ISIS नेटवर्क केस में 4 राज्यों में NIA की रेड: कर्नाटक, झारखंड, महाराष्ट्र और दिल्ली में 19 लोकेशन पर की छापेमारी

  • Hindi News
  • National
  • ISIS Network Case NIA Raid Update; Delhi | Karnataka, Jharkhand, Maharashtra

नई दिल्ली2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

एंटी-टेरर एजेंसी NIA ने आज सुबह चार राज्यों की 19 लोकेशन पर छापेमारी की। ये रेड ISIS नेटवर्क केस के तहत की गई। इन 19 लोकेशन में कर्नाटक की 11, झारखंड की 4, महाराष्ट्र की 3 और दिल्ली की एक लोकेशन शामिल है।

बीते हफ्ते NIA ने महाराष्ट्र की 43 लोकेशन पर रेड डालकर 15 लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किया गया एक आरोपी ISIS मॉड्यूल का लीडर था और इस मॉड्यूल में नए लोगों को भर्ती करने का काम करता था। उसका नाम साकिब नचान बताया जा रहा है।

इस रेड के दौरान NIA ने बड़ी मात्रा में कैश, हथियार, नुकीले औजार, संवेदनशील डॉक्युमेंट्स और कई डिजिटल डिवाइस मिले थे। NIA अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार किया गया आरोपी विदेशी हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहा था और देश में कई आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा था।

NIA ने ISIS से जुड़े एक नेटवर्क को ढूंढ निकाला है, जो भारत में ISIS की विचारधारा को फैलाने की कोशिश कर रहे थे।

NIA ने ISIS से जुड़े एक नेटवर्क को ढूंढ निकाला है, जो भारत में ISIS की विचारधारा को फैलाने की कोशिश कर रहे थे।

9 दिसंबर NIA ने ISIS से जुड़े नेटवर्क को ढूंढा था
नेशनल इंटेलिजेंस एजेंसी (NIA) ने 9 दिसंबर को महाराष्ट्र के 43 और कर्नाटक के एक ठिकाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा ठाणे रूरल में 31 जगहों, पुणे में दो, ठाणे सिटी में 9, भायंदर में एक जगह पर रेड की।

जांच एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, NIA ने ISIS से जुड़े एक नेटवर्क को ढूंढ निकाला था, जो भारत में ISIS की विचारधारा को फैलाने की कोशिश कर रहे थे। इस पूरे नेटवर्क को विदेश में बैठे हैंडलर्स चला रहे थे।

इन लोगों ने ठाणे के पड्घा गांव को फ्री जोन घोषित करके अल शाम का नाम दिया था। ये अरबी का शब्द है, जिसे ‘अल दौलतुल इस्लामिया फिल इराक वल शाम’ के शॉर्ट फॉर्म के रूप में इस्तेमाल करते हैं। इसे ग्रेटर सीरिया के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

ISIS मॉड्यूल केस में पुणे से पकड़े गए थे 7 आरोपी
ISIS मॉड्यूल केस में NIA ने पुणे में पहले भी कार्रवाई की थी। यहां से सात लोगों को पकड़ा गया था। 6 नवंबर को इन 7 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी। 12 नवंबर को खुलासा हुआ था कि सातों आरोपी काफी पढ़े-लिखे थे।

ये लोग नामी कंपनियों में काम करते थे और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बनाने के लिए कोडवर्ड में बात करते थे। NIA ने कोर्ट में 4 हजार पेज की चार्जशीट दायर की है।

इसके अलावा आरोपी IED बनाने के लिए आसानी से मिलने वाली चीजें जैसे वाशिंग मशीन टाइमर, थर्मामीटर, स्पीकर वायर, 12 वॉट का बल्ब, 9 वॉट की बैटरी, फिल्टर पेपर, माचिस की तीलियां और बेकिंग सोडा का भी इस्तेमाल करते थे।

आरोपियों ने आतंकी हमलों को अंजाम देने के लिए महाराष्ट्र, गोवा, केरल और कर्नाटक में रेकी की थी। उन्होंने फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के लिए एक ड्रोन का भी इस्तेमाल किया, जिसे एजेंसी ने जब्त कर लिया है।

क्या है पुणे ISIS मॉड्यूल केस?
इस साल 18 जुलाई को पुणे में टू-व्हीलर चुराने के मामले में पुणे पुलिस ने शाहनवाज और मध्यप्रदेश के दो लोगों- मोहम्मद इमरान खान और मोहम्मद साकी को गिरफ्तार किया था। जब पुलिस पूछताछ के लिए उन्हें उनके ठिकाने पर ले जा रही थी तो शाहनवाज पुलिस की गाड़ी से कूदकर फरार हो गया।

मोहम्मद इमरान खान और मोहम्मद साकी से पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों सुफा टेररिस्ट गैंग का हिस्सा हैं। अप्रैल 2022 में राजस्थान में एक कार में विस्फोटक मिलने के मामले में वहां की पुलिस उन्हें ढूंढ रही है।

तब पुलिस ने इस मामले को पुणे ISIS मॉड्यूल केस नाम दिया। इस केस में पुलिस ने तीन और आतंकियों को मोस्ट वांटेड लिस्ट में रखा था। इनके नाम हैं- पुणे का तल्हा लियाकत खान, दिल्ली के रिजवान अब्दुल हाजी अली और अब्दुल्ला फैयाज शेख।

शाहनवाज पुणे पुलिस की कस्टडी से फरार हो गया था और फिलहाल दिल्ली में रह रहा था। उसके ऊपर 3 लाख रुपए का इनाम था।

शाहनवाज पुणे पुलिस की कस्टडी से फरार हो गया था और फिलहाल दिल्ली में रह रहा था। उसके ऊपर 3 लाख रुपए का इनाम था।

इस केस का मास्टरमाइंड और फाइनेंसर IT इंजीनियर
NIA का कहना है कि इमरान, यूनुस और शाहनवाज के लिंक पुणे की IT फर्म में काम करने वाले इंजीनियर जुल्फिकार अली बोर्डवाला से हैं। जुल्फिकार को ISIS से जुड़े एक केस में 3 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। वो मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद है।

NIA के एक अधिकारी ने भास्कर को बताया कि जुल्फिकार ही इस केस का मास्टरमाइंड और फाइनेंसर है। उसने इमरान, यूनुस और शाहनवाज को ट्रेनिंग दिलवाई और पैसे भिजवाए थे। इमरान तक पैसे पहुंचाने वाला कदीर दस्तगीर पठान को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

गरीब नौजवानों को ISIS में शामिल करा रहा था डॉक्टर अदनान
चारों से हुई पूछताछ में NIA को डॉ. अदनान का नाम मिला। NIA ने उसके फ्लैट पर छापा मारा तो ISIS से जुड़े डॉक्यूमेंट मिले। NIA ने अदनान के सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जब्त कर लिए। सेंट्रल जांच एजेंसी से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि अदनान के पास मिले डॉक्यूमेंट से पता चला कि उसका संबंध ISIS से हैं। इसमें गरीब नौजवानों को आतंकी संगठन से जोड़ने की डिटेल भी है।

इसके अलावा 4 आरोपियों से यहूदी कम्युनिटी सेंटर की फोटो मिली है। इससे साफ हो गया कि ISIS के निशाने पर भारत ही नहीं, इजराइल के लोग भी हैं। इसके बाद मुंबई पुलिस ने कोलाबा में चाबड़ हाउस की सिक्योरिटी बढ़ा दी। 26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हुए आतंकी हमले के दौरान चाबड़ हाउस पर भी अटैक हुआ था।

अदनान समेत पांचों आरोपियों से पूछताछ के बाद NIA आकिफ अतीक नाचन तक पहुंची। वो IED की टेस्टिंग में माहिर है। उसने ही इमरान और मोहम्मद यूनुस को छिपाया था। आकिफ को मुंबई के बोरीवली, ठाणे और भिवंडी में हुई रेड के बाद अरेस्ट किया गया।

ड्रोन के जरिए एरियल ब्लास्ट करना चाहते थे आतंकी…
महाराष्ट्र ATS के एक अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए आतंकियों से 500 GB मेमोरी वाली पेन ड्राइव मिली है। इनका डिलीट डेटा रिकवर कर रहे हैं। पूछताछ में पता चला है कि उन्हें अटैक के अलग-अलग तरीकों की ट्रेनिंग दी गई थी। बम ब्लास्ट का ट्रायल पुणे, कोल्हापुर और सतारा के जंगलों में किया गया था। जंगल में ये टेंट में रहते थे। ये ड्रोन के जरिए एरियल ब्लास्ट की टेक्नीक सीख रहे थे।

अधिकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से एक मोहम्मद इमरान ग्राफिक्स डिजाइनर है। NIA ने उस पर 5 लाख का इनाम रखा था। ये केस राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में दर्ज है। इमरान और उसके दोनों साथियों के खिलाफ कोथरुड पुलिस स्टेशन में चोरी, जालसाजी, इंडियन आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। बाद में सभी पर UAPA के तहत केस दर्ज किया गया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों से बरामद सामान और उनकी ट्रेनिंग बताती है कि ये जल्द ही बड़ा हमला करने की फिराक में थे।

कोंडवा के फ्लैट में ली IED बनाने की ट्रेनिंग
NIA ने कोर्ट में दी रिमांड एप्लिकेशन में कहा कि आरोपियों ने ISIS की आतंकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने की साजिश रची थी। ये देश में ISIS का महाराष्ट्र मॉड्यूल तैयार कर रहे थे। NIA के एक अधिकारी ने बताया कि आकिफ अतीक नाचन ने IED बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान खरीदा था। वो इमरान और यूनुस के कोंडवा वाले फ्लैट में कई दिन रहा और उन्हें ट्रेनिंग देता था। उसने 2022 में बम बनाने की ट्रेनिंग दी थी। इसमें डेमो IED भी बनाकर दिखाई गई।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के अलावा इस ट्रेनिंग में कुछ और लोग शामिल हुए थे। उनकी तलाश जारी है। ये सभी ISIS के इशारे पर काम कर रहे थे।

नाचन के घर बरामद डॉक्यूमेंट में मिले ट्रेनिंग के सबूत
NIA के अधिकारी ने बताया कि आकिफ अतीक नाचन का घर ठाणे के पडगा में है। घर से कई मोबाइल फोन, कुछ हार्ड डिस्क और हाथ से लिखे डॉक्यूमेंट मिले हैं। सभी की जांच करवाई जा रही है। इनमें IED ट्रेनिंग के भी कुछ डॉक्यूमेंट हैं।

इन आरोपियों की गिरफ्तारी से साफ है कि ISIS भारत में मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। सभी आरोपी कोंडवा इलाके से हैं। 5 लाख की आबादी वाला कोंडवा 2008 से पहले प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिमी और इंडियन मुजाहिदीन का गढ़ था। यहां 300 से ज्यादा आतंकियों के एक्टिव रहने की जानकारी मिली थी।

2010 में पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकी कोंडवा से गिरफ्तार किए गए थे। वे बेंगलुरु में इंडियन साइंस इंस्टिट्यूट पर हमला करने की साजिश रच रहे थे। 2014 में NIA ने एक शख्स को गिरफ्तार किया था। 2022 में NIA ने 5 लोगों को अरेस्ट किया, जो ISIS मॉड्यूल से जुड़े थे।