CM भगवंत मान ने पटियाला में फहराया तिरंगा: बोले- एक साल में नशा मुक्त करेंगे पंजाब, सरपंच गांव का चुनें किसी पार्टी का नहीं

  • Hindi News
  • Local
  • Punjab
  • Punjab Patiala CM Bhagwant Mann Independence Day Hoist National Flag Patiala; Big Announcement । Prisoner Release

चंडीगढ़15 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

पंजाब CM भगवंत मान स्वतंत्रता दिवस समारोह में संबोधित करते हुए।

पंजाब के CM भगवंत मान ने मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस पर पटियाला में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने चीफ सेक्रेटरी अनुराग वर्मा समेत DGP गौरव यादव के साथ परेड का निरीक्षण किया। इस मौके पर CM ने कहा कि शहीदों में सबसे अधिक पंजाबी रहे हैं। पंजाबियों ने देश को आजाद कराया और इस आजादी को कायम रखना भी जानते हैं।

उन्होंने कहा कि जब कभी भी दुश्मनों की तरफ से गोली चलती है तो पहला सीना पंजाबियों का होता है।

पंजाब के CM भगवंत मान तिरंगा फहराते हुए।

पंजाब के CM भगवंत मान तिरंगा फहराते हुए।

CM मान ने विपक्षी दलों पर तंज कसते कहा कि वह उन्हें ये न बताएं कि वतन परस्ती क्या होती है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी चिंता यह थी कि आजादी के बाद देश किन हाथों में जाएगा। 76 साल से देश की बागडोर हमारे हाथों में है और यह बताना पड़ेगा कि देश के लिए क्या किया है। उन्होंने बच्चों से देश का इतिहास जानने बारे कहा।

14 अगस्त बंटवारे का दर्द भरा दिन
CM मान ने कहा कि बीता कल, 14 अगस्त बंटवारे का दर्द भरा दिन था। दस लाख लोग मारे गए, हर जगह लहूलुहान लोग थे। सभी अपने ही पारिवारिक सदस्य और रिश्तेदार थे। पंजाब और लोग बंट गए। इसलिए आजादी पंजाब को अधिक महंगी पड़ी। उन्होंने कहा इतिहास का याद रखना काफी जरूरी है।

संसद में छोटे साहिबजादों को श्रद्धांजलि
CM मान ने कहा कि सांसद होने के समय उन्होंने छोटे साहिबजादों के आजादी दिवस पर स्पीकर सुमित्रा महाजन से उन्हें श्रद्धांजलि दिए जाने को कहा था। स्पीकर ने उनसे कहा कि आज तक कभी ऐसा नहीं किया गया लेकिन उन्होंने इस मांग को रिकॉर्ड पर लाने की बात कही। इस पर CM मान ने संसद में विरोध जता रहे सांसदों को साहिबजादों की श्रद्धांजलि के लिए शांत रहने की अपील की। मान ने कहा कि उन्हें खुशी है कि यह ड्यूटी उन्हें मिली, जबकि किसी अन्य CM द्वारा ऐसा कभी नहीं किया गया था।

CM भगवंत मान ने गाड़ी में परेड का निरीक्षण किया।

CM भगवंत मान ने गाड़ी में परेड का निरीक्षण किया।

CM मान ने बाबा फतेह सिंह और बाबा जोरावर सिंह को याद करते हुए उन्हें दीवार में चिनवाए जाने की घटना को याद किया। दोनों की आपसी बातचीत के अंश भी सांझा किए। कहा कि इतिहास में ऐसी कुर्बानी नहीं मिलती और इस शहादत के संसद में रिकॉर्ड पर आने की उन्हें खुशी है।

पंजाब सरकार की प्राथमिकताएं
CM मान ने कहा कि पंजाब सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार-व्यापार और खेती है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आज 76 आम आदमी क्लिनिक शुरू हो गए हैं, इससे कुल 659 आम आदमी क्लिनिक हो चुके हैं, यहां दवाइयां और मेडिकल टेस्ट फ्री हैं। कहा कि लोगों को गांव में ही सभी सुविधाएं मिलेंगी।

