BJP केंद्रीय चुनाव कमेटी की दिल्ली में पहली बैठक आज: मोदी और शाह शामिल होंगे; लोकसभा चुनाव के लिए 100-120 उम्मीदवार फाइनल हो सकते हैं

नई दिल्ली4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए आज बीजेपी प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी हो सकती है। (फाइल फोटो)

भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय चुनाव कमेटी (CEC) की पहली बैठक गुरुवार (29 फरवरी) को पार्टी कार्यालय दिल्ली में होगी। बैठक की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा करेंगे। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत शीर्ष नेता शामिल होंगे।

सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में पार्टी की ओर से लोकसभा चुनाव के लिए 100 से 120 सीटों पर कैंडिडेट घोषित किए जा सकते हैं। बैठक के दौरान नेताओं द्वारा 2014 के लोकसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हारी हुई सीटों पर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों का कहना है कि आज जो लिस्ट जारी होगी उसमें पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के नाम हो सकते हैं।

संभावना- 2019 से 33% ज्यादा महिला प्रत्याशी होंगी
लोकसभा चुनाव में भाजपा सबसे ज्यादा महिला प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है। बुधवार को पार्टी के कोर ग्रुप में इस पर भी सहमति बनी। बैठक में केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी सहित रिकॉर्ड संख्या में महिलाओं को कहां से उतारा जाए, इस पर भी मंथन हुआ।

एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि इस बार महिला प्रत्याशियों की संख्या पिछले बार से 33% ज्यादा होगी। 2019 में 53 महिलाएं भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव में उतरी थीं। 33% ज्यादा के हिसाब से 70 महिलाओं को टिकट मिल सकता है।​​​​​​​

इससे पहले कोर ग्रुप की बैठक में 23 राज्यों के संभावित प्रत्याशियों की सूची रखी गई। नए चेहरों पर भी चर्चा हुई।

बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक में प्रत्याशियों के नाम पर हुआ मंथन
दिल्ली में बुधवार (28 फरवरी) की शाम बीजेपी हेडक्वार्टर में पार्टी के कोर ग्रुप की मीटिंग हुई। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रत्याशियों की नाम पर चर्चा की गई। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी की पहली लिस्ट में पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के नाम शामिल हो सकते हैं।

साल 2019 लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी की पहली लिस्ट में भी पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का नाम शामिल था।

जयशंकर तमिलनाडु और निर्मला कर्नाटक से हो सकती हैं प्रत्याशी…
कोर ग्रुप की बैठक में मप्र पैनल के संभावित नामों पर एक दौर की चर्चा हो गई। त्रिपुरा, गुजरात, राजस्थान और उत्तराखंड के नामों पर देर रात तक मंथन चला। सूत्रों का कहना है कि राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव, पुरुषोत्तम रूपाला, मनसुख मांडविया, राजीव चंद्रशेखर का कार्यकाल खत्म हो रहा है।

अगले दो साल में विदेश मंत्री जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का भी कार्यकाल पूरा होना है। इन्हें भी लोकसभा चुनाव में उतारने पर मंथन हो रहा है। निर्मला और राजीव को कर्नाटक, जयशंकर को केरल या तमिलनाडु तो भूपेंद्र को हरियाणा या राजस्थान और धर्मेंद्र को ओडिशा से उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

दिल्ली भाजपा ने राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपी 25-30 प्रत्याशियों की लिस्ट
कोर ग्रुप की बैठक में दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों के लिए दिल्ली भाजपा ने 25-30 प्रत्याशियों की लिस्ट राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस लिस्ट में मौजूदा सांसद मीनाक्षी लेखी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बांसुरी स्वराज के नाम शामिल हैं। दिल्ली के मौजूदा सांसदों में से तीन से चार सांसदों के टिकट काटे जा सकते हैं।

मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को 3 टास्क दिए

  • भाजपा को 370 और NDA को 400 पार पहुंचाना है। हर बूथ पर पार्टी को 370 वोट बढ़ाने होंगे। 100 दिनों का जनसंपर्क अभियान चलाना है। भाजपा के पिछले 10 साल के कामों का प्रचार करना है। मंडल प्रभारी हर एक पन्ना प्रमुख से 30 दिन में कम से कम एक बार मिलेंगे।
  • हर बूथ पर भाजपा के कार्यकर्ता अगले 100 दिन तक पिछली बार मिले वोटों में कम से कम 370 वोट बढ़ाएं। फर्स्ट टाइम वोटर को पूरी ताकत से भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करें। महिलाओं को मात्र वोटर नहीं समझें बल्कि माताओं, बहनों का आशीर्वाद प्राप्त करें।
  • देश में 10 लाख 35 हजार बूथ हैं, यानी एक लोकसभा क्षेत्र में करीब 1900 बूथ। अगर हर बूथ पर 370 वोट जोड़े गए, तो एक लोकसभा क्षेत्र में 7 लाख वोट और पूरे देश में 38 करोड़ वोटर जोड़ने होंगे।

17-18 फरवरी तक भारत मंडपम में चला था बीजेपी का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन

भाजपा के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में 11 हजार से ज्यादा पदाधिकारी शामिल हुए थे।

भाजपा के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में 11 हजार से ज्यादा पदाधिकारी शामिल हुए थे।

दिल्ली के भारत मंडपम में भाजपा का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन हुआ था। इसमें पार्टी के 11 हजार से ज्यादा पदाधिकारी शामिल हुए थे। सम्मेलन के दूसरे दिन 18 फरवरी को पीएम मोदी भी इसमें शामिल हुए थे। पीएम ने अपने संबोधन में कहा था कि भाजपा का कार्यकर्ता साल के हर दिन चौबीसों घंटे देश की सेवा के लिए कुछ ना कुछ करता ही रहता है।

उन्होंने आगे कहा था कि अब अगले 100 दिन नई ऊर्जा, नई उमंग, नए उत्साह, नया विश्वास, नए जोश के साथ काम करने के हैं। आज 18 फरवरी है। देश के नए युवा जो 18 वर्ष के हुए हैं, वो 18वीं लोकसभा का चुनाव करेंगे। अगले 100 दिन हर नए वोटर, हर लाभार्थी, हर वर्ग-हर समाज, हर एक तक पहुंचना है। सबका विश्वास हासिल करना है। सबका प्रयास होगा देश की सेवा के लिए सबसे ज्यादा सीटें भी भाजपा को ही मिलें। पूरी खबर पढ़ें

खबरें और भी हैं…