3 राज्यों पर तूफान जवाद का खतरा: बंगाल की खाड़ी से उठा साइक्लोन आज आंध्र और ओडिशा से टकराएगा; बंगाल में भारी बारिश की आशंका

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • चक्रवाती तूफान जवाद लैंडफॉल लाइव अपडेट; केरल उड़ीसा वर्षा समाचार | आंध्र प्रदेश पश्चिम बंगाल ओडिशा में अलर्ट

नई दिल्लीएक दिन पहले

बंगाल की खाड़ी में उठा तूफान जवाद के शनिवार सुबह ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटवर्ती इलाकों से टकराएगा। इसके साथ ही रविवार दोपहर तक तूफान के पुरी तट से भी टकराने की आशंका है। यास और गुलाब के बाद यह तीसरा तूफान है जो इस साल ओडिशा पहुंच रहा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए NDRF की 46 टीमें तैनात की गई थीं।

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के डीजी मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि चक्रवात रविवार दोपहर के आसपास पुरी जिले के सबसे करीब होगा। तूफान के कारण शनिवार और रविवार की सुबह आंध्र और ओडिशा में तेज बारिश होगी। रविवार को ही तूफान बंगाल की खाड़ी की ओर वापस लौट जाएगा। तब बंगाल के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

राजधानी भुवनेश्वर में SDRF की टीम।

110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी
इस दौरान करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। इन हवाओं का सबसे ज्यादा असर विशाखापत्तनम, श्रीकाकुलम, पुरी, गंजम, गजपति, भद्रक, बालासोर और नयागढ़ जिलों पर पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने सोमवार तक सभी मछली पकड़ने, पर्यटन और गहरे समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

UGC-NET की परीक्षा रद़्द
ओडिशा और आंध्र प्रदेश में जारी रेड अलर्ट के कारण 5 दिसंबर को होने वाली UGC-NET की परीक्षा (दिसंबर 2020 और जून 2021) रद्द कर दी गई है। इसे रीशेड्यूल की गई है। इसकी संशोधित डेटाशीट बाद में अपलोड की जाएगी।

IIFT की परीक्षा भी रिशेड्यूल होगी
इसके साथ ही विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश), भुवनेश्वर, संबलपुर, कटक (ओडिशा) और कोलकाता, दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल) में 5 दिसंबर को होने वाली इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेन ट्रेड की एमबीए (IB) 2022-24 की प्रवेश परीक्षा को भी रीशेड्यूल किया गया है। इसकी तारीख एक बार फिर से जारी की जाएगी।

ओडिशा के 14 जिलों में अलर्ट घोषित
ओडिशा के 14 तटवर्ती जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। राज्य ने दक्षिणी तट पर 266 रेस्क्यू टीम तैनात करने की योजना बनाई है। इनमें NDRF, स्टेट फायर डिपार्टमेंट और ओडिशा की SDRF (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) शामिल है।

साइक्लोन जवाद के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने 12वें इंटरनेशनल सैंड आर्ट फेस्टिवल को टालने का फैसला लिया है। यह फेस्टिवल प्रसिद्ध कोणार्क मंदिर के पास आयोजित किया जा रहा था। इसे कोणार्क फेस्टिवल भी कहते हैं। इसमें देशभर के सैंड आर्टिस्ट शामिल होकर तरह-तरह की कलाकृतियां बनाते हैं।

ओडिशा सरकार ने 12वें इंटरनेशनल सैंड आर्ट फेस्टिवल को टालने का फैसला लिया है।

ओडिशा सरकार ने 12वें इंटरनेशनल सैंड आर्ट फेस्टिवल को टालने का फैसला लिया है।

आंध्र प्रदेश के CM ने दिए निर्देश
आंध्र प्रदेश के विजयनगरम, विशाखापट्‌टनम, श्रीकाकुलम में तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। CM वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने गुरुवार को इन जिलों के DM से बात की और उन्हें बचाव के उपाय करने का निर्देश दिया। तूफान के शनिवार शाम तक विशाखापट्‌टनम पहुंचने की आशंका है।

पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की आशंका
पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की भी आशंका है। कोलकाता में 2, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिम मिदनापुर, हुगली और नादिया जिले में एक-एक टीम तैनात की गई है।

जवाद का क्या मतलब है?
जवाद एक अरबी शब्द है। इसका मतलब उदार या दयालु होता है। इसलिए माना जा रहा है कि तूफान ज्यादा खतरनाक नहीं होगा। हालांकि IMD ने 4 दिसंबर की सुबह हवा की अधिकतम रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा होने का अनुमान लगाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस तूफान का नाम सउदी अरब के सुझाव पर रखा गया है। पिछले साल आए अम्फान साइक्लोन के कारण लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था।

खबरें और भी हैं…

.