‘खेडां वतन पंजाब दी’ की रजिस्ट्रेशन शुरू
CM मान ने कहा कि ‘खेड्‌डां वतन पंजाब दी’ की रजिस्ट्रेशन शुरू कर दी गई है। इसके तहत पहले पारंपरिक खेल कराए गए और इन गेम्स को दोबारा स्कूलों में लाया जा रहा है। उन्होंने हर साल 2200 पुलिसकर्मियों की भर्ती की बात भी दोहराते हुए कहा कि सिपाही से सब-इंस्पेक्टर भर्ती किए जाने हैं। अगले चार साल का शैड्यूल जारी किया गया है। कहा कि पहले की सरकारों में भर्ती बारे अचानक घोषणा की जाती थी, ताकि वह अपने चहेतों को भर्ती कर सकें।

विपक्ष पर डकैती की कहानी से तंज कसा
CM मान ने कहा कि पंजाब में 90 प्रतिशत परिवारों का बिजली बिल जीरो आता है। बावजूद इसके बिजली बोर्ड को घाटा नहीं आने दिया। उन्होंने पुरानी सरकारों पर डकैती की घटना का उदाहरण देते हुए तंज कसा। कहा कि पहले साढ़े चार साल लोगों को लूटा जाता था और आखिर के छह महीने में शगुन देकर धोखा दिया जाता था। लेकिन AAP सरकार लोकहित के काम पहले कर रही है न कि शगुन स्कीम की रिवायत को दोहराती है। कहा कि पंजाब शहीदों का कर्जदार है।

व्यापार में पंजाब को नंबर-1 बनाने पर काम
CM मान ने कहा कि पंजाब को व्यापार में नंबर-1 बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। पंजाब छोटी फैक्ट्रियों के पंजीकरण में बीते एक साल में नॉर्थ इंडिया में अग्रणी रहा है। करीब 2.79 लाख इकाई पंजाब में आ रही हैं। इनमकें टाटा स्टील, वर्बियों, जिंदल स्टील समेत अन्य कई बड़ी कंपनियां हैं। क्योंकि अब कारोबारी जानते हैं कि राज्य सरकार उन्हें तंग न कर सहयोग प्रदान करेगी। इससे बेरोजगारी और नशे की समस्या से निपटने में मदद मिलेगी।

पंजाब से एक साल में मिटाएंगे नशे का कलंक
CM मान ने कहा कि पंजाब में नशा तस्करों/सप्लायरों की धरपकड़ के लिए विशेष प्रकार की मुहिम चलाई जाएगी। उन्होंने अगले साल तक पूरे पंजाब से नशे का कलंक मिटा दिए जाने की बात कही। साथ ही कहा कि पंजाबी युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार दिया जाएगा, ताकि उन्हें विदेशों में नहीं जाना पड़े।
CM मान ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त पंजाब की नींव रखी गई है। रोजाना कई भ्रष्टाचारियों को पकड़ा जा रहा है। लेकिन न जाने क्यों भ्रष्टाचारी लोग अपने लोगों को ही लूटने में लगे हैं।

पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर पर कसा तंज
CM मान ने कैप्टन अमरिंदर सिंह पर उन्हें महल वाला बताते हुए तंज कसा। कहा कि जब मुगलों का राज थे तो वह उनके साथ थे, जब कांग्रेस का राज आया तो उनके साथ और अकाली दल के राज में उनके साथ होने के बाद अब भाजपा राज में महल वाले उनके साथ हो गए हैं। पूछा कि क्या कभी लोगों के साथ आए हैं। साथ ही कहा कि शहीदों के शहीदी आदेश पर महल वालों के ही आदेश हैं। लेकिन अब विपक्षी दलों से पंजाब का बदलाव देखा नहीं जा रहा है।

स्पेशल गिरदावरी की जा रही
CM मान ने कहा कि बाढ़ के बाद स्पेशल गिरदावरी की जा रही हैं और कई गिरदावरी सरकार के पास पहुंच भी गई हैं। उन्होंने कहा कि आज कुछ किसानों को मुआवजा राशि के चेक दिए जाएंगे। राज्य सरकार हर किसान, मजदूर और दिहाड़ीदार के बैंक खाते में मुआवजा राशि जमा कराएगी।

