मॉर्निंग न्यूज पॉडकास्ट: दहिया ने भारत को दिलाया दूसरा सिल्वर, पाकिस्तान में कट्‌टरपंथियों ने मंदिर तोड़ा, विवादित टैक्स कानून खत्म करेगी सरकार

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • रवि दहिया टोक्यो ओलंपिक 2020 | दैनिक भास्कर समाचार सुर्खियों में; ओलंपिक में रवि दहिया रजत पदक, पाकिस्तान में मंदिर पर हमला, रेट्रो टैक्स वापस लेने का विधेयक

8 घंटे पहले

नमस्कार,
आज शुक्रवार है, तारीख 6 अगस्त 2021; श्रावण मास, कृष्ण पक्ष और त्रयोदशी तिथि

सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. BJP सांसद राकेश सिन्हा के जनसंख्या नियंत्रण पर लाए प्राइवेट मेंबर बिल पर राज्यसभा में चर्चा हो सकती है।
  2. PoK में कश्‍मीर प्रीमियर लीग की शुरुआत होगी। 16 अगस्‍त तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 6 टीमें हिस्‍सा लेंगी।
  3. दिल्ली में 11वां इलेक्ट्रिक व्हीकल एक्सपो शुरू होगा। फरवरी 2020 के बाद से देश में ये पहला एक्सपो होगा।
  4. किसानों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए विपक्षी सांसद उनके साथ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर सकते हैं।
  5. PM मोदी भारतीय मिशनों के प्रमुखों से बात करेंगे। यह प्रोग्राम ‘लोकल गोज ग्लोबल- मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड’ के तहत होगा।

अब कल की प्रमुख खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी

1. टोक्यो ओलिंपिक के अखाड़े में रवि दहिया ने सिल्वर जीता

ओलिंपिक के 57 किलोग्राम वेट कैटेगरी के फाइनल में पहलवान रवि दहिया 2 बार के वर्ल्ड चैंपियन रूस के जावुर युगुऐव से हार गए। रवि सिल्वर मेडल लेकर भारत लौटेंगे। युगुऐव ने उन्हें 3 पॉइंट से मात दी। प्रधानमंत्री मोदी ने रवि को बधाई देते हुए कहा कि आपकी लड़ने की भावना और दृढ़ता शानदार है। हरियाणा सरकार ने उन्हें 4 करोड़ रुपए और क्लास वन की नौकरी देने का ऐलान किया है।
पढ़िए पूरी खबर..

2. दीपक पूनिया ब्रॉन्ज मेडल चूके, वर्ल्ड नंबर-1 विनेश भी हारीं
भारतीय पहलवान दीपक पूनिया 86 KG वेट कैटेगरी का ब्रॉन्ज मेडल मैच हार गए। सैन मैरिनो के नाजेम मायलेस एमिने ने उन्हें 4-2 से हराया। 5 मिनट 40 सेकेंड तक दीपक 2-1 से आगे थे। इससे पहले देश की दिग्गज रेसलर और वर्ल्ड नंबर-1 विनेश फोगाट को 53 किलोग्राम वेट कैटेगरी के क्वार्टर फाइनल में हार झेलनी पड़ी। पहलवान अंशु मलिक भी ब्रॉन्ज मेडल के मैच में हार गईं।
पढ़िए पूरी खबर..

3. विवादित टैक्स कानून रद्द करने के लिए सरकार बिल लाई
सरकार विवादित रेट्रोस्पेक्टिव टैक्स कानून रद्द करने के लिए बिल लाई है। इसे लोकसभा में पेश किया गया है। इसी कानून की वजह से ब्रिटेन की वोडाफोन और केयर्न एनर्जी जैसी कंपनियों के साथ उसका टैक्स विवाद हुआ था। दोनों कंपनियों ने रेट्रोस्पेक्टिव टैक्स की मांग के खिलाफ विदेशी मध्यस्थता अदालतों में मुकदमा दायर किया था और जीत हासिल की थी।
पढ़िए पूरी खबर..

4. श्रीनगर में आतंकी हमला, भास्कर रिपोर्टर भी फंसे
जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 हटने के 2 साल पूरे गए हैं। इसी दिन श्रीनगर के डाउनटाउन इलाके में जबरदस्त ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट के वक्त दैनिक भास्कर के रिपोर्टर वैभव पलनीटकर वहीं मौजूद थे। उन्होंने बताया कि ब्लास्ट के बाद कई राउंड फायरिंग भी हुई। वे इलाके की जामा मस्जिद के सामने की एक दुकान में फंस गए थे। पुलिस के मुताबिक, इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ।
पढ़िए पूरी खबर..

