वहां कांग्रेस सत्ता में है। इसके अलावा कांग्रेस कर्नाटक और तेलंगाना से भी अपने उम्मीदवारों को राज्यसभा भेजने की तैयारी में है। क्योंकि कांग्रेस शासित कर्नाटक में चार और तेलंगाना में तीन राज्यसभा सीटें खाली होंगी।

ऐसे होता है राज्यसभा चुनाव
राज्यसभा सांसदों के लिए चुनाव की प्रक्रिया अन्य चुनावों से काफी अलग है। राज्यसभा के सदस्य अप्रत्यक्ष रूप से चुने जाते हैं यानी जनता नहीं बल्कि विधायक इन्हें चुनते हैं। राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए कितने वोटों की जरूरत होती है, ये पहले से ही तय होता है।

वोटों की संख्या का कैलकुलेशन कुल विधायकों की संख्या और राज्यसभा सीटों की संख्या के आधार पर होता है। इसमें एक विधायक की वोट की वैल्यू 100 होती है।

ये खबर भी पढ़ें…

मोदी सरकार को इस कार्यकाल में राज्यसभा में बहुमत नहीं:लोकसभा चुनाव से पहले 56 सांसद रिटायर होंगे, इनमें 30 BJP से

मोदी सरकार इस कार्यकाल में राज्यसभा में बहुमत हासिल नहीं कर सकेगी। तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव में जोरदार जीत के बावजूद भाजपा उच्च सदन में सदस्य संख्या बढ़ाने की स्थिति में नहीं है। दूसरी ओर, तेलंगाना में जीतने से कांग्रेस को दो अतिरिक्त सीटें मिल जाएंगी।

लोकसभा चुनाव अगले साल अप्रैल में होने हैं। उससे पहले राज्यसभा के 56 सदस्य रिटायर होंगे। इनमें से सबसे ज्यादा 30 सदस्य भाजपा के ही हैं। इस समय राज्यसभा में कुल सदस्य संख्या 239 है और भाजपा 93 सदस्यों के साथ सबसे बड़े पार्टी है। 30 सदस्यों के साथ कांग्रेस दूसरे स्थान पर है। पढ़ें पूरी खबर…

खबरें और भी हैं…