CM सिद्धारमैया बोले- प्रज्वल को देवगौड़ा ने विदेश भेजा: परिवार को रेवन्ना के देश छोड़ने की बात पता थी; सबसे बड़ा अपराध रेप है

बेंगलुरु14 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सिद्धारमैया पीएम मोदी को प्रज्वल रेवन्ना का राजनयिक पासपोर्ट रद्द करने की मांग वाले दो लैटर लिख चुके हैं।

कर्नाटक के CM सिद्धारमैया ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के परिवार को पोते सांसद प्रज्वल रेवन्ना के देश छोड़ने की बात पता थी। क्योंकि सेक्स वीडियो और मारपीट के आरोप प्रज्वल से जुड़े हुए हैं।

सिद्धारमैया ने कहा, ”मुझे लगता है कि देवेगौड़ा ने ही प्रजव्ल को देश से बाहर भेजा था। क्या प्रज्वल ने अपने परिवार की जानकारी के बिना देश छोड़ दिया? क्या वह बिना किसी को बताये चला गया?”

उन्होंने कहा कि सेक्स वीडियो वायरल होना मामले का महत्वपूर्ण पहलू नहीं है। सबसे बड़ा अपराध रेप है। इस बात को कमजोर करने के लिए कुमारस्वामी दूसरी बातें बोल रहे हैं। वे डिप्टी सीएम डी के शिवकुमार और दूसरे लोगों पर सेक्स वीडियो लीक करने का आरोप लगा रहे हैं।

सिद्धारमैया ने कहा कि कुमारस्वामी को देश के कानून का सम्मान करना होगा। प्रज्वल रेवन्ना इस मामले में आरोपी व्यक्ति है। उसे अपराधी बताया गया है। केस चलने तक वो आरोपी व्यक्ति ही है।

26 अप्रैल को कर्नाटक में हासन सीट पर वोटिंग थी, इसके बाद ही प्रज्वल देश छोड़कर चले गए थे।

26 अप्रैल को कर्नाटक में हासन सीट पर वोटिंग थी, इसके बाद ही प्रज्वल देश छोड़कर चले गए थे।

मैंने दो पत्रों में राजनयिक पासपोर्ट रद्द करने की मांग की
सिद्धारमैया ने कहा कि उन्हें अपने दो पत्रों पर पीएम मोदी से प्रतिक्रिया की उम्मीद है, जिसमें प्रज्वल रेवन्ना के 27 अप्रैल को पहले जर्मनी और उसके बाद शेंगेन वीजा पर यूरोप के अन्य हिस्सों में जाने के लिए इस्तेमाल किए गए राजनयिक पासपोर्ट को रद्द करने की मांग की गई है।

उन्होंने कहा कि मुझे पहले पत्र के लिए पीएम से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। चुनी हुई सरकार का मुख्यमंत्री जब पत्र लिखता है तो यह विश्वास होता है कि उसका उत्तर अवश्य मिलेगा। मैंने दो पत्रों में राजनयिक पासपोर्ट रद्द करने की मांग की है।

सेक्स स्कैंडल में फंसे प्रज्वल को देवगौड़ा की चेतावनी, भारत लौटो और जांच का सामना करो
पूर्व पीएम और JD(S) प्रमुख एचडी देवगौड़ा ने 23 मई को अपने पोते और सेक्स स्कैंडल में आरोपी प्रज्वल रेवन्ना को चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि प्रज्वल भारत लौट आएं और जांच का सामना करें। उन्होंने यह दावा भी किया कि इस मामले की जांच में उनके और उनके परिवार की तरफ से कोई दखलंदाजी नहीं की जाएगी।

देवगौड़ा ने कहा था कि अगर उनके पोते को दोषी पाया जाता है तो उसे सख्त से सख्त सजा दी जाए। इस मौके पर मैं सिर्फ एक चीज कर सकता हूं कि प्रज्वल को सख्त चेतावनी देकर वापस आने के लिए और पुलिस को सरेंडर करने के लिए कहूं। उसे खुद को कानूनी प्रक्रिया के हवाले कर देना चाहिए।

देवगौड़ा ने कहा था कि मैं प्रज्वल से रिक्वेस्ट नहीं, बल्कि उसे चेतावनी दे रहा हूं। अगर वह इस चेतावनी को नहीं मानता तो उसे मेरा और पूरे परिवार का गुस्सा झेलना पड़ेगा। उसके खिलाफ लगे आरोपों को तो कानून देखेगा, लेकिन अगर वह परिवार की बात नहीं सुनेगा तो हम उसे अकेला छोड़ देंगे। अगर मेरे लिए उसके मन में थोड़ी भी इज्जत बाकी है तो उसे तुरंत लौट आना चाहिए।

