मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ- वर्ल्ड कप फाइनल आज: रोहित बोले- जैसा खेलते आए, वैसा खेलेंगे; राजस्थान में मोदी बोले- पेट्रोल-डीजल के रेट की समीक्षा करेंगे

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; PM Modi On Rajasthan Election | India Vs Australia World Cup Final;

16 घंटे पहलेलेखक: शुभांक शुक्ला, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर राजस्थान में PM मोदी की चुनावी रैली से जुड़ी रही। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भाजपा सरकार बनती है तो पेट्रोल-डीजल के रेट की समीक्षा की जाएगी। इधर, वर्ल्ड कप के फाइनल मैच से पहले टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि फाइनल मुकाबले में ठीक वैसे ही खेलेंगे, जैसे इस टूर्नामेंट में खेलते आए हैं। हम आपको आगे बताएंगे कब्रिस्तान के पास EVM मिलने की खबर…

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. राहुल गांधी राजस्थान के बूंदी, दौसा और सीकर में जनसभा करेंगे। आने वाले दिनों में वे राज्य में 9 और चुनावी सभाएं करेंगे।
  2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान के झुंझुनूं में जनसभा करेंगे। राज्य की 200 सीटों के लिए 23 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. रोहित शर्मा बोले- प्लेइंग इलेवन पर फैसला टॉस के समय पिच के हिसाब से करेंगे

फाइनल से एक दिन पहले शनिवार को रोहित शर्मा ने कहा- अहमदाबाद में टॉस बड़ा फैक्टर नहीं होगा।

फाइनल से एक दिन पहले शनिवार को रोहित शर्मा ने कहा- अहमदाबाद में टॉस बड़ा फैक्टर नहीं होगा।

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने फाइनल मैच के पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि फाइनल मुकाबला ठीक वैसे ही खेलेंगे, जैसे इस टूर्नामेंट में खेलते आए हैं। हमारी अप्रोच में कोई बदलाव नहीं होगा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की तारीफ की। उन्होंने शमी को अपनी टीम के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया।

​​​​ये खबर अहम क्यों है: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार दोपहर 2 बजे से भारत-ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड कप का फाइनल खेला जाएगा। इस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने अपने सभी लीग मुकाबले जीते हैं। टीम के टॉप-3 बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं। कप्तान रोहित शर्मा 550 रन बना चुके हैं, जबकि विराट कोहली 711 रन के साथ टॉप स्कोरर की लिस्ट के टॉप पर हैं। श्रेयस अय्यर भी 526 रन बना चुके हैं। टीम इंडिया की ओर से इस वर्ल्ड कप में 7 शतक लग चुके हैं। रोहित सबसे ज्यादा सिक्स जमाने वाले बल्लेबाज हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. मोदी बोले- खड़गे ने मेरे पिता को गाली दी, पता नहीं उनको क्या हो गया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के भरतपुर और नागौर में चुनावी जन सभा की। इस दौरान PM मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर पिता को गाली देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खड़गे ने मेरे पिताजी को गाली दी। ये खड़गे को क्या हो गया है? वो तो ऐसे नहीं थे। साथ ही PM ने राज्य की जनता से वादा किया कि भाजपा सरकार बनते ही राजस्थान में पेट्रोल-डीजल के रेट की समीक्षा की जाएगी और लोकहित में निर्णय लिया जाएगा।

​​​​ये खबर अहम क्यों है: PM मोदी का कहना है कि कांग्रेस सरकार राजस्थान में 12 रुपए प्रति लीटर लोगों की जेब से मार रही है और कांग्रेस नेताओं की तिजोरी भर रही है। जबकि UP, हरियाणा और गुजरात में पेट्रोल के रेट 97 रुपए लीटर हैं। इसी वजह से राजस्थान में पेट्रोल-डीजल के कीमतों की समीक्षा की जाएगी।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. राजस्थान में खड़गे बोले- भाजपा दलितों को मारने-पीटने वालों को टिकट देती है, मोदी झूठों के सरदार हैं

SMS अस्पताल में भर्ती AEN हर्षाधिपति वाल्मीकि से खड़गे-गहलोत ने मुलाकात की।

SMS अस्पताल में भर्ती AEN हर्षाधिपति वाल्मीकि से खड़गे-गहलोत ने मुलाकात की।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राजस्थान के भरतपुर और अलवर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गरीब और दलितों के लिए झूठा वादा करने वाले PM मोदी ने गिर्राज सिंह मलिंगा को टिकट दिया। एक तरफ वे गरीब और दलितों की बात करते हो और दूसरी तरफ दलितों को पीटने वालों को​ टिकट देते हैं। PM मोदी झूठों के सरदार हैं।

