न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: MP में गर्मी के कारण फ्लाइट उड़ नहीं पाई; छत्तीसगढ़ में बारूद फैक्ट्री में ब्लास्ट; पोर्श केस- नाबालिग का दादा अरेस्ट

33 मिनट पहलेलेखक: अभिषेक तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

1. 6 राज्यों में लू का रेड अलर्ट: राजस्थान में 15 मौत, भोपाल में गर्मी के कारण फ्लाइट नहीं उड़ी
आज 25 मई से नौतपा शुरू हो गया है। यह 2 जून तक रहेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, पंजाब और हरियाणा के लिए लू (हीटवेव) का रेड अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में गर्मी से 2 दिन में 15 मौत हो गईं। भोपाल-हैदराबाद इंडिगो की फ्लाइट शुक्रवार को एक घंटे देरी से रवाना हुई। बाहर का तापमान ज्यादा होने से इंजन रिस्ट्रिक्टेड मोड में चला गया था। कश्मीर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह 11 साल में सबसे ज्यादा रहा।
पढ़ें पूरी खबर…

2. 8 राज्यों की 58 सीटों पर वोटिंग जारी: महबूबा मुफ्ती समेत 3 पूर्व CM मैदान में
2024 लोकसभा चुनाव के छठे फेज में 7 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश (जम्मू-कश्मीर) की 58 सीटों पर वोटिंग जारी है। 2019 में इन सीटों पर सबसे ज्यादा भाजपा 40, बसपा 4, BJD 4, सपा 1, JDU 3, TMC 3, LJP 1, आजसू 1 सीट जीती थीं। इस फेज में 3 केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, कृष्ण पाल सिंह गुर्जर और राव इंद्रजीत सिंह मैदान में हैं। इस लिस्ट में महबूबा मुफ्ती, मनोहर लाल ख‌ट्‌टर और जगदंबिका पाल का नाम शामिल है।
पढ़ें पूरी खबर…

3. पुणे पोर्श केस में आरोपी का दादा गिरफ्तार; पोते को बचाने के लिए ड्राइवर को फंसाने की कोशिश की
पुणे पोर्श एक्सीडेंट मामले में पुलिस ने नाबालिग आरोपी के दादा को गिरफ्तार किया है। उस पर फैमिली ड्राइवर को अपने घर में बंधक बनाने का आरोप है। नाबालिग का पिता विशाल अग्रवाल भी आरोपी है। पुलिस ने उसे 21 मई को गिरफ्तार किया था। विशाल 7 जून तक पुलिस रिमांड पर है। दरअसल 18 मई को नाबालिग ने पोर्श कार से बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मार दी थी। दोनों की मौके पर मौत हो गई थी।
पढ़ें पूरी खबर…

4. छत्तीसगढ़ में बारूद फैक्ट्री में ब्लास्ट: बेमेतरा में धमाके से करीब 10-12 लोगों की मौत की आशंका
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में स्थित एक बारूद फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट में 10 से 12 लोगों के मरने की आशंका है। बताया जा रहा है कि कई लोगों के शरीर टुकड़ों में बंट गए। मलबे में कई लोग दबे हो सकते हैं। घटना बेरला ब्लॉक के ग्राम बोरसी स्थित स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड बारूद फैक्ट्री की है।
पढ़ें पूरी खबर…

5. UP में मंदिर के चेंजिंग रूम में मिला CCTV: महंत के मोबाइल पर थी इसकी LIVE फीड
UP के गाजियाबाद में शनि मंदिर के बाहर बने चेंजिंग रूम के ऊपर CCTV कैमरा लगा हुआ मिला है। इस कैमरे की लाइव फीड मंदिर के महंत मुकेश गोस्वामी के मोबाइल पर थी। पुलिस को DVR से महिलाओं के कपड़े बदलते हुए कुछ क्लिप्स भी मिली हैं। पुलिस ने फिलहाल CCTV और उसका DVR कब्जे में ले लिया है। महंत के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, फिलहाल वह फरार है।
पढ़ें पूरी खबर…

