भास्कर LIVE अपडेट्स: आज मोदी से मिलेंगी ममता बनर्जी, त्रिपुरा में TMC कार्यकर्ता की गिरफ्तारी का मुद्दा उठा सकती हैं

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • ब्रेकिंग न्यूज लाइव अपडेट | राजस्थान दिल्ली एमपी उत्तर प्रदेश महाराष्ट्र मुंबई समाचार | कोरोनावायरस वैक्सीन आज नवीनतम

कुछ ही क्षण पहले

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी त्रिपुरा में TMC नेता की गिरफ्तारी के मामले को प्रधानमंत्री के सामने उठाएंगी। उन्होंने सोमवार कहा कि वे आज प्रधानमंत्री से मिलने जा रही हैं। मुलाकात के दौरान वे त्रिपुरा का मामला भी उठाएंगी। वहा सुप्रीम कोर्ट के आदेश भी नहीं माने जा रहे हैं।

त्रिपुरा में TMC नेता सायानी घोष को गिरफ्तार कर लिया गया है। भाजपा ने उन पर शनिवार रात को मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देब की नुक्कड़ सभा में बाधा खड़ी करने का आरोप लगाया है। BJP कार्यकर्ताओं ने सयानी पर कार्यकर्ता की हत्या और हमला करने का आरोप भी लगाया है। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

विवादित बयान के बाद वीर दास की सफाई, बोले- 10 साल देश को हंसाया, भारत को लव लेटर लिखता रहूंगा

विवादित बयान देकर सुर्खियों में आए कॉमेडियन वीर दास का बयान आया है। उन्होंने सोमवार को कहा कि मैंने 10 साल तक देश को हंसाया। मैं देश को लव लेटर लिखना जारी रखूंगा। वे 2021 के एमी अवार्ड्स कार्यक्रम के लिए न्यूयॉर्क गए हुए हैं। उन्हें नेटफ्लिक्स पर आने वाले उनके कॉमेडी सेक्शन वीर दास के लिए नॉमिनेट किया गया था।

वीर दास तब विवादों में आ गए थे, जब उन्होंने वॉशिंगटन डीसी के ‘जॉन एफ कैनेडी सेंटर फॉर द परफॉर्मिंग आर्ट्स’ में अपनी परफॉर्मेंस का वीडियो यूट्यूब चैनल पर शेयर किया था। छह मिनट के इस वीडियो में वीर ने अमेरिकी लोगों के सामने भारतीयों के कथित दोहरे चरित्र के बारे में जिक्र किया था। उन्होंने यह भी कहा था कि मैं उस भारत से आता हूं, जहां हम दिन में औरतों की पूजा करते हैं और रात में गैंगरेप करते हैं।

मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह CBI के सामने पेश होने को तैयार

मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह CBI के सामने पेश होने के लिए तैयार हैं। उन्होंने SC को बताया कि वह 48 घंटे में सीबीआई के सामने पेश हो जाएंगे। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें गिरफ्तारी से राहत दी है। साथ ही उन्हें जांच में शामिल होने का निर्देश दिया है। पूर्व पुलिस कमिश्नर के वकील ने कोर्ट को बताया कि परमबीर सिंह देश छोड़कर कहीं नहीं भागे हैं। वह फरार नहीं हुए हैं, बल्कि देश में ही हैं। वह सामने इसलिए नहीं आ रहे, क्योंकि मुंबई पुलिस से उनकी जान का खतरा है।

TMC सांसदों का गृह मंत्रालय के बाहर विरोध प्रदर्शन

TMC सांसदों ने सोमवार को नई दिल्ली में गृह मंत्रालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन त्रिपुरा में कथित पुलिस बर्बरता को लेकर है। ये लोग केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने का समय मांग रहे हैं। मौके पर CISF और दिल्ली पुलिस के जवान मौजूद रहे। TMC सांसद सुखेंदु शेखर रॉय ने कहा कि त्रिपुरा सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए। त्रिपुरा में गुंडाराज कायम है। गृह मंत्री से हम मिलना चाहते थे, लेकिन उन्होंने हमें समय नहीं दिया है। TMC की युवा नेता पर झूठा केस दर्ज किया गया है।

सबसे बड़ा IPO सुपर फ्लॉप, दो दिनों में पेटीएम का शेयर 39% टूटा

सबसे बड़े IPO पेटीएम की सबसे खराब हालत है। लिस्टिंग के दूसरे दिन भी इसके शेयर की कीमतों में गिरावट जारी रही। पहले दिन 27% टूटने के बाद सोमवार को 16% टूट गया। यानी दो दिनों में यह शेयर अपने इश्यू प्राइस की तुलना में 39% टूट गया है। फिलहाल यह शेयर 1,283 रुपए पर कारोबार कर रहा है। इसका मार्केट कैप 82 हजार करोड़ रुपए हो गया है। यानी यह अगर अपने IPO के प्राइस पर लिस्ट होता तब इसका मार्केट कैप 1.48 लाख करोड़ रुपए होता। हालांकि इसका मार्केट कैप गुरुवार को 1.27 लाख करोड़ रुपए तक गया था। तब से देखें तो अब तक दो दिनों में इसमें 42 हजार करोड़ रुपए की कमी आई है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

