मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: पेपर लीक-चीटिंग पर 10 साल तक जेल, 1 करोड़ जुर्माना; अजित को मिली NCP; MP में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 11 मौतें

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Harda Firecracker Factory Blast | Uniform Civil Code

13 घंटे पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर लोकसभा में पास हुए पब्लिक एग्जामिनेशन बिल की रही, इसमें पेपर लीक और चीटिंग पर 10 साल तक की जेल और 1 करोड़ रुपए जुर्माने का प्रावधान है। एक खबर मध्य प्रदेश के हरदा में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की रही।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. ज्ञानवापी के व्यास तहखाने में पूजा की अनुमति देने वाले वाराणसी कोर्ट के आदेश के खिलाफ दाखिल याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई होगी।
  2. CM नीतीश कुमार PM मोदी से मिलने दिल्ली जाएंगे। बिहार में NDA सरकार बनने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली मुलाकात होगी।
  3. कर्नाटक के CM सिद्धारमैया के नेतृत्व में कांग्रेस दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन करेगी। सिद्धारमैया सरकार ने केंद्र पर राज्य को फंड न देने का आरोप लगाया है।
  4. अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन इजराइल जाएंगे। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी वॉर कैबिनेट को ब्रीफ करेंगे।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. पब्लिक एग्जामिनेशन बिल लोकसभा में पास, पेपर लीक- नकल पर जेल और जुर्माना

पेपर लीक और चीटिंग पर रोक लगाने के लिए लाया गया पब्लिक एग्जामिनेशन बिल लोकसभा में पास हुआ। इसके तहत सरकारी भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक कराने और नकल करने वालों को 3 साल से 10 साल तक की जेल और 1 करोड़ रुपए तक जुर्माना होगा।

जारी होगा गैर जमानती वारंट: यह बिल अब राज्यसभा में भेजा जाएगा। बिल के कानून बनने के बाद पुलिस के पास बिना किसी वारंट के संदिग्धों को गिरफ्तार करने का अधिकार होगा। आरोपियों को जमानत नहीं मिलेगी और इन अपराधों को समझौते से नहीं सुलझाया जा सकेगा।

बिल के दायरे में केंद्र सरकार से जुड़ी प्रतियोगी परीक्षाएं: बिल कानून का रूप ले लेता है तो UPSC, SSC, रