मॉर्निंग न्यूज पॉडकास्ट: टीम इंडिया आज ऑपरेशन क्लीन स्वीप के लिए उतरेगी, तो उधर राजस्थान में गहलोत की नई टीम शपथ लेगी

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • रोहित शर्मा अशोक गहलोत | दैनिक भास्कर समाचार सुर्खियों में; 15 राजस्थान नेता राज्य कैबिनेट फेरबदल के हिस्से के रूप में शपथ लेंगे, भारत बनाम न्यूजीलैंड टी 20 तीसरा मैच कोलकाता में

10 घंटे पहले

नमस्कार,
आज रविवार है, तारीख 21 नवंबर; मार्गशीर्ष मास, कृष्ण पक्ष और द्वितीया तिथि

सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. राजस्थान में नए मंत्री शपथ लेंगे, इससे पहले 2 बजे पार्टी ऑफिस में मीटिंग होगी।
  2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ में चल रही DGP कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर सकते हैं।
  3. भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज का तीसरा मैच कोलकाता में खेला जाएगा।
  4. स्टील्थ गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर INS विशाखापट्टनम नौसेना में शामिल होगा।

अब कल की प्रमुख खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी
1. राजस्थान कैबिनेट में सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दिया, नई टीम तैयार
गहलोत कैबिनेट के सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। अब रविवार को नए सिरे से मंत्री बनाए जाएंगे। शाम 4 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। मंत्रियों के विभाग भी कांग्रेस हाईकमान के स्तर पर ही तय होकर आए हैं। इनके बारे में फैसला शपथ ग्रहण समारोह के बाद होगा। सूत्रों के मुताबिक, कुल 15 मंत्री शपथ लेंगे। इनमें 11 कैबिनेट और 4 राज्य मंत्री होंगे।
पढ़ें पूरी खबर…

2. सिद्धू ने इमरान खान को बताया बड़ा भाई, हो गया हंगामा

करतारपुर साहिब की यात्रा पर पाकिस्तान गए नवजोत सिंह सिद्धू की बयानबाजी पर सियासत शुरू हो गई है। सिद्धू ने वहां पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान को अपना बड़ा भाई बता दिया। उन्होंने कहा कि इमरान ने उन्हें बहुत प्यार दिया है। इस पर BJP प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि सिद्धू ने एक बार फिर अपना पाकिस्तान प्रेम दिखाया है। यह कांग्रेस की सोची-समझी साजिश है।
पढ़ें पूरी खबर…

3. राजस्थान के राज्यपाल बोले- जरूरत पड़ी तो दोबारा आएगा कृषि कानून
राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र का कहना है कि समय अनुकूल नहीं है, इसलिए प्रधानमंत्री ने कृषि कानून वापस ले लिए। अगर आगे जरूरत पड़ी, तो इन्हें फिर लाया जाएगा। उन्होंने यूपी के भदोही में यह बात कही। उधर, उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने भी कहा कि बिल तो आते-जाते और बनते-बिगड़ते रहते हैं। फिर बन जाएंगे।
पढ़ें पूरी खबर…

4. BCCI सेक्रेटरी जय शाह का ऐलान- 2022 में सभी मैच भारत में होंगे
2022 में होने वाला IPL टूर्नामेंट भारत में ही खेला जाएगा। BCCI सचिव जय शाह ने इसकी पुष्टि कर दी है। शाह ने एक कार्यक्रम में कहा कि मुझे पता है कि आप सभी चेपॉक में चेन्नई को खेलते हुए देखने के लिए इंतजार कर रहे हैं। वह समय अब बहुत दूर नहीं है। IPL का 15वां सीजन भारत में ही होगा और दो नई टीमों के शामिल होने के साथ यह पहले से कहीं ज्यादा रोमांचक होगा।
पढ़ें पूरी खबर…

