गौरवान्वित समय: सोनीपत के पहली बार छह खिलाड़ी राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए नामित, मेजर ध्यान चंद खेल रत्न अवॉर्ड और अर्जुन अवॉर्ड के लिए तीन-तीन खिलाड़ी हुए नामित

  • हिंदी समाचार
  • स्थानीय
  • हरियाणा
  • Rohtak
  • पहली बार सोनीपत के छह खिलाड़ी राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए नामांकित, तीन खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार और अर्जुन पुरस्कार के लिए नामांकित

रोहतक8 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सोनीपत के इन छह अंर्तराष्ट्रीय खिलाड़ियों का नाम राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए हुआ है नामित।

देश-विदेश में खेल प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हरियाणा के खिलाड़ियों ने एक बार फिर सीना चौड़ा कर दिया है। राज्य के अकेले सोनीपत जिले से छह खिलाड़ी राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए नामित हुए है। यह सोनीपत जिले के लिए भी पहला मौका है। तीन खिलाड़ी को सर्वोच्च पुरस्कार मेजर ध्यान चंद अवॉर्ड और तीन खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है। जिले में एक साथ छह खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए नामित किए जाने से खेल प्रेमियों में भी खुशी का माहौल है। खेल मंत्रालय द्वारा हर साल 29 अगस्त को देश के राष्ट्रपति द्वारा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया जाता है। इस साल इसमें केंद्र सरकार की तरफ से टोक्यो ओलंपिक व पैरालंपिक में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को भी शामिल करने के चलते देरी की गई। पैरालंपिक खेलों का आयोजन इस साल 24 अगस्त से 5 सितंबर तक टोक्यो में हुआ।

म्हारे छह खिलाड़ी इन खेलों के हैं सूरमा
खेल मंत्रालय द्वारा जारी की गई लिस्ट में टोक्यो ओलंपिक में कुश्ती में रजत पदक जीतने वाले नाहरी निवासी पहलवान रवि दहिया, पैरालंपिक में एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले खेवड़ा निवासी सुमित आंतिल व पैरालंपिक के निशानेबाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले गांव कथूरा, गोहाना के मनीष नरवाल को खेल के सर्वोच्च अवॉर्ड मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है। वहीं हॉकी में देश को कांस्य पदक दिलाने वाली भारतीय टीम के खिलाड़ी गांव कुराड़ निवासी सुमित कुमार, महिला हॉकी खिलाड़ी मोनिका मलिक व कबड्डी खिलाड़ी गांव कथूरा निवासी संदीप नरवाल को अर्जुन अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है।

राष्ट्रीय खेल अवॉर्ड के लिए ये खिलाड़ी नामित
खिलाड़ी खेल पुरस्कार
रवि दहिया कुश्ती मेजर ध्यान चंद खेल रत्न अवॉर्ड
सुमित आंतिल एथलेटिक्स मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड
मनीष नरवाल निशानेबाज मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड
सुमित कुमार हॉकी अर्जुन अवॉर्ड
मोनिका मलिक हॉकी अर्जुन अवॉर्ड
संदीप नरवाल कबड्डी अर्जुन अवॉर्ड

यह बोले खिलाड़ियों के परिजन

निशानेबाज मनीष नरवाल के पिता दिलबाग सिंह नरवाल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मनीष का मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड के लिए नामित होना गर्व की बात है। देश का नाम रोशन करने पर मनीष को कुछ ही दिनों में इस तरह से प्रोत्साहित करना सरकार का सराहनीय कदम है। इसके लिए मैं पीएम नरेंद्र मोदी का भी आभार व्यक्त करता हूं। चूंकि पीएम ने खेल के प्रति हर बच्चे को प्रोत्साहित किया और जीतने पर उन्हें खुद बधाई देकर हौसला बढ़ाया। अब मनीष को खेल रत्न अवॉर्ड से अलंकृत करना मेरे लिए सबसे बड़ा खुशी का पल है।

एथलेटिक्स सुमित आंतिल की मां निर्मला देवी ने कहा कि पैरालंपिक में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर सुमित ने मेरा जीवन सफल कर दिया है। खेल मंत्रालय द्वारा सुमित को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड के लिए नामित किया जाना हम सभी के लिए गर्व की बात है। सुमित अभी मुंबई में हैं और जल्द वहां से वापसी करेगा। लाडले को अवॉर्ड के लिए चयनित होने पर सभी को बेहद खुशी है।

हॉकी खिलाड़ी मोनिका के पिता तकदीर मलिक ने कहा कि अर्जुन अवॉर्ड के लिए मोनिका का चयनित होना हमारे लिए गर्व की बात है। मोनिका ने हमेशा से ही ना केवल उनका, बल्कि क्षेत्र, प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। उसकी मेहनत का सरकार ने अच्छा फल दिया है, जिसके लिए हम सरकार का आभार व्यक्त करते हैं।

हॉकी खिलाड़ी सुमित कुमार ने कहा कि वे इन दिनों बैंगलुरू कैंप में हैं। बुधवार को दोस्तों के लगातार कई फोन आए। उनसे बातचीत के दौरान पता लगा कि मेरा नाम राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए नामित हुआ है। मैं बहुत खुश हूं। पुरस्कार मिल जाने से मुझे खेल के लिए और ज्यादा हौंसला और प्रेरणा मिलेगी। अभी मेरी परिजनों से इस बारे में कोई बात नहीं हुई है।

खबरें और भी हैं…

.