सेंसेक्स में 1129 पॉइंट्स गिरा; 58,506 पर पहुंचा
हफ्ते के पहले दिन आज शेयर बाजार में बड़ी गिरावट है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,129 पॉइंट्स टूटकर 58,506 पर पहुंच गया है। 2 घंटे में मार्केट कैप 7.88 लाख करोड़ रुपए घटा है। यानी हर मिनट 6,500 करोड़ रुपए की गिरावट आई है।

आज सेंसेक्स 68 पॉइंट्स ऊपर 59,778 पर खुला था। लेकिन कुछ ही मिनट्स में यह 500 अंक से ज्यादा टूट गया था। BSE का मार्केट कैप 261.20 लाख करोड़ रुपए रह गया है। गुरुवार को यह 269.20 लाख करोड़ रुपए था। पेटीएम का शेयर आज 16% टूटकर 1,291 रुपए पर पहुंच गया है। मार्केट कैप 85 हजार करोड़ रुपए हो गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

आर्यन की जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जा सकती है NCB

क्रूज ड्रग्स केस में बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान के आर्यन खान की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) आर्यन की जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने पर विचार कर रही है। NCB अधिकारियों ने बताया कि बॉम्बे हाईकोर्ट के जमानत आदेश की जांच के बाद कानूनी राय ली जा रही है।

मालूम हो कि आर्यन को ड्रग्स मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट से बेल मिली थी। अदालत ने अपने फैसले में कहा था कि आर्यन खान के खिलाफ ड्रग्स को लेकर कोई सबूत नहीं मिला है। कोर्ट ने कहा कि सिर्फ इसलिए कि आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा एक ही क्रूज में यात्रा कर रहे थे, यह अपने आप में उन पर साजिश रचने के आरोप का आधार नहीं हो सकता है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

जस्टिन बीबर से पत्रकार जमाल खशोगी की मंगेतर की अपील, बोलीं- हत्यारों के लिए मत गाओ

पॉप स्टार जस्टिन बीबर को अगले महीने सऊदी अरब में अपनी परफार्मेंस देने जा रहे हैं। लेकिन इस समारोह में परफार्म न करने के लिए लोगों की अपील बढ़ती ही जा रही हैं। इनमें से एक आग्रह दिवंगत पत्रकार और सऊदी अरब के आलोचक रहे जमाल खशोगी की मंगेतर ने किया गया है। दरअसल जमाल को मार दिया गया था, जिसका आरोप सउदी अरब पर है, इसी के चलते खशोगी की मंगेतर हेटिस केंगिज ने अपील करते हुए एक खुला पत्र भी लिखा है। बता दें, जस्टिन 5 दिसंबर को सऊदी अरब के जेद्दाह शहर में फॉर्मूला वन रेस में परफॉर्मेंस देंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें…

राहुल का ट्वीट- कौन है जो जन का धन ‘खाता’ जा रहा है?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर जनधन योजना को लेकर तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि कौन है जो जन का धन ‘खाता’ जा रहा है? दरअसल, राहुल ने ट्विटर पर एक खबर का स्क्रीन शॉट शेयर किया। इसके अनुसार, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने गरीबों के जन धन खाता धारकों के अकाउंट से 164 करोड़ रुपए वसूले थे, लेकिन ये उनको अब तक नहीं लौटाए गए।

अफगानिस्तान में नई धार्मिक गाइडलाइन जारी
अफगानिस्तान में तालिबानी अधिकारियों ने नई धार्मिक गाइडलाइन जारी की है। इसमें देश के टेलीविजन चैनलों से ऐसे ड्रामा और सोप ओपेरा दिखाना बंद करने को कहा गया है, जिनमें महिला एक्टर्स हैं। साथ ही महिला टेलीविजन पत्रकारों को रिपोर्टिंग के दौरान इस्लामिक हिजाब पहनने का निर्देश दिया गया है।

चैनलों से उन फिल्मों या कार्यक्रमों को प्रसारित नहीं करने के लिए कहा गया है, जिनमें पैगंबर मोहम्मद से जुड़ा कुछ दिखाया गया हो। इसके अलावा उन फिल्मों या कार्यक्रमों पर रोक लगाने की अपील की गई है, जो इस्लामी और अफगान मूल्यों के खिलाफ हैं। मंत्रालय के प्रवक्ता हकीफ मोहजिर ने बताया है कि ये नियम नहीं बल्कि धार्मिक दिशानिर्देश हैं।

