न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: केजरीवाल जमानत बढ़वाने SC पहुंचे, पोर्श केस- नाबालिग का ब्लड सैंपल बदलने वाले डॉक्टर अरेस्ट; गेम जोन हादसे का VIDEO मिला

  • Hindi News
  • National
  • Arvind Kejriwal Bail Extension; Rajasthan Bhopal Nautapa Heatwave Alert | Pune Porsche Car Case

21 मिनट पहलेलेखक: अभिषेक तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

1. केजरीवाल ने अंतरिम जमानत 7 दिन बढ़ाने के लिए SC में याचिका लगाई; 2 जून को सरेंडर करना है
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अंतरिम जमानत 7 दिन बढ़ाने के लिए सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई है। दिल्ली शराब नीति केस में जेल में बंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट ने 10 मई को अंतरिम जमानत दी थी। उनकी जमानत एक जून को खत्म हो रही है। केजरीवाल को 2 जून को तिहाड़ जेल में सरेंडर करना है।
पढ़ें पूरी खबर…

2. पुणे पोर्श एक्सीडेंट केस- दो डॉक्टर गिरफ्तार: नाबालिग आरोपी के ब्लड सैंपल बदलने का आरोप
पुणे पोर्श एक्सीडेंट केस में दो डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है। इन पर आरोपी के ब्लड सैंपल से हेरफेर का आरोप है। पुलिस ने बताया कि आरोपी नाबालिग का दो बार एल्कोहॉल ब्लड टेस्ट कराया गया था। पहले सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई थी, लेकिन दूसरे टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसमें आरोपी के ब्लड में एल्कोहॉल पाया गया। 18 मई को नाबालिग ने शराब के नशे में कार से बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मार दी थी, दोनों की मौके पर मौत हो गई थी।
पढ़ें पूरी खबर…

3. राजकोट गेम जोन हादसे का वीडियो आया: वेल्डिंग से निकली चिनगारी, 28 की मौत
राजकोट के TRP गेमजोन में 25 मई को हुए हादसे का एक CCTV फुटेज सामने आया है। वीडियो में वेल्डिंग का काम होता दिख रहा है। इसी से चिनगारी निकली और गेम जोन में आग लग गई। हादसे में 12 बच्चों समेत 28 लोग मारे गए थे। 25 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू किया गया था। पुलिस ने गेम जोन के मालिक युवराज सिंह सोलंकी, पार्टनर प्रकाश जैन, राहुल राठौड़ और मैनेजर नितिन जैन को हिरासत में ले लिया है।
पढ़ें पूरी खबर…

4. पश्चिम बंगाल में 135kmph की रफ्तार से रेमल का लैंडफॉल: समुद्र में ऊंची लहरें उठीं
रेमल तूफान रविवार रात पश्चिम बंगाल के तटीय इलाके कैनिंग से टकराया। इस दौरान 135kmph की रफ्तार से हवाएं चलीं। तेज बारिश हुई। कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए, घर ढह गए, बिजली के खंभे भी उखड़ गए। साथ ही सुंदरबन के गोसाबा इलाके में मलबे की चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हुआ। तूफान आने से पहले बंगाल के तटीय इलाकों से करीब 1.10 लाख लोगों को शेल्टर सुरक्षित जगहों पर भेजा गया था।
पढ़ें पूरी खबर…

5. राजस्थान का फलोदी लगातार दूसरे दिन सबसे गर्म; 6 राज्यों में अगले दो दिन हीटवेव चलेगी
आज नौतपा का तीसरा दिन है। राजस्थान का फलोदी लगातार दूसरे दिन सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 51º पहुंच गया। प्रदेश में लू से चार दिन में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 25 हो गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में भीषण हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात में अलग-अलग इलाकों में हीटवेव का यलो अलर्ट है।
पढ़ें पूरी खबर…

6. इजराइल की एयर स्ट्राइक, गाजा में 35 लोगों की मौत: मरने वालों में महिला-बच्चे
गाजा के रिफ्यूजी कैंप पर हुए हवाई हमले में 35 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में ज्यादातर बच्चे और महिलाएं हैं। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा है कि ये हमला इजराइल ने किया है। हमले में दर्जनों लोग घायल भी हुए हैं। इससे पहले हमास ने इजराइल की राजधानी तेल अवीव में बड़ा मिसाइल हमला किया था। जवाब में इजराइल ने राफा से 8 रॉकेट दागे।
पढ़ें पूरी खबर…

7. भगवान जगन्नाथ की यात्रा के लिए रथ निर्माण शुरू: 320 कारीगर हर दिन 14 घंटे काम कर रहे
ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की यात्रा के लिए रथ का काम शुरू हो गया है। 10 मई से 320 कारीगर दिन के 14 घंटे इन रथों को तैयार करने में लगे हुए हैं। रथ बनाने वाले इन कारीगरों को भुई कहा जाता है। अटूट श्रद्धा के चलते 10 जुलाई तक ये कारीगर दिन में केवल एक बार भोजन करेंगे। उनके भोजन में प्याज-लहसुन भी नहीं होगा।
पढ़ें पूरी खबर…

8. यूपी में बच्ची को कुत्तों ने नोंचकर मार डाला: सिर से लेकर पैर तक नोंचा; भाई की भी हालत नाजुक
यूपी के कानपुर में आवारा कुत्तों ने 5 साल की बच्ची को नोंचकर मार डाला। उसके डेढ़ साल के भाई की हालत बेहद गंभीर है। दोनों बच्चे मां के बगल में फुटपाथ पर सो रहे थे, तभी कुत्ते बच्चों को जबड़े में दबाकर ले गए। उन्हें नोंचने लगे। बच्चों की चीख सुनकर मां की आंख खुल गई। बच्चों को किसी तरह से बचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
पढ़ें पूरी खबर…

9. शेयर बाजार लगातार तीसरे कारोबारी दिन ऑल टाइम हाई पर: सेंसेक्स ने 75,679 का स्तर छुआ
शेयर बाजार ने आज नया ऑल टाइम हाई बनाया है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 75,679 का स्तर हुआ। वहीं निफ्टी ने भी 23,043 का ऑल हाई बनाया। इससे पहले 24 मई और 23 मई को भी शेयर बाजार हाईएस्ट लेवल पर था। आज फार्मा शेयर्स में ज्यादा तेजी देखने को मिल रही है। डिविज लैब में करीब 5% और टॉरेंट फार्मा में 5% से ज्यादा की तेजी देखने को मिल रही है। वहीं ग्लेनमार्क में 4.5% से ज्यादा की तेजी है।
पढ़ें पूरी खबर..

10. कोलकाता ने तीसरी बार जीता IPL: हैदराबाद का सबसे कम स्कोर, KKR का फास्टेस्ट रन चेज
KKR ने IPL-2024 का खिताब जीत लिया है। फाइनल में SRH को 8 विकेट से हराया। लगातार 7वें सीजन में क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम ने टाइटल जीता है। वहीं हैदराबाद फाइनल में लोएस्ट स्कोर बनाने वाली टीम बनी है। टीम 113 रन पर ऑलआउट हो गई थी। कोलकाता ने फाइनल का सबसे तेज रन चेज किया। टीम ने 10.3 ओवर में 114 रन का टारगेट चेज किया।
पढ़ें पूरी खबर…