मॉर्निंग न्यूज पॉडकास्ट: खेल रत्न अवॉर्ड में राजीव गांधी की जगह ध्यानचंद का नाम, ओलिंपिक मेडल के करीब भारत की गोल्फर, देश में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 50 करोड़ के पार

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • खेल रत्न पुरस्कार मेजर ध्यानचंद | दैनिक भास्कर समाचार सुर्खियों में; मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार, भारत गोल्फर ओलंपिक पदक, भारत में टीकाकरण 50 करोड़ के पार

2 घंटे पहले

नमस्कार,
आज शनिवार है, तारीख 07 अगस्त 2021; श्रावण मास, कृष्ण पक्ष और चतुर्दशी तिथि

सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. चुनावी तैयारियों के मद्देनजर BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उत्तर प्रदेश के दौरे पर जाएंगे।
  2. मध्य प्रदेश में अन्न उत्सव का आयोजन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे वर्चुअली जुड़ेंगे।
  3. OBC, SC और सफाई कर्मचारियों के लिए सरकार PM दक्ष पोर्टल और ऐप लॉन्च करेगी।

अब कल की प्रमुख खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी
1. पूर्वी लद्दाख के विवादित पॉइंट में हटीं भारत-चीन की सेनाएं
भारत और चीन के बीच 12वें राउंड की मिलिट्री कमांडर लेवल की बातचीत के बाद दोनों देशों ने ईस्टर्न लद्दाख के गोगरा हाइट्स से अपने सैनिकों को पीछे हटा लिया है। वहां बने अस्थाई निर्माण और ढांचे भी तोड़ दिए गए हैं। सेना ने कहा है कि 31 जुलाई को दोनों पक्षों में कोर कमांडर लेवल की बातचीत हुई थी। मीटिंग में पेट्रोलिंग पॉइंट 17A से दोनों देशों की सेनाओं ने हटने का फैसला लिया था।
पढ़िए पूरी खबर..

2. राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार अब मेजर ध्यानचंद के नाम पर
केंद्र सरकार ने राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदलकर मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड कर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने इसका ऐलान करते हुए कहा कि ये अवॉर्ड देश की जनता की भावनाओं का सम्मान करेगा। खेल रत्न अवॉर्ड भारतीय खेलों का सर्वोच्च पुरस्कार है। सरकार ने 1991-92 में इसकी शुरुआत की थी। सबसे पहला अवॉर्ड ग्रैंड मास्टर विश्वनाथन आनंद को मिला था।
पढ़िए पूरी खबर..

3. ब्रॉन्ज मेडल से चूकीं भारत की बेटियां, हॉकी में ब्रिटेन ने हराया

भारत की महिला हॉकी टीम का टोक्यो ओलिंपिक में पदक जीतने का सपना टूट गया। ब्रॉन्ज मेडल मैच में ग्रेट ब्रिटेन ने भारत को 4-3 से हरा दिया। कड़े मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने शानदार खेल दिखाया और दूसरे क्वार्टर में 3-2 की बढ़त बना ली थी। हालांकि, टीम इस बढ़त को कायम नहीं रख सकी और ब्रिटेन ने तीसरे और चौथे क्वार्टर में 15 मिनट के अंदर 2 गोल दाग 4-3 से मैच जीत लिया।
पढ़िए पूरी खबर..

4. ओलिंपिक मेडल से बस एक कदम दूर भारत की गोल्फर
टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय महिला गोल्फर अदिति अशोक इतिहास रचने के करीब हैं। 23 साल की अदिति महिलाओं के इंडिविजुअल स्ट्रोक प्ले के तीसरे राउंड के बाद दूसरे नंबर पर हैं। अमेरिका की कोरडा नेली पहले नंबर पर हैं। आज चौथा राउंड खेला जाएगा। अगर अदिति नेली के 3 स्ट्रोक की बढ़त को खत्म करने में कामयाब हो जाती हैं तो वे गोल्ड मेडल भी जीत सकती हैं।
पढ़िए पूरी खबर..