पंचायती चुनाव में मत के दान की अपील
CM मान ने कहा कि पंजाब में पंचायती चुनाव होंगे। इसमें उन्होंने लोगों से अपनी मत का दान करने की अपील की। साथ ही चुनावों में लड़ाई-झगड़े न कर, सर्वसम्मति से गांव का सरपंच चुनने बारे कहा, न कि किसी पार्टी का। सर्वसम्मति से सरपंच बनाने पर गांव को राज्य सरकार द्वारा पहल के आधार पर विकास के लिए पांच लाख रुपए एडवांस देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मिलने वाला पैसा गांव के विकास पर ही लग सकेगा, फिर भले ही कोई पैसों के दम पर चुनाव क्यों न जीता हो।

पंजाब सरकार कई नए प्रोजेक्ट शुरू कर रही
CM मान ने कहा कि पराली के लिए आगामी दिनों में बड़ी घोषणा की जाएगी। पंजाब में कई प्रोजेक्ट लाए जा रहे हैं। बताया कि बीते दिनों एक एग्रीमेंट में महज एक पैसा घटाया जाना था। कंपनी के पूछने पर उन्हें बताया कि एक पैसे से पांच साल में करीब 80 लाख रुपए बनेगा और इस राशि को पंजाब के लिए बचाया।

भ्रष्टाचार व लीकेज बंद की
CM मान ने कहा कि पंजाब में भ्रष्टाचार पर नकेल कस लीकेज बंद की है। बचाए गए पैसे को पंजाब के विकास पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने शहीदों काे याद करते हुए कहा कि पंजाब को रंगला पंजाब बनाना है। देश का नंबर-1 प्रदेश पंजाब ही होगा और इससे देश भी विश्व में अग्रणी बनेगा। कहा कि विश्व भर में पंजाबी कमाई कर रहे हैं और कभी कोई पंजाब भूखा नहीं मिलेगा। CM मान ने इंकलाब जिंदाबाद कहते हुए अपना संबोधन पूरा किया।

मार्च पास्ट कर CM को दी सलामी
परेड की विभिन्न टुकड़ियों द्वारा मार्च पास्ट करते हुए CM भगवंत मान को सलामी दी गई। पंजाब पुलिस, PAP, RTC PAP महिला विंग, विभिन्न जिला पुलिस, हिमाचल प्रदेश प्लैटून की टुकड़ी, NCC, पंजाब NCC प्लैटून, गाइड टुकड़ी, पाइप बैंड-ब्रास बैंड की टुकड़ियों ने मुख्यमंत्री को सलामी दी।

CM मान ने आजादी गुलाटियों का सम्मान किया। सभी शख्सियतों के साथ सांझा तस्वीर खिंचाई। शहीदों का सम्मान करने के उपरांत मुख्यमंत्री ने बाढ़ के दौरान लोगों की मदद करने वाले अधिकारियों व अन्यों के साथ भी फोटो खिंचवाई। इस दौरान CM मान ने ‘CM की योगशाला’ भी देखी।

घुड़सवारों ने दिखाए करतब
समारोह में राष्ट्रीय घुड़सवारों ने करतब दिखाए। घुड़सवारों ने सबसे पहले माऊंट्रड सैल्यूट दिखाया। इसके बाद लाँस एंड पैक और हैंकी ट्रिक दिखाई। इस दौरान घुड़सवार अपने बादशाह, रॉयल चैलेंज और विक्टोरिया नामक घोड़ों के अलावा अन्यों पर सवार रहे।

440 स्कूल स्टूडेंट ने दिखाए सांस्कृतिक कार्यक्रम
पंजाब के कई सरकारी स्कूल की 440 छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम दिखाए। रंग-बिरंगे परिधान पहने छात्राओं ने प्रदेश की झलक दिखाते कई गीतों पर पारंपरिक नृत्य किया।

