भारत ग्लोबल हंगर इंडेक्स में पाकिस्तान-बांग्लादेश से पीछे: दुनिया के 125 देशों में 111वां स्थान मिला; केंद्र सरकार ने रिपोर्ट को गलत बताया

नई दिल्लीकुछ ही क्षण पहले

  • कॉपी लिंक

ग्लोबल हंगर इंडेक्स 2023 की लिस्ट में दुनियाभर के 125 देशों में भारत को 111वां स्थान मिला है। इस मामले में भारत के पड़ोसी देशों की स्थिति बेहतर है। ग्लोबल हंगर इंडेक्स की लिस्ट में पाकिस्तान की रैंकिंग 102, बांग्लादेश की 81, नेपाल की 69 और श्रीलंका की 60 है।

इस लिस्ट में भारत की रैंकिग लगातार तीसरी बार फिसली है। ग्लोबल हंगर इंडेक्स के प्रकाशकों ने 28.7 स्कोर के साथ भारत में भुखमरी की स्थिति को गंभीर बताया है। इससे पहले 2022 में 121 देशों की लिस्ट में भारत 107 नंबर पर था। 2021 में भारत को 101वां रैंक मिला था​।

हालांकि, भारत सरकार ने इस रिपोर्ट को गलत बताकर खारिज कर दिया है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने कहा कि ग्लोबल हंगर इंडेक्स भारत की वास्तविक स्थिति को नहीं दर्शाता है। भारत ने आरोप लगाया कि यह देश की छवि खराब करने का प्रयास है।

इस रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में बच्चों की कमजोरी की दर 18.7 प्रतिशत दुनिया में सबसे ज्यादा है। यह अति कुपोषण को दर्शाती है। वहीं, भारत में अल्पपोषण की दर 16.6 प्रतिशत और पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों की मृत्यु दर 3.1 प्रतिशत है। इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 15 से 24 वर्ष उम्र की महिलाओं में एनीमिया 58.1 प्रतिशत है।

पिछले साल की रिपोर्ट पर सरकार ने उठाए थे सवाल
ग्लोबल हंगर इंडेक्स 2022 की रिपोर्ट को लेकर भारत सरकार ने कहा था कि गलत जानकारी देना ग्लोबल हंगर इंडेक्स का हॉलमार्क लगता है। भारत को ऐसे देश के रूप में दिखाया जा रहा है जो अपनी आबादी के लिए फूड सिक्योरिटी और पोषण की जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रहा है।

यह इंडेक्स भुखमरी को गलत तरीके से मापता है। इसमें जो मेथड इस्तेमाल किया जाता है वह भी गंभीर रूप से गलत है। इस इंडेक्स के चार में से तीन इंडिकेटर बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े हैं और पूरी आबादी का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं।

ग्लोबल हंगर इंडेक्स क्या होता है?
ग्लोबल हंगर इंडेक्स (GHI) बताता है कि किसी भी देश में भुखमरी की स्थिति क्या है। इस लिस्ट को हर साल कंसर्न वर्ल्डवाइड और वर्ल्ड हंगर हेल्प (जर्मनी में Welthungerhilfe) नामक यूरोपीयन NGO तैयार करते हैं। दुनियाभर के अलग-अलग देशों में 4 पैमानों का आंकलन करने के बाद इंडेक्स को तैयार किया जाता है।

खबरें और भी हैं…