आज जींद में इनेलो की सम्मान दिवस रैली: ताऊ देवीलाल की 108वीं जयंती का मौका; तीसरे मोर्चे का ऐलान कर सकते हैं ओपी चौटाला, रात में ही पहुंचने लगे थे कार्यकर्ता

करनाल8 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

अनाज मंडी जींद में इनेलो की महारैली के लिए सजा पंडाल।

आज देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की 108वीं जयंती है। इस मौके पर जींद की नई अनाज मंडी में इनेलो सम्मान दिवस रैली होने जा रही है। इंडियन नेशनल लोकदल की रैली की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सूत्रों के अनुसार, रैली में तीसरे मोर्चे का ऐलान संभव है, जिसकी रुपरेखा पहले से ही तैयार कर ली गई थी। 11 बजे रैली शुरू होगी।

इनेलो प्रदेश प्रवक्ता विजेंद्र ने बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को छोड़कर 9 बड़े नेता इस रैली में इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला के साथ मंच साझा करेंगे। नीतीश कुमार भले ही स्वयं इस रैली में नहीं आ पा रहे, लेकिन अपने प्रतिनिधि के रूप में जनता दल यूनाइडेट (जदयू) के प्रधान महासचिव केसी त्यागी को भेज रहे हैं।

लाखों लोगों के आने का दावा
इनेलो का दावा है कि रैली मे लाखों की संख्या में इनेलो कार्यकर्ता जुटेंगे। रैली का पंडाल 6 एकड़ में बनाया है, जिसमें 5 स्टेज लगी हैं। एक किसानों के लिए, एक खिलाड़ियों के लिए और बाकी 3 नेताओं के लिए। पंडाल में करीब सवा लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर आए लोगों के लिए खाने की व्यवस्था की गई है।

विशेष सम्मान समारोह होगा
कार्यक्रम में विशेष सम्मान समारोह भी होगा। इसमें 10 ओलिंपिक खिलाड़ियों और खेती कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन में जान गंवाने वाले 45 किसानों के परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें खासतौर पर ऐसे परिवार लिए जाएंगे, जिनमें मरने वाला शख्स अपने परिवार में कमाने वाला इकलौता शख्स रहा होगा।

जेल से रिहा होने के बाद से चौटाला मुखर

जेबीटी शिक्षक भर्ती मामले में सजा पूरी करके लौटे इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला की यह पहली रैली होगी। इसमें कार्यकर्ता उनके राजनीतिक संदेश को कई साल बाद सुनेंगे। जेल से रिहा होते ही चौटाला तीसरे मोर्चे के गठन की तैयारियों में जुट गए। इसके लिए वह भाजपा का विरोध करने वाले दलों के नेताओं से मिले और उनके साथ तीसरे मोर्चे पर बातचीत करते हुए 25 सितंबर की जींद रैली का निमंत्रण दिया। इस रैली के जरिए इनेलो न केवल अपने पुराने कार्यकर्ताओं को एकजुट करेगी, बल्कि राजनीतिक दमखम भी दिखाएगी।

मुख्य वक्ता के तौर पर रहेंगे चौटाला

इंडियन नेशनल लोकदल के प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने कहा कि 25 सितंबर को जननायक चौधरी देवीलाल के 108वें जन्मदिवस पर जींद में होने वाली सम्मान दिवस रैली ऐतिहासिक होगी। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी ओमप्रकाश चौटाला इसमें मुख्य वक्ता होंगे। वह लंबे समय बाद प्रदेश की जनता से रूबरू होंगे और लोगों व पार्टी के बीच संबंध के लिए मुख्य कड़ी का काम करेंगे।

इनेलो जॉइन कर सकते हैं कई बड़े चेहरे

अभय चौटाला ने कहा कि सम्मान दिवस रैली को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। विशेषकर युवा और महिलाएं उत्साहित हैं। जींद रैली प्रदेश की राजनीति में नए आयाम स्थापित करेगी। रैली में जन सैलाब उमड़ेगा। साथ ही अभी तक हुई रैलियों के रिकॉर्ड टूटेंगे। इनेलो ने किसानों के हित हमेशा सर्वोपरि रखे हैं, इसलिए इनेलो को किसानों की पार्टी कहा जाता है। 25 सितंबर की रैली में किसानों को मजबूती देने के लिए दूसरे राजनीतिक दलों के कई चेहरे इनेलो में शामिल होंगे।

खबरें और भी हैं…

.