तेलंगाना के एक सरकारी स्कूल की 288 छात्राएं संक्रमित मिलीं
कोरोना वायरस एक बार फिर से कहर मचा रहा है। तेलंगाना के खम्मम जिले के सरकारी रेजीडेंशियल स्कूल की 288 छात्राएं कोविड पॉजिटिव मिली हैं। इस स्कूल में कुल 575 स्टूडेंट्स हैं। तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री टी हरीश राव ने इस मामले को लेकर जिला स्वास्थ्य अधिकारियों से बातचीत की है। उन्होंने अधिकारियों से संक्रमित बच्चियों को बेहतर चिकित्सा मुहैया कराने की अपील की है। मालूम हो कि रविवार को राज्य में 103 कोविड मामले दर्ज किए गए।

कर्नाटक में भारी बारिश से तबाही; 24 लोगों की मौत, 658 घर गिरे

कर्नाटक में भारी बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में 24 लोगों की मौत हो गई है। 658 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि 8,495 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए। 5 हेक्टेयर से ज्यादा जमीन पर फसल बर्बाद हुई है। साथ ही 191 पशुओं के भी मरने की खबर है।

ऑस्ट्रेलिया में 1 दिसंबर से फुली वैक्सीनेटेड लोगों की एंट्री
ऑस्ट्रेलिया इंटरनेशनल ट्रावेल दोबारा शुरू करने की तैयारी में है। 1 दिसंबर से फुली वैक्सीनेटेड वीजा होल्डर्स यात्रा छूट के लिए अप्लाई किए बिना ऑस्ट्रेलिया आ सकते हैं। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने सोमवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि हम अगले महीने की शुरुआत से जापान और दक्षिण कोरिया के भी वैक्सीनेटेड लोगों का स्वागत करेंगे। ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े शहरों सिडनी और मेलबर्न ने 1 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए अपनी सीमाएं खोल दी हैं। हालांकि, एंट्री नियमों में ढील से केवल लौटने वाले नागरिकों और स्थायी निवासियों को ही लाभ हुआ।

एयरटेल ने प्रीपेड प्लान्स पर टैरिफ दरों में 25% का इजाफा किया

एयरटेल ने अपने प्रीपेड प्लान्स पर टैरिफ दरों में 25% की बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। नई टैरिफ दरें 26 नवंबर से लागू होंगी। इससे पहले कंपनी ने जुलाई में पोस्टपेड प्लान की कीमत में भी इजाफा किया था। इसके बाद से एयरटेल के 28 दिन वाले प्रीपेड प्लान जिसकी कीमत अभी 79 रुपए है वो 99 रुपए का हो जाएगा। आपको 149 रुपये की 179 रुपये खर्च करने होंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें…

लखनऊ में आज किसानों की महापंचायत
लखनऊ में सोमवार यानी आज किसानों की महापंचायत होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से तीनों नए कृषि कानूनों को वापस लिए जाने के ऐलान के बाद यह पहली महापंचायत है। लखनऊ के इको गार्डन में यह महापंचायत 10 बजे से शुरू होगी। संयुक्त किसान मोर्चा का दावा है कि महापंचायत में एक लाख से ज्यादा लोग पहुंच सकते हैं।

मोर्चा से जुड़े नेताओं की दलील है कि आंदोलन को खत्म करने पर संसद के शीतकालीन सत्र में बिल रद्द होने का इंतजार करेंगे। हालांकि इस दौरान MSP लागू करने, गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के इस्तीफे और गिरफ्तारी मांग कर रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत रविवार रात ही लखनऊ पहुंच गए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें..

पठानकोट में आर्मी कैंप के गेट पर ग्रेनेड ब्लास्ट, बाइक पर सवार होकर आया था संदिग्ध

पंजाब के पठानकोट जिले में आर्मी कैंप में ग्रेनेड से हमला किया गया है। ग्रेनेड कैंप के त्रिवेणी गेट पर फेंका गया। हालांकि हमले में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पठानकोट में हाईअलर्ट है। चप्पा-चप्पा खंगाला जा रहा है। वहीं पूरे पंजाब में अलर्ट जारी कर दिया है। अमृतसर, जालंधर, बठिंडा, गुरदासपुर और अन्य सभी शहरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नाकों पर पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है।

न्यूज एजेंसी के मुताबिक आर्मी कैंप के गेट से एक बारात निकल रही थी, उसी समय मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक युवक गुजरा। इसी बाइक सवार पर ग्रेनेड फेंकने का शक है। पठानकोट के SSP सुरेंद्र लांबा ने बताया कि मामले की जांच जारी है, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पठानकोट के सभी चेकपोस्ट पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। ब्लास्ट के बाद ग्रेनेड का हिस्सा बरामद कर लिया गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

खबरें और भी हैं…

.