मैं यह भी साफ कर देना चाहता हूं कि इस मामले में पुलिस की जांच में मेरे या मेरे परिवार की तरफ से कोई दखलंदाजी नहीं की जाएगी। इसे लेकर मेरे मन में कोई भावना नहीं है। मैं सिर्फ उन लोगों को न्याय दिलाने के बारे में सोच रहा हूं, जिन्हें प्रज्वल के कारनामों की वजह से तकलीफ हुई। पूरी खबर पढ़ें…

कुमारस्वामी की अपील- भारत लौट आओ, चोर-पुलिस का खेल कब तक चलेगा
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और JDS प्रदेश अध्यक्ष एचडी कुमारस्वामी ने सेक्स स्कैंडल में फरार अपने भतीजे और सांसद प्रज्वल रेवन्ना से भारत लौटने की अपील की है। उन्होंने प्रज्वल को 48 घंटे के अंदर सरेंडर करने और जांच में मदद करने की सलाह दी है। कुमारस्वामी ने कहा- आपके (प्रज्वल) दादाजी एचडी देवगौड़ा (पूर्व PM) आपको राजनीतिक रूप से आगे बढ़ता देखना चाहते थे। आपके मन में उनके लिए जरा भी सम्मान है, तो आप जिस भी देश में हैं, वहां से वापस आइए।

कुमारस्वामी बोले- छिपने की कोई जरूरत नहीं है। कोई डर नहीं होना चाहिए। इस देश का कानून जिंदा है। कब तक चोर-पुलिस का खेला चलेगा? लाखों लोगों ने हमें वोट दिया है। आप कब तक विदेश में रहना चाहते हैं? मैं उन मां-बहनों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगता हूं, जो दर्दनाक मानसिक पीड़ा से गुजर रही हैं। ऐसी घटना नामंजूर है। इससे हमारा सिर शर्म से झुक गया है।

क्या है कर्नाटक सेक्स स्कैंडल?

  • पूर्व PM देवगौड़ा के बेटे एचडी रेवन्ना और पोते प्रज्वल रेवन्ना पर उनके घर में काम करने वाली महिला ने यौन उत्पीड़न की शिकायत की थी। 26 अप्रैल को बेंगलुरु में पब्लिक प्लेसेस में कई पेन ड्राइव मिली।
  • दावा किया गया कि पेन ड्राइव में 3 हजार से 5 हजार वीडियो हैं, जिसमें प्रज्वल को कई महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न करते देखा गया। महिलाओं के चेहरे भी ब्लर नहीं किए गए थे।
  • देवराजे गौड़ा पर इन वीडियो को लीक करने का आरोप है। हालांकि, इन आरोपों को उन्होंने खारिज कर दिया था। कर्नाटक सरकार ने मामले की जांच के लिए SIT बनाई।
  • SIT ने प्रज्वल के खिलाफ रेप, छेड़छाड़, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के आरोपों समेत तीन FIR दर्ज की है। प्रज्वल फिलहाल फरार हैं। वे 26 अप्रैल को वोटिंग के बाद जर्मनी चले गए थे, तब से उनका कोई पता नहीं है।
  • बेंगलुरु की स्पेशल एमपीएमएलए कोर्ट ने प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। इंटरपोल ने भी प्रज्वल के नाम ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है।

वीडियो सामने आने के बाद पार्टी से सस्पेंड किए गए प्रज्वल
28 अप्रैल को प्रज्वल के खिलाफ उनकी पुरानी हाउसमेड ने यौन उत्पीड़न की शिकायत की थी। इसके बाद प्रज्वल के करीब 200 से ज्यादा वीडियो सामने आए। दावा किया गया है कि इन वीडियो में महिलाएं खुद को छोड़ने की गुहार लगा रही हैं और प्रज्वल वीडियो शूट कर रहे हैं। आरोपों के बाद प्रज्वल को 30 अप्रैल को जनता दल एस से सस्पेंड कर दिया गया। पूरी खबर पढ़ें…

ये खबर भी पढ़ें…

CM सिद्धारमैया का PM मोदी को दूसरा लेटर:लिखा- प्रज्वल ने अधिकारों का गलत इस्तेमाल किया, डिप्लौमेटिक पासपोर्ट तुरंत रद्द करें

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दूसरी बार लेटर लिखा है। CM सिद्धारमैया ने महिलाओं से यौन शोषण के आरोपी हासन सांसद प्रज्वल रेवन्ना का राजनयिक पासपोर्ट तुरंत रद्द करने की मांग की है। सिद्धारमैया ने कहा कि मामला गंभीर होने के बावजूद पिछले लेटर पर कार्रवाई न करना निराश करने वाला है। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…