खेड्‌डां वतन पंजाब की झलक
CM मान ने खेड्‌डां वतन पंजाब दिया की झलक देखी। छोटी आयु के खिलाड़ियों समेत अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों की झलक दिखाई। रस्साकशी, जिम्नास्टिक, मुगदर, लाँग जंप, हाई जंप, बॉक्सिंग, हॉकी, कुश्ती समेत अन्य खेलों की झलक दिखाई गई। पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला के स्टूडेंट ने अपने कोच अवतार सिंह की अगुआई में गतका भी पेश किया।
CM मान ने बीते साल खेड्‌डां वतन पंजाब की कामयाबी के बाद आज www.खेड्‌डां वतन पंजाब दियां.com पोर्टल को लॉन्च किया।

सरकारी कॉलेज के स्टूडेंट का गिद्दा-भंगड़ा
पंजाब के विभिन्न सरकारी कॉलेज की छात्राओं ने अलग-अलग गीतों पर लोक नाच गिद्दा दिखाया। पारंपरिक गीतों पर दिखाए गिद्दे ने समां बांधे रखा। CM मान समेत कार्यक्रम में मौजूद सभी दर्शक टकटकी लगाए गिद्दा देखते नजर आए। इसके बाद विभिन्न स्कूल व कॉलेज के 155 स्टूडेंट ने भंगड़ा पेश किया, जिसकी तैयारी सरकारी महिंद्रा कॉलेज के प्रोफेसर और भंगड़ा कोच द्वारा कराई गई।

CM ने मुआवजा राशि के चेक दिए
CM भगवंत मान ने बाढ़ प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि के चेक दिए। इनमें जसकरण सिंह गांव शुतराणा, जसबीर सिंह गांव निर्मलकोट, हरभजन सिंह गांव दौलतपुर समेत अन्य व पशु पालकों और मछली पालकों को भी मुआवजा दिया गया।

इन 13 शख्सियतों को किया सम्मानित
CM मान ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट व सराहनीय कार्य करने वाली 13 शख्सियतों को सम्मानित किया। इसमें माउंट एलब्रस पर पहुंचने वाली सबसे छोटी आयु की बच्ची सानवी सूद को पदक व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया। पटियाला की वेटलिफ्टर एवं कॉम्नवेल्थ पदक विजेता हरजिंदर कौर, PCS SDM खमाणों, संजीव कुमार, सुखदेव सिंह, फतेह सिंह पटवारी, दस वर्षीय एकमजोत कौर, तरनतारन निवासी मेजर सिंह, जालंधर निवासी सलीम मोहम्मद, साइंस विषय के टीचर सुखपाल सिंह, कर्नल जगदीप संधू को सम्मानित किया। NDRF बठिंडा के कमांडेंट संतोष कुमार को भी सम्मानित किया।

चीफ मिनिस्टर पदक से इन्हें किया सम्मानित
चीफ मिनिस्टर पदक से विक्रमजीत सिंह बराड़, इंस्पेक्टर पुष्पिंदर सिंह, सिपाही नवनीत सिंह, होशियारपुर, SSP मुक्तसर, PPS, आलम विजय सिंह, विशालजीत सिंह, संजीवन, PPS, DSP बरिंदर सिंह, PPS सुभाष चंद्र अरोड़ा, इंस्पेक्टर शिव कुमार, इंचार्ज CIA, SI गुरिंदर सिंह, इंस्पेक्टर सुरेश कुमार, SI अक्शयदीप सिंह, ASI इकबाल सिंह, ASI हरविंदर सिंह, ASI दिनेश कुमार, ASI सुरिंदर पाल सिंह, मेडिकल सुपरिटेंडेंट हरनाम सिंह रेकी समेत परेड कमांडर जसरूप सिंह बाठ, सहायक परेड कमांडर बवनदीप सिंह लुबाणा, DSP सुल्तानपुर, स्पेशल चिल्ड्रन के अलावा इंडो-तिब्बतन पुलिस कमांडर समेत अन्य पलाटुन कमांडर को सम्मानित किया गया।
पटियाला DC साक्षी साहनी द्वारा CM भगवंत मान को यादगारी चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

स्पेशल चिल्ड्रन ने गाया राष्ट्रीय गान
स्पेशल चिल्ड्रन ने राष्ट्रीय गान गाया। इस दौरान आयोजन स्थल पर सभी ने खड़े होकर देशसेवा की अपनी समर्पण भावना दिखाई। इसके बाद कार्यक्रम का समापन हुआ।

खबरें और भी हैं…