5. हाईकोर्ट ने कहा- आर्यन खान के खिलाफ साजिश के सबूत नहीं
क्रूज ड्रग्स केस में 26 दिन हिरासत में रहे आर्यन खान के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के पास कोई सबूत ही नहीं था। शाहरुख के बेटे आर्यन को बॉम्बे हाईकोर्ट से मिली बेल के डिटेल्ड ऑर्डर में इसका खुलासा हुआ है। 14 पेज के इस ऑर्डर में बॉम्बे हाईकोर्ट ने माना है कि आर्यन खान ने दूसरे अभियुक्तों के साथ मिलकर ड्रग लेने के लिए कोई साजिश रची हो, ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं है।
पढ़ें पूरी खबर…

6. चीनी कंपनी ने पेश की 5 मिनट की चार्जिंग में 200 किमी चलने वाली कार

चीन की एक्सपेंग मोटर्स ने एक इलेक्ट्रिक कार पेश की है, जो महज 5 मिनट की चार्जिंग में 200 किमी का सफर तय करेगी। यह एक स्मार्ट SUV कार है। कंपनी पहले इस ईवी का टीजर जारी कर चुकी है। एक्सपेंग मोटर्स ने इस ईवी को ऑटो गुआंगजौ 2021 इवेंट में पेश किया है। इसकी लॉन्चिंग को लेकर कंपनी ने खुलासा नहीं किया है। माना जा रहा है कि यह कार 2022 में लॉन्च की जा सकती है।
​​​​​​​पढ़ें पूरी खबर…

7. इंदौर लगातार 5वीं बार देश का सबसे साफ शहर चुना गया
स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 में मध्यप्रदेश के इंदौर को देश का सबसे साफ शहर चुना गया है। सूरत दूसरे और विजयवाड़ा तीसरे नंबर पर है। इंदौर 2017 से लगातार नंबर-1 पर आ रहा है। सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज में भी यह शहर अव्वल रहा। इसमें 12 करोड़ रुपए का पुरस्कार मिला। राज्यों में छत्तीसगढ़ सबसे साफ माना गया है। मध्यप्रदेश को तीसरा स्थान मिला है।
​​​​​​​पढ़ें पूरी खबर…

कुछ अहम खबरें, सिर्फ हेडलाइन में

  1. कंगना के खिलाफ दिल्ली में देशद्रोह की शिकायत दर्ज, किसानों को बताया था खालिस्तानी आतंकवादी
  2. कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में मरने वाले किसानों के परिवारों को 3-3 लाख रुपए देगी तेलंगाना सरकार
  3. एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स भारत में दे रही नौकरी, देश में जल्द शुरू करेगी सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
​​​​​​​1962 में आज के ही दिन भारत और चीन का युद्ध खत्म हुआ था। इसकी शुरुआत 20 अक्टूबर को हुई थी। एक महीने चले युद्ध में भारत के 11-12 हजार सैनिकों से मुकाबले के लिए चीन ने 80 हजार से ज्यादा सैनिक उतार दिए थे। इस जंग में भारत के 1,383 जवान शहीद हुए, वहीं चीन के 722 सैनिक मारे गए थे। युद्ध की बुनियाद करीब चार महीने पहले हुए एक विवाद से पड़ी। भारत के गोरखा सैनिकों ने 4 जुलाई में घाटी में पहुंचने के लिए एक पोस्ट बनाई थी। उन्होंने समांगलिंग के एक चीनी पोस्ट के कम्युनिकेशन नेटवर्क को काट दिया। इसे चीन ने अपने ऊपर हमला बताया था।

और अब Sunday विचार
मैं दौड़ता हूं ताकि ताजी हवा में सांस ले सकूं, कुछ नया तलाश सकूं। मैं साधारण होने से बचने के लिए दौड़ता हूं। मैं दौड़ता हूं रास्ते में सफर का स्वाद लेने के लिए। इससे जिंदगी थोड़ी और चमकीली, थोड़ी और तेज हो जाती है। मुझे यही पसंद है। – डीन कर्नाजेस, अमेरिकन अल्ट्रामैराथन रनर

आपका दिन शुभ हो, कल फिर मिलेंगे…

खबरें और भी हैं…

.