UP-पंजाब-हरियाणा में कोल्ड वेव का अलर्ट: MP-राजस्थान में तापमान 3-5º पहुंचा; 12 राज्यों में कोहरा, दिल्ली में फ्लाइट्स लेट

नई दिल्ली38 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

जम्मू-कश्मीर की गुरेज घाटी में आज सुबह हल्की बर्फबारी हुई। उत्तर और मध्य भारत के ज्यादातर हिस्सों में सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है।

उत्तर भारत के राज्यों में कड़ाके की सर्दी का असर लगातार बना हुआ है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में आज कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश के कानपुर में कल (25 जनवरी को) तापमान 3º सेल्सियस दर्ज किया गया। आज भी यहां सर्दी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं है।

उधर, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी ठंड उत्तर भारत के राज्यों की तरह ही बनी हुई है। इन राज्यों के कुछ जिलों में तापमान 3-6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जो सामान्य से 2-4 डिग्री कम है। MP के खजुराहो में 3.4 डिग्री और राजस्थान के टोंक में 6 डिग्री तक तापमान पहुंचने से यहां ठिठुरन बढ़ी। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों में यहां तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई है।

उधर, कोहरे की स्थिति भी उत्तर भारत और मध्य भारत के राज्यों में जस की तस बनी हुई है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा में विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई है। दिल्ली में कई फ्लाइट्स लेट हुईं, जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा।

जम्मू-कश्मीर के शोपियां में शुक्रवार को इस बर्फबारी हुई।

जम्मू-कश्मीर के शोपियां में शुक्रवार को इस बर्फबारी हुई।

आगे कैसा रहेगा मौसम

  • प्राइवेट वेदर एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक उत्तर भारत के राज्यों के न्यूनतम तापमान में बदलाव की कोई संभावना नहीं है। इसका मतलब इन राज्यों में ठंड की स्थिति बरकरार रहेगी। हालांकि, 3 दिन के बाद राज्यों में 2-3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।
  • अगले 24 घंटे के दौरान पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में सीवियर कोल्ड और मध्य प्रदेश में कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है।
  • पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा।

अब तस्वीरों के जरिए जानिए राज्यों में मौसम का हाल…

मध्य प्रदेश: सर्द हवाओं से बढ़ी ठिठुरन, जनवरी के आखिरी में फिर कड़ाके की सर्दी

उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं से पूरा मध्यप्रदेश ठिठुर गया है। ग्वालियर-छतरपुर जिलों में असर ज्यादा है। इन जिलों में सर्द हवाएं सीधे आती हैं। खंडवा-खरगोन में भी लोग कांप रहे हैं। यहां कोल्ड-डे (ठंडा दिन) की स्थिति बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले अगले 24 घंटे में मौसम बदलने का अनुमान जताया है। पूरी खबर पढ़ें…

बिहार: कई जिलों में कोहरे और कोल्ड-डे का अलर्ट, पटना में तीन दिन बाद निकली धूप

सर्द पछुआ हवा की वजह से पूरा बिहार कांप रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में कोल्ड डे और घने स्तर के कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने 17 जिलों के लिए ऑरेंज और 21 में यलो अलर्ट जारी किया है। सूबे में पिछले कई दिनों से शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। पूरी खबर पढ़ें…

उत्तर प्रदेश: कानपुर प्रदेश में सबसे ठंडा, पारा 3.5°C, प्रदेश के 75 जिलों में कोहरे का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड से अभी राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। गणतंत्र दिवस पर यानी शुक्रवार को भी प्रदेश के अलग-अलग शहरों में घना कोहरा छाया है। लखनऊ, कानपुर में विजिलिबिटी 100 मीटर रही। मौसम विभाग ने यूपी के 40 जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट और 35 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें…

हरियाणा: 6 जिलों में कोहरा और कोल्ड डे का अलर्ट, राज्य में फरवरी से बारिश के आसार

हरियाणा में मौसम में लगातार परिवर्तन हो रहा है। मौसम विभाग ने इसको देखते हुए 26 जनवरी यानी आज भी छह जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विशेषज्ञों की ओर से अगले 3 दिन तक घना कोहरा छाने की संभावना व्यक्त की है। 24 घंटे के आंकड़ों के अनुसार सिरसा की रात प्रदेश में सबसे ठंडी रही। पूरी खबर पढ़ें…

पंजाब: कोल्ड-डे का रेड अलर्ट जारी, अधिकतर शहरों का तापमान 9 से 11 डिग्री के बीच

पंजाब के 5 जिलों में मौसम ज्यादा खराब रहेगा। अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर और लुधियाना में रेड अलर्ट है। बाकी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी और एक मात्र रूपनगर में येलो अलर्ट है। सुबह के समय पंजाब में धुंध रहेगी। अधिकतर शहरों का तापमान 9 से 11 डिग्री के बीच या इसके आसपास रह सकता है। पूरी खबर पढ़ें…

मौसम विभाग की एडवाइजरी- ड्राइविंग में सावधानी रखें

  • ट्रैफिक – कोहरा होने पर गाड़ी चलाते समय या किसी ट्रांसपोर्ट के जरिए ट्रैवल करते समय सावधानी रखें। ड्राइविंग धीरे करें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। ट्रैवल शेड्यूल के लिए एयरलाइंस, रेलवे और स्टेट ट्रांसपोर्ट के संपर्क में रहें। एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले उड़ानों की स्थिति चेक कर लें।
  • हेल्थ – जब तक इमरजेंसी न हो, तब तक बाहर निकलने से बचें और चेहरे को ढंक कर रखें। अस्थमा, ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोग लंबे समय तक घने कोहरे में रहने से बचें। इससे सांस से जुड़ी परेशानी बढ़ सकती है।

खबरें और भी हैं…