5. पाकिस्तान में भीड़ ने मंदिर तोड़ा, मूर्तियां खंडित कीं

पाकिस्तान के पंजाब के भोंग शहर में मजहबी उन्मादियों ने गणेश मंदिर को निशाना बनाया। मंदिर में तोड़फोड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें नजर आ रहा है कि कट्टरपंथियों ने मंदिर को बुरी तरह तहस-नहस कर दिया। मूर्तियों को भी खंडित कर दिया। इस हमले के बाद स्थानीय हिंदुओं में गुस्सा है। अब तक इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं की गई है।
पढ़िए पूरी खबर..

6. यूथ कांग्रेस ने किया संसद का घेराव, राहुल भी पहुंचे
पेगासस जासूसी कांड और महंगाई के मुद्दे पर यूथ कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ताओं ने संसद के बाहर प्रदर्शन किया। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछारें कीं। प्रदर्शन में राहुल गांधी भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी रोजगार के मुद्दे पर एक शब्द नहीं बोलते। प्रधानमंत्री ने उन्हें नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने करोड़ों युवाओं की नौकरी छीन ली।
पढ़िए पूरी खबर..

7. 86 साल के पूर्व CM चौटाला का 12वीं का रिजल्ट रुका
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इनेलो पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश चौटाला का 12वीं कक्षा का रिजल्ट रुक गया है। हरियाणा ओपन बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन ने 10वीं में अंग्रेजी या हिंदी की जगह उर्दू से पढ़ाई करने की वजह से उनका रिजल्ट रोका है। चौटाला शिक्षक भर्ती घोटाले में 2013 से 2 जुलाई 2021 तक दिल्ली की तिहाड़ जेल में थे। इसी दौरान उन्होंने पढ़ाई करके 10वीं पास की थी।
पढ़िए पूरी खबर..

8. भारत-इंग्लैंड टेस्ट के दूसरे दिन सिर्फ 33.4 ओवर का खेल
भारत और इंग्लैंड के बीच ट्रेंट ब्रिज टेस्ट के दूसरे दिन बारिश के कारण सिर्फ 33.4 ओवर का खेल हो सका। भारत ने पहली पारी में 4 विकेट खोकर 125 रन बनाए हैं। लोकेश राहुल 57 और ऋषभ पंत 7 रन बनाकर नॉट आउट हैं। भारत अब भी पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड से 58 रन पीछे है। बारिश ने दूसरे दिन का खेल तीन बार रोका। लंच के बाद के खेल में बारिश ने पहली बार बाधा डाली।
पढ़िए पूरी खबर…

कुछ अहम खबरें, सिर्फ हेडलाइन में

  1. पेगासस केस में सुप्रीम कोर्ट ने पिटीशनर्स से कहा- सभी अर्जियों की कॉपी केंद्र सरकार को भेजें; मीडिया रिपोर्ट्स सही हैं तो मामला गंभीर
  2. ममता का केंद्र पर बड़ा आरोप, कहा- यूपी, गुजरात और कर्नाटक के मुकाबले बंगाल में वैक्सीन सप्लाई कम, भेदभाव पर चुप कैसे रहूं
  3. दुनियाभर में कोरोना की वैक्सीन एक्सपोर्ट करेगा चीन, राष्ट्रपति शी जिनपिंग बोले- इस साल 2 अरब डोज सप्लाई करने की कोशिश होगी

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
6 अगस्त 1945 की सुबह जापान में मानवीय इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदी हुई थी। उस दिन सुबह 8 बजे हिरोशिमा शहर के ऊपर अमेरिकी विमानों की गड़गड़ाहट गूंजी थी। इनमें से एक विमान ने 3.5 मीटर लंबा, 4 टन वजनी और 20 हजार TNT के बराबर ऊर्जा वाला बम शहर पर गिरा दिया। इसका नाम था- लिटिल बॉय। जापान को यह सजा मित्र देशों के सामने सरेंडर न करने के लिए मिली थी।

और अब आज का विचार
आप जो कुछ भी हासिल करना चाहते हैं, वह डर के दूसरी तरफ है। -जॉर्ज अडेयर

आपका दिन शुभ हो, कल फिर मिलेंगे…

खबरें और भी हैं…

.

Leave a Reply