सिद्धू मूसेवाला मर्डर में नया खुलासा: हत्या से पहले अयोध्या में इकट्‌ठे हुए थे आरोपी, नेता के घर छिपे, तस्वीरें आई सामने

अमृतसर4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सिद्धू मूसेवाला के कातिलों की अयोध्या की तस्वीरें।

पंजाब में सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। मर्डर से पहले सभी आरोपी अयोध्या में इकट्‌ठे हुए थे। इसकी कुछ तस्वीरें पंजाब पुलिस के हाथ लगी हैं, जो अयोध्या की बताई जा रही हैं। यह आरोपी एक नेता के घर पर छिपे हुए थे, जिसे लेकर पुलिस जांच में जुट गई है।

पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों को सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने से पहले उत्तर प्रदेश में एक नेता की हत्या की सुपारी दी गई थी, लेकिन किसी कारण वे संभव नहीं हो पाया। जिसके बाद इस पूरे गैंग ने पंजाब का रुख किया और सिद्धू मूसेवाला की हत्या को अंजाम दिया था।

पुलिस के हाथ लगी तस्वीरों की संख्या 11 बताई जा रही है। जिसमें मुख्य आरोपी गैंगस्टर लॉरेंस का भांजा शूटर सचिन थापन, भिवानी व कपिल पंडित भी दिखाई दे रहे हैं। इन आरोपियों ने नेता की कोठी में हथियारों को चलाने की प्रैक्टिस भी की थी।

पाकिस्तान से आए थे हथियार
मिली जानकारी के अनुसार यह हथियारों की खेप पाकिस्तान से यहां लाई गई थी। कई हथियार ऐसे हैं, जो बॉर्डर क्रॉस कर भारत पहुंचे थे। तस्वीरों में आरोपी हथियारों के साथ भी दिखाई दे रहे हैं, जिनसे सिद्धू मूसेवाला पर गोलियां बरसाई गई थी।

29 मई 2022 को हुई थी सिद्धू मूसेवाला की हत्या
सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर शुभदीप सिंह सिद्धू की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पंजाब सरकार के मुताबिक इस मामले में अब तक 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, दो आरोपी मुठभेड़ में मारे गए और 5 को भारत के बाहर से लाया जाना है।

इसके लिए राज्य सरकार केंद्र और अन्य एजेंसियों के संपर्क में हैं। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी लॉरेंस गैंग का गोल्डी बराड़ है।

खबरें और भी हैं…