Mayank Agarwal: फ्लाइट में बिगड़ी कर्नाटक के कप्तान मयंक अग्रवाल की तबीयत, अगरतला के अस्पताल में हुए भर्ती


मयंक अग्रवाल
– फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार


भारतीय बल्लेबाज मयंक अग्रवाल की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें त्रिपुरा की राजधानी अगरतला के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूरत की यात्रा के समय मयंक बीमार पड़ गए। उन्होंने मुंह और गले में जलन की शिकायत की थी। इसके बाद उन्हें अगरतला के अस्पताल में भर्ती किया गया। वहां आईसीयू में उनका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल 32 साल का यह ओपनर बल्लेबाज खतरे से बाहर है।

समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया, क्रिकेटर मयंक अग्रवाल को उल्टी और बेचैनी महसूस होने के कारण आराम दिया गया है। वह निगरानी में हैं और त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारी अस्पताल में हैं। वह रणजी ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ अगला मैच नहीं खेलेंगे। बाकी टीम आज रात राजकोट पहुंचेगी।

बोतलबंद पानी पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

माना जा रहा है कि मयंक की तबीयत बोतलबंद पानी पीने के तुरंत बिगड़ी। उन्होंने मुंह और गले जलन की शिकायत की। इसके बाद उन्हें तुरंत ही विमान से उतार दिया गया। उनके साथ टीम के मैनेजर रमेश भी ऊतर गए। इस बात का संदेह है कि बोतलबंद पानी में कुछ मिलावटी पदार्थ था।

रणजी में कर्नाटक के कप्तान हैं मयंक अग्रवाल

मयंक मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीजन में कर्नाटक की कप्तानी कर रहे हैं। उनकी टीम ने पहले मैच में पंजाब को सात विकेट से हराया था। उसके बाद गुजरात के खिलाफ रोमांचक मैच में छह रन से हार मिली थी। गोवा से मुकाबला ड्रॉ पर छूटा था। वहीं, त्रिपुरा को 29 रन से हराया। अब अगला मुकाबला दो फरवरी से सूरत में रेलवे के खिलाफ होगा।

इस सीजन में मयंक ने खेले चार मैच

मयंक अग्रवाल ने कर्नाटक के लिए रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में चार मैच खेले हैं। पंजाब के खिलाफ वह दोनों पारियों में शून्य पर आउट हो गए थे। गुजरात के खिलाफ पहली पारी में 109 और दूसरी पारी में 19 रन बनाए थे। गोवा के खिलाफ उन्होंने एक ही पारी में बल्लेबाजी की और 114 रन बनाए थे। त्रिपुरा के खिलाफ मयंक ने 51 और 17 रन का स्कोर किया था।