5. रिलायंस-फ्यूचर ग्रुप की डील पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाई
सुप्रीम कोर्ट ने फ्यूचर-रिलायंस रिटेल डील मामले में अमेजन के पक्ष में फैसला सुनाया है। कोर्ट ने रिलायंस-फ्यूचर रिटेल डील पर रोक लगा दी है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि रिलायंस, फ्यूचर ग्रुप की रिटेल संपत्ति खरीदने के सौदे पर आगे नहीं बढ़ सकता है। यह फैसला मुकेश अंबानी के लिए बड़ा झटका है। फैसला आते ही रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 1.3 लाख करोड़ रुपए घट गया।
पढ़िए पूरी खबर..

6. देश में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 50 करोड़ के पार
भारत में कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा 50 करोड़ के पार हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोरोना से लड़ाई में भारत ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। सरकार के मुताबिक, शुक्रवार शाम 7 बजे तक 50.03 करोड़ डोज लगाए गए हैं। शुक्रवार को ही 43.29 लाख से ज्यादा टीके लगाए गए।
पढ़िए पूरी खबर..

7. रेफरी को पीटने पर दीपक पूनिया के कोच ओलिंपिक से बाहर
रेसलर दीपक पूनिया के विदेशी कोच मोराड गेड्रोव को ओलिंपिक से बाहर कर दिया गया है। भारतीय फेडरेशन ने भी उन्हें टर्मिनेट कर दिया है। गेड्रोव पर आरोप है कि ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में दीपक की हार के बाद वे रेफरी रूम में गए और मुकाबले में निर्णय करने वाले रेफरी पर हमला कर दिया। दीपक पूनिया 86 KG वेट कैटेगरी में सैन मैरिनो के नाजेम मायलेस एमिने से हार गए थे।
पढ़िए पूरी खबर..

8. हिमाचल में हाईवे से फिसलकर बस 300 मीटर खाई में लटकी

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में बड़ा हादसा टल गया। यहां के शिलाई में बोहराद खड्ड के पास नेशनल हाईवे-707 पर एक प्राइवेट बस फिसलकर खाई में लटक गई। हादसे के वक्त बस में 24 लोग सवार थे। सभी सवारियों के उतरने तक ड्राइवर ने ब्रेक लगाए रखे। इसके बाद सवारियों ने क्लीनर के साथ मिलकर ड्राइवर को बचा लिया। बताया जाता है कि बस का एक्सल टूट गया था।
पढ़िए पूरी खबर..

कुछ अहम खबरें, सिर्फ हेडलाइन में

  1. भारत Vs इंग्लैंड टेस्ट के तीसरे दिन सिर्फ 49.2 ओवर का खेल हो सका, टीम इंडिया ने पहली पारी में 278 रन बनाए, 70 रन की बढ़त
  2. राजस्थान-मध्यप्रदेश से छोड़े गए पानी से गंगा-यमुना उफान पर; प्रयागराज में 3 हजार मकानों के डूबने का खतरा, जालौन में हाईवे डूबा
  3. मेजर ध्यानचंद के बेटे बोले- पिता के नाम पर खेल रत्न अवॉर्ड देने से तसल्ली मिली, लेकिन उनका सच्चा सम्मान भारत रत्न मिलने से होगा
  4. ड्रोन पर सरकार की नई नीति, LoC और LAC समेत इंटरनेशनल बॉर्डर के 25 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने की इजाजत नहीं

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
116 साल पहले आज के ही दिन देश में स्वदेशी आंदोलन शुरू हुआ था। तब अंग्रेजों के बंगाल विभाजन के फैसले के खिलाफ देशभर में विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए थे। 20 जुलाई 1905 को भारत के वायसराय लॉर्ड कर्जन ने बंगाल के विभाजन की घोषणा की और अक्टूबर 1905 में बंगाल का विभाजन हो गया। लॉर्ड कर्जन के इस फैसले का पूरे भारत में जबरदस्त विरोध हुआ। 7 अगस्त 1905 को कलकत्ता के टाउनहॉल में एक बड़ी जनसभा की गई। लाखों लोग इसमें शामिल हुए। इसी सभा में बहिष्कार प्रस्ताव पास किया गया और इसी के साथ स्वदेशी आंदोलन की औपचारिक शुरुआत हुई।

और अब आज का विचार
अपने डर को सिर्फ अपने पास रखें, लेकिन अपनी हिम्मत हमेशा दूसरों के साथ बांटते रहें। -रॉबर्ट लुई स्टीवेन्सन

आपका दिन शुभ हो, कल फिर मिलेंगे…

खबरें और भी हैं…

.

Leave a Reply