AAP विधायक अमानतुल्ला के घर ED की रेड: दिल्ली वक्फ बोर्ड में मनी लॉन्ड्रिंग का मामला; 4 अक्टूबर सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी हुई थी

नई दिल्ली4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

अमानतुल्ला खान दिल्ली की ओखला विधानसभा से विधायक हैं। उनके घर पर ED की रेड जारी है।

आम आदमी पार्टी के एक और नेता के खिलाफ ED ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय ने अमानतुल्ला खान के घर छापा मारा। ये कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक केस में की जा रही है।

ED ने ये कार्रवाई दिल्ली एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB) की तरफ से दाखिल दो FIR के तहत की गई हैं। ये FIR दिल्ली वक्फ बोर्ड में नौकरियों में अनियमितताओं से जुड़ी हैं। अमानतुल्ला खान वक्फ बोर्ड में चेयरमैन हैं।

इससे पहले 4 अक्टूबर को ED ने दिल्ली शराब नीति घोटाला केस में पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के घर पर 10 घंटे छापेमारी के बाद उन्हें गिरफ्तार किया था। वे फिलहाल ED की कस्टडी में हैं।

वहीं, दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन किया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेव ने कहा कि जैसे-जैसे कड़ियां जुड़ती जा रही हैं, जंजीर बनती जा रही है।

दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन किया।

दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन किया।

AAP के तीन बड़े नेता गिरफ्तार
इस वक्त आम आदमी पार्टी के तीन बड़े नेता दो अलग मामलों में कस्टडी और जेल में हैं। ये नेता हैं- सत्येंद्र जैन, जो आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग के केस में तिहाड़ जेल में बंद हैं, मनीष सिसोदिया, जो शराब नीति घोटाले में CBI की कस्टडी में हैं और संजय सिंह, जो शराब नीति घोटाले में ED की कस्टडी में हैं।

सत्येंद्र जैन: गिरफ्तारी- 30 मई 2022
दिल्ली के पूर्व हेल्थ मिनिस्टर सत्येंद्र जैन को ED ने पिछले साल 30 मई को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। अगस्त 2017 में जैन, उनकी पत्नी पूनम और अन्य पर आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में CBI ने FIR दर्ज की थी।

आरोप था कि जैन ने कथित तौर पर दिल्ली में कई शेल कंपनियां बनाई या खरीदी थीं। उन्होंने कोलकाता के तीन हवाला ऑपरेटर्स से 54 शेल कंपनियों के जरिए 16.39 करोड़ रुपए का काला धन भी ट्रांसफर किया।

मनीष सिसोदिया: गिरफ्तारी- 26 फरवरी 2023
दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को CBI ने 26 फरवरी की शाम गिरफ्तार कर लिया। CBI ने 8 घंटे लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि आबकारी विभाग के एक IAS अफसर ने CBI की पूछताछ में सिसोदिया का नाम लिया था।

इस अफसर ने बताया था कि सिसोदिया ने ऐसी शराब नीति बनवाई थी, जिससे सरकार को मुनाफा नहीं हो, व्यापारियों को मोटा फायदा हो। इसी बयान के आधार पर सिसोदिया से पूछताछ की गई थी।

संजय सिंह: गिरफ्तारी- 4 अक्टूबर 2023
आबकारी नीति केस की चार्जशीट में संजय सिंह का भी नाम है। उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में 4 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। ED ने इसी साल जनवरी में अपनी चार्जशीट में संजय सिंह का नाम जोड़ा था। दरअसल, शराब नीति घोटाले में आरोपी से सरकारी गवाह बने दिनेश अरोड़ा ने कहा है कि उसके रेस्तरां में संजय सिंह और दिल्ली के बार-रेस्तरां मालिकों के बीच बैठक हुई थी।

खबरें और भी हैं…