6. CM सिद्धारमैया बोले- प्रज्वल को देवगौड़ा ने विदेश भेजा: परिवार को देश छोड़ने की बात पता थी
कर्नाटक CM सिद्धारमैया ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के परिवार को पोते सांसद प्रज्वल रेवन्ना के देश छोड़ने की बात पता थी। मुझे लगता है कि देवेगौड़ा ने ही प्रज्वल को देश से बाहर भेजा था। प्रज्वल फिलहाल जर्मनी में है। उस पर कई महिलाओं से रेप के आरोप हैं। प्रज्वल के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी हो चुका है।
पढ़ें पूरी खबर…

7. देश में डिजिटल हाउस अरेस्ट साइबर क्राइम में बढ़ोतरी: बीते 10 साल में सामने आए 65 हजार मामले
रिजर्व बैंक की एक रिपोर्ट से पता चला है कि 2023 के दौरान देश में डिजिटल हाउस अरेस्ट के जरिए 30 हजार करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी हुई। इसमें नकली पुलिस स्टेशन बनाकर, फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को डराया जाता है। पिछले एक दशक में, भारतीय बैंकों ने धोखाधड़ी के 65,017 मामलों की सूचना दी है, जिसके कारण कुल 4.69 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
पढ़ें पूरी खबर…

8. इंटरनेशनल कोर्ट बोला- राफा में जंग रोके इजराइल, नेतन्याहू बोले- आदेश नहीं मानेंगे
इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस ने इजराइल को आदेश दिया कि वह राफा में हमले को तुंरत रोके। साउथ अफ्रीका ने इजराइल पर नरसंहार का आरोप लगाते हुए कोर्ट से जंग को रोकने की मांग की थी। मामले में 15 जजों की टीम सुनवाई कर रही थी, जिसमें से 13 जजों ने साउथ अफ्रीका के पक्ष में फैसला सुनाया। हालांकि, ICJ के पास फैसले को लागू कराने की पावर नहीं है। इजराइल ने कोर्ट का ऑर्डर न मानने की बात कही है।
पढ़ें पूरी खबर…

9. आर्चरी वर्ल्ड कप स्टेज-2: भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने गोल्ड; मिक्स्ड टीम ने जीता सिल्वर
साउथ कोरिया के येचिओन में चल रहे वर्ल्ड कप स्टेज-2 आर्चरी के कंपाउंड में भारतीय महिला टीम ने गोल्ड जीता है। वहीं मिक्स्ड टीम को सिल्वर मेडल मिला है। विमेंस फाइनल में भारतीय टीम ने तुर्की को हराया। जबकि मिक्स्ड टीम को अमेरिका से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय तिकड़ी का वर्ल्ड कप में लगातार तीसरा गोल्ड है। इससे पहले इस तिकड़ी ने इसी साल की शुरुआत में शंघाई में हुए वर्ल्ड कप स्टेज-1 में इटली को हरा कर गोल्ड जीता था। इससे पहले पिछले साल पेरिस में हुए वर्ल्ड कप स्टेज-4 में भी गोल्ड जीता था।
पढ़ें पूरी खबर…

10. बोल्ट ने IPL-2024 के पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लिए, चहल ने सबसे ज्यादा छक्के दिए
IPL-2024 का फाइनल मुकाबला 26 मई को KKR और SRH के बीच खेला जाएगा। इस सीजन पावरप्ले में राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने सबसे ज्यादा 12 विकेट लिए। वहीं युजवेंद्र चहल IPL इतिहास में सबसे ज्यादा सिक्स खाने वाले गेंदबाज हो गए हैं। उन्होंने लीग में बॉलिंग करते हुए कुल 35221 बॉल फेंकीं, इन पर 223 सिक्स लगे। उन्होंने पीयूष चावला को पीछे छोड़ा। चावला अब तक IPL में 222 सिक्स लगवा चुके हैं।
पढ़ें पूरी खबर…