मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: भाजपा की दूसरी लिस्ट जारी; कांग्रेस का वादा- महिलाओं को नौकरी में 50% आरक्षण; ममता के भाई TMC के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Bengaluru Water Crisis | SBI Electoral Bonds Case

38 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर भाजपा के लोकसभा प्रत्याशियों की लिस्ट की रही, जिसमें 9 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के 72 कैंडिडेट्स को टिकट मिला। एक खबर कांग्रेस की 5 गारंटियों की रही, दावा किया गया है कि इनसे देश की महिलाओं का जीवन हमेशा के लिए बदल जाएगा।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. चुनाव आयुक्तों के दो खाली पदों पर नियुक्ति के लिए चयन समिति की बैठक होगी। इसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
  2. भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे 5 दिवसीय दौरे पर भारत आएंगे। जनवरी में कार्यभार संभालने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा है।
  3. दिल्ली के रामलीला मैदान में किसानों की महापंचायत होगी। 400 से अधिक किसान संगठन हिस्सा लेंगे।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. भाजपा की दूसरी लिस्ट में 72 नाम, गडकरी नागपुर, पीयूष गोयल मुंबई नॉर्थ से चुनाव लड़ेंगे

भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए 72 कैंडिडेट्स की दूसरी लिस्ट जारी की। इनमें 10 SC, 9 ST और 15 महिलाओं को टिकट दिया गया है। नितिन गडकरी नागपुर से, मनोहर लाल खट्टर करनाल से और पीयूष गोयल मुंबई नॉर्थ से चुनाव लड़ेंगे। पंकजा मुंडे को बीड से, अनुराग ठाकुर को हमीरपुर से, इंदौर से शंकर लालवानी और उज्जैन से अनिल फिरोजिया को टिकट मिला है।

अब तक 267 प्रत्याशी घोषित: भाजपा ने 2 मार्च को 195 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की थी। पार्टी ने अब तक कुल 267 कैंडिडेट्स के नाम जारी कर दिए हैं। लेकिन आसनसोल सीट से पवन सिंह और बाराबंकी से उपेंद्र रावत ने नाम वापस ले लिया है। यानी पार्टी के मौजूदा उम्मीदवारों की संख्या 265 है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. SBI का सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा, 2019 से 2024 तक 22,217 इलेक्टोरल बॉन्ड खरीदे गए
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के चेयरमैन दिनेश कुमार ने सुप्रीम कोर्ट में एफिडेविट जमा किया। इसमें बताया गया है कि इलेक्शन कमीशन को पेन ड्राइव में दो फाइलें दी गई हैं। जिनमें इलेक्टोरल बॉन्ड खरीदने वालों की डिटेल्स और इन्हें इनकैश कराने वाली पार्टियों की जानकारी है। SBI के हलफनामे के मुताबिक, एक अप्रैल 2019 से 15 फरवरी 2024 तक 22, 217 इलेक्टोरल बॉन्ड खरीदे गए। इनमें से 22,030 बॉन्ड का पैसा राजनीतिक पार्टियों ने कैश करा लिया है।

15 मार्च को वेबसाइट पर डेटा आएगा: इलेक्शन कमीशन इलेक्टोरल बॉन्ड से जुड़ी सारी जानकारी 15 मार्च शाम 5 बजे तक अपनी वेबसाइट पर पब्लिश करेगा। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 15 फरवरी को इलेक्टोरल बॉन्ड की बिक्री पर रोक लगा दी थी। साथ ही SBI को अब तक खरीदे गए इलेक्टोरल बॉन्ड की जानकारी इलेक्शन कमीशन को देने का निर्देश दिया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. कांग्रेस का ‘नारी न्याय गारंटी’ योजना का वादा, गरीब महिलाओं को एक लाख सालाना मदद
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने ‘नारी न्याय गारंटी’ योजना का वादा किया है। इसके मुताबिक, कांग्रेस की सरकार आने पर गरीब महिलाओं को हर साल एक लाख रुपए की मदद और केंद्र सरकार की नई नियुक्तियों में महिलाओं को 50% आरक्षण मिलेगा। इससे पहले 7 मार्च को कांग्रेस ने युवाओं के लिए भी 5 गारंटियों का ऐलान किया था।

कांग्रेस की 5 गारंटियां …

1. महालक्ष्मी गारंटी: इसके तहत सभी गरीब परिवार की एक महिला को सालाना 1 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी।

2. आधी आबादी-पूरा हक: इसके तहत केंद्र सरकार की नई नियुक्तियों में आधा हक महिलाओं को मिलेगा।

3. शक्ति का सम्मान: इस योजना के तहत आंगनवाड़ी, आशा और मिड-डे मील वर्कर्स के मासिक वेतन में केंद्र सरकार का योगदान दोगुना होगा।

4. अधिकार मैत्री: इसके तहत हर पंचायत में महिलाओं को उनके हक के लिए जागरूक करने और जरूरी मदद के लिए अधिकार मैत्री के रूप में एक पैरा-लीगल यानी कानूनी सहायक की नियुक्ति की जाएगी।

5. सावित्री बाई फुले हॉस्टल: सभी जिला मुख्यालयों में कामकाजी महिलाओं के लिए कम से कम एक हॉस्टल बनाएंगे और पूरे देश में इन हॉस्टल की संख्या दोगुनी की जाएगी।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. ममता के भाई TMC के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे, ममता ने कहा- मैंने उनसे रिश्ता खत्म कर दिया
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भाई बाबुन ने हावड़ा सीट से TMC कैंडिडेट प्रसून बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रसून के अलावा कई सक्षम उम्मीदवार थे, जिन्हें नजरअंदाज कर दिया गया। भाई के ऐलान के करीब एक घंटे बाद ममता बनर्जी ने कहा कि मैं और मेरा परिवार बाबुन से अपने सभी रिश्ते खत्म करते हैं।

क्या BJP में जा सकते हैं बाबुन: बाबुन बनर्जी ने इससे इनकार किया है। उन्होंने कहा- जब तक ममता दीदी हैं, मैं कभी पार्टी नहीं छोड़ूंगा और न ही किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होऊंगा। हां, मैं खेल से जुड़ा हूं, और मैं कई ऐसे भाजपा नेताओं को जानता हूं, जो खेल से जुड़े हुए हैं। पर मैं भाजपा में नहीं जा रहा। पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. 23 डॉग ब्रीड्स के इंपोर्ट-ब्रीडिंग पर लग सकती है रोक, इनमें पिटबुल और रॉटविलर शामिल
केंद्र सरकार ने राज्यों से डॉग्स की 23 ब्रीड का इम्पोर्ट रोकने और इनकी ब्रीडिंग और बिक्री पर रोक लगाने को कहा है। 23 डॉग ब्रीड की लिस्ट में रॉटविलर और पिटबुल भी शामिल हैं। हाल ही में इंसानों पर डॉग अटैक्स के केस में इन ब्रीड्स के डॉग का नाम आया है।

किस आधार पर निर्देश जारी हुए: एनिमल वेलफेयर बॉडीज और एक्सपर्ट्स की एक कमेटी ने दिल्ली हाईकोर्ट में एक रिपोर्ट सब्मिट की थी। जिसके बाद केंद्र सरकार ने यह कदम उठाया है। केंद्र ने राज्यों से कहा है कि लोकल प्रशासन इन डॉग्स की बिक्री और ब्रीडिंग के लिए लाइसेंस या परमिट ना जारी करे। इन ब्रीड्स के जो डॉग्स पाले जा रहे हैं, उन्हें स्टरलाइज कर दिया जाए ताकि आगे ब्रीडिंग को रोका जा सके।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. सेंसेक्स 906 अंक गिरकर 72,761 पर बंद, स्मॉलकैप इंडेक्स 2,189 अंक टूटा
शेयर बाजार में आज यानी 13 मार्च को बड़ी गिरावट देखने को मिली है। सेंसेक्स 906 अंक की गिरावट के साथ 72,761 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 338 अंक की गिरावट रही। ये 21,997 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 में गिरावट रही। स्मॉलकैप इंडेक्स 2,189 अंक (5.11%) गिरकर 40,641 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं मिडकैप इंडैक्स में 1,646 अंक (4.20%) की गिरावट रही। ये 37,591 के स्तर पर बंद हुआ।

निवेशकों के ₹13 लाख करोड़ डूबे: BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप मंगलवार को 385 लाख करोड़ रुपए था, जो बुधवार को घटकर 372 लाख करोड़ रहा गया है। यानी मार्केट कैप में ₹13 लाख करोड़ की गिरावट आई है।

मार्केट गिरने की 3 वजहें: IIP यानी इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन के आंकड़े मार्केट की उम्मीद से कमजोर रहे हैं। 2023-24 का आखिरी महीना होने के कारण निवेशक मुनाफा वसूली कर रहे हैं। कंपनियों के वैल्यूऐशन काफी ज्यादा हो गए हैं, इससे निवेशक थोड़े चिंतित हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. जापान का पहला प्राइवेट स्पेस मिशन फेल, उड़ान भरने के 5 सेकेंड बाद रॉकेट ब्लास्ट

जापान का पहला प्राइवेट स्पेस मिशन फेल हो गया। स्पेस वन कंपनी का काईरोस रॉकेट उड़ान भरने के महज 5 सेकेंड बाद ब्लास्ट हो गया। स्पेस वन ने पिछले हफ्ते ही फाइनल टेस्टिंग पूरी की थी। समुद्र से रॉकेट के मलबे को निकाला जाएगा और इसके बाद ब्लास्ट के कारणों का पता लगाया जाएगा।

एडवांस सिस्टम के बावजूद हादसा: यह काईरोस रॉकेट मिशन पूरी तरह ऑटोमेटेड था। इसमें फ्लाइट टर्मिनेशन सिस्टम इंस्टॉल किया गया था। इस सिस्टम के जरिए रॉकेट में अगर ऐन वक्त पर कोई खराबी आती है तो उसे रोका जा सकता है। स्पेस वन ने कभी यह नहीं बताया कि उसका बजट कितना है और काईरोस की लॉन्चिंग पर कितना खर्च हुआ।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. नेशनल: अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए BJP की लिस्ट जारी: सभी 60 सीटों के उम्मीदवारों घोषित, CM पेमा खांडू मुक्तो से चुनाव लड़ेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
  2. क्राइम: बेंगलुरु ब्लास्ट का संदिग्ध 12 दिन बाद हिरासत में: NIA ने कहा- यह हमले के उस व्यक्ति की तरह दिखता है, जो कैफे में बम रखकर गया था (पढ़ें पूरी खबर)
  3. इंडस्ट्री: PM मोदी ने 3 सेमीकंडक्टर फैसिलिटी की नींव रखी: मोदी बोले- इससे भारत को सेमीकंडक्टर का ग्लोबल हब बनने में मदद मिलेगी (पढ़ें पूरी खबर)
  4. नेशनल: हरियाणा की नायब सैनी सरकार फ्लोर टेस्ट में पास: वॉयस वोटिंग के जरिए स्पीकर ने की घोषणा, पूर्व CM खट्‌टर का विधानसभा से इस्तीफा (पढ़ें पूरी खबर)
  5. नेशनल: उत्तराखंड के UCC बिल को मिली राष्ट्रपति की मंजूरी: यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना (पढ़ें पूरी खबर)
  6. इंटरनेशनल: अमेरिका में गर्ल्स गैंग ने ₹66 करोड़ के कॉस्मेटिक्स चुराए: इन्हें 50% डिस्काउंट पर ऑनलाइन बेचा, मास्टरमाइंड गिरफ्तार (पढ़ें पूरी खबर)
  7. इंटरनेशनल: रूस रेलवे लाइन के जरिए ईरान से जुड़ेगा: पुतिन बोले- 10 दिन में तय होगा मुंबई का रास्ता; भारत-चीन के साथ रूस का ट्रेड बढ़ेगा (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

टाइटैनिक-2 जहाज बनाने की तैयारी

तस्वीर ऑस्ट्रेलियाई अरबपति क्लाइव पालमर की है, जिन्होंने टाइटैनिक-2 जहाज बनाने की घोषणा की।

तस्वीर ऑस्ट्रेलियाई अरबपति क्लाइव पालमर की है, जिन्होंने टाइटैनिक-2 जहाज बनाने की घोषणा की।

ऑस्ट्रेलिया के अरबपति और पूर्व सांसद क्लाइव पालमर 1912 में डूबे टाइटैनिक जहाज के जैसा ही एक जहाज बनवाने की तैयारी में हैं। टाइटैनिक-2 नाम के इस जहाज को बनाने के लिए टेंडर जारी किया गया है। साल के अंत तक शिप बिल्डर को कॉन्ट्रैक्ट दे दिया जाएगा। यह जहाज 833 फीट लंबा और 105 फीट चौड़ा होगा। जिसमें 9 डेक होंगे। इसके 835 केबिन में करीब 2,345 पैसेंजर्स आ सकेंगे।
पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…