​​​​ये खबर अहम क्यों है: जनसभा के बाद खड़गे और CM गहलोत अस्पताल में एक साल से भर्ती AEN हर्षाधिपति से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान गहलोत ने कहा कि हमने मारपीट करने वाले विधायक गिर्राज मलिंगा को पार्टी से बाहर निकाला, लेकिन बीजेपी ने टिकट देकर अपना उम्मीदवार बना लिया। दरअसल, 2022 में धौलपुर में AEN हर्षाधिपति के साथ विधायक गिर्राज मलिंगा और उनके समर्थकों ने मारपीट की थी। मारपीट में हर्षाधिपति के शरीर मे 22 जगह फ्रैक्चर आए थे।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. MP के शिवपुरी में कब्रिस्तान के पास पहुंची बोलेरो में मिली 2 EVM, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा

MP के शिवपुरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो ईवीएम और वीवीपैट लेकर खड़ी बोलेरो को पकड़ा। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट पर चुनाव प्रभावित करने के आरोप लगाए। इसके बाद हंगामा हो गया। घटना शुक्रवार रात 10 बजे की है। मामला बढ़ने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार चौधरी ने सेक्टर प्रभारी जीएस दीक्षित को निलंबित कर दिया। हालांकि, कलेक्टर का कहना है कि दोनों EVM का चुनाव में इस्तेमाल नहीं किया गया। दोनों मशीन खाली पाई गईं।

​​​​ये खबर अहम क्यों है: बोलेरो को सबसे पहले कब्रिस्तान क्षेत्र में देखा गया था। यह सबसे सुनसान इलाका है। कुछ लोगों ने वाहन की सूचना कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दे दी। मौके पर वे पहुंच गए। सेक्टर मजिस्ट्रेट जीएस दीक्षित जैसे ही बोलेरो के पास पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। उनसे पूछा गया कि कब्रिस्तान रोड पर क्या कर रहे थे तो वे जवाब नहीं दे पाए। दीक्षित ने पहले गाड़ी में EVM होने से इनकार किया। जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गाड़ी खोलकर EVM दिखाई तो सकपका गए।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. उत्तरकाशी टनल में 40 नहीं 41 मजदूर फंसे हैं, हादसे के 7 दिन बाद अफसरों ने दी जानकारी

स्थानीय लोगों और टनल कर्मचारियों की मांग पर शनिवार सुबह टनल के मुहाने पर बाबा बौखनाग मंदिर की स्थापना की गई और अंदर फंसे लोगों के लिए प्रार्थना की गई। यह मंदिर 10 नवंबर को तोड़ दिया गया था।

स्थानीय लोगों और टनल कर्मचारियों की मांग पर शनिवार सुबह टनल के मुहाने पर बाबा बौखनाग मंदिर की स्थापना की गई और अंदर फंसे लोगों के लिए प्रार्थना की गई। यह मंदिर 10 नवंबर को तोड़ दिया गया था।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में एक निर्माणाधीन टनल में 40 नहीं, बल्कि 41 मजदूर फंसे हैं। छह दिन तक अंदर फंसे लोगों की संख्या 40 बताई जा रही थी, लेकिन शनिवार सुबह एक मजदूर की संख्या बढ़ गई। संभव है कि अंदर और भी मजदूर फंसे हों। वहीं, मजदूरों के परिजनों ने बताया कि अब टनल में फंसे लोगों की आवाज कमजोर पड़ रही है। बात करते समय उन्हें सुनना मुश्किल हो रहा है।

​​​​ये खबर अहम क्यों है: दीपावली के दिन सुबह 4 बजे एक निर्माणाधीन टनल का 60 मीटर का हिस्सा धंस गया। इसी में फंसे मजूदरों को निकालने के लिए 7 दिन से रेस्क्यू चल रहा है। रेस्क्यू के लिए NDRF, SDRF, फायर ब्रिगेड, नेशनल हाईवे के करीब 156 लोग लगे हुए हैं। टनल के अंदर ऑक्सीजन भेजी जा रही है, ताकि अंदर फंसे मजदूरों को सांस लेने में दिक्कत न हो। ज्यादातर मजदूर उत्तर प्रदेश और बिहार के हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. अल-शिफा अस्पताल में ICU के सभी 27 मरीजों की मौत, सफेद झंडे लेकर बाहर निकल रहे मरीज

गाजा के अल-शिफा अस्पताल में फ्यूल की कमी की वजह से करीब 40 मरीजों की मौत हो गई है। अभी भी वहां 7000 से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं। उधर, इजराइली सेना की कार्रवाई के बीच मरीजों और स्टाफ ने अस्पताल को खाली करना शुरू कर दिया है। अलजजीरा के मुताबिक, मरीज और स्टाफ पैदल ही सफेद झंडे लेकर उत्तरी गाजा छोड़कर निकल रहे हैं। इस दौरान अस्पताल छोड़ रही महिलाओं के कपड़े उतरवाकर तलाशी ली जा रही है।

​​​​ये खबर अहम क्यों है: अल-शिफा के डॉक्टर ने शनिवार को दावा किया कि इजराइली सेना ने अल-शिफा अस्पताल खाली करने के लिए 1 घंटे का समय दिया है। इसके कुछ देर बाद ही IDF ने इन दावों को खारिज कर दिया। इजरायल-हमास जंग को 41 दिन हो चुके हैं। इसमें अब तक 12 सौ इजराइली और 11 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. मस्क के सबसे ताकतवर रॉकेट का दूसरा टेस्ट भी फेल, खराबी के कारण नष्ट करना पड़ा

बूस्टर को वापस पृथ्वी पर लैंड होना था, लेकिन 3.2 मिनट बाद 90 Km ऊपर यह फट गया।

बूस्टर को वापस पृथ्वी पर लैंड होना था, लेकिन 3.2 मिनट बाद 90 Km ऊपर यह फट गया।

दुनिया के सबसे ताकतवर स्टारशिप व्हीकल का दूसरा टेस्ट भी फेल हो गया। लॉन्चिंग के करीब 2 मिनट 4 सेकंड बाद सुपर हैवी बूस्टर और स्टारशिप का सेपरेशन हो गया। बूस्टर को वापस पृथ्वी पर लैंड होना था, लेकिन यह फट गया। वहीं, स्टारशिप तय प्लान के मुताबिक आगे बढ़ गया। पृथ्वी से 148 Km ऊपर स्टारशिप में भी खराबी आ गई, जिसकी वजह से उसे नष्ट करना पड़ा।

​​​​ये खबर अहम क्यों है: एलन मस्क इसी स्पेसशिप के जरिए इंसानों को मंगल ग्रह पर भेजना चाहते हैं। मस्क का कहना है कि पृथ्वी पर एक लाइफ एंडिंग इवेंट मानवता के अंत का कारण बन सकता है, लेकिन अगर हम मंगल ग्रह पर अपना बेस बना लेंगे तो मानवता वहां जीवित रह सकती है। इसी वजह से वे 2029 तक इंसानों को मंगल ग्रह पर पहुंचाकर वहां कॉलोनी बसाना चाहते हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

8. कांग्रेस सांसद बोले- नेतन्याहू को गोली मार देनी चाहिए, इजराइली PM युद्ध अपराधी

केरल के कांग्रेस सांसद राजमोहन उन्नीथन ने इजराइल-हमास युद्ध को लेकर एक विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को बिना किसी मुकदमे के गोली मार देनी चाहिए। दरअसल, कासरगोड में फिलिस्तीन के साथ एकजुटता दिखाने के लिए एक रैली का आयोजन किया गया। यहां उन्होंने नरसंहार के लिए नाजियों के मुकदमे का हवाला देते हुए नूर्नबर्ग मॉडल का खुलेआम समर्थन किया।

​​​​ये खबर अहम क्यों है: राजमोहन ने कहा कि सेकेंड वर्ल्ड वॉर के बाद युद्ध आरोपियों को नूर्नबर्ग मॉडल के तहत बिना किसी केस के गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब समय आ गया है कि नूर्नबर्ग मॉडल इजराइली पीएम के खिलाफ लागू किया जाए। वे एक युद्ध अपराधी हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. अहमदाबाद में वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल आज: रेलवे दिल्ली-मुंबई से स्पेशल ट्रेन चलाएगा, दो दिन में लैंड होंगे 100 से ज्यादा चार्टर्ड प्लेन (पढ़ें पूरी खबर)
  2. OpenAI को-फाउंडर सैम ऑल्टमैन को कंपनी ने निकाला: गूगल मीट पर दी फैसले की जानकारी, मीरा मुराती को CEO की जिम्मेदारी (पढ़ें पूरी खबर)
  3. मणिपुर हिंसा पर 10 पार्टियों का डेलिगेशन राज्यपाल से मिला: कहा- पीएम मोदी के दखल दिए बिना राज्य में शांति कायम नहीं हो सकती (पढ़ें पूरी खबर)
  4. संसद का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से: चुनावों के नतीजे असर डालेंगे; UCC कार्ड चल सकती है भाजपा, महुआ-राघव पर हंगामा संभव (पढ़ें पूरी खबर)
  5. उत्तर प्रदेश में हलाल प्रोडक्ट्स बैन: मुंबई, दिल्ली और चेन्नई की 4 कंपनियों के खिलाफ FIR, आतंकी संगठनों को फंडिंग का आरोप (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

कर्नाटक के पूर्व CM ने दीवाली पर बिजली चोरी की, 68 हजार रुपए जुर्माना भरा

कुमारस्वामी ने कहा- कांग्रेस सरकार के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उन्हें राजनीतिक रूप से परेशान किया जा रहा है।

कुमारस्वामी ने कहा- कांग्रेस सरकार के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उन्हें राजनीतिक रूप से परेशान किया जा रहा है।

कर्नाटक के पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी पर दिवाली के दिन बिजली चोरी करने का आरोप लगा। मामले में उनके खिलाफ केस भी दर्ज किया गया। इसके बाद उन्होंने जुर्माने के तौर पर 68 हजार 526 रुपए भरे। मामले में कुमारस्वामी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ आवाज उठाने की वजह से उन्हें राजनीतिक रूप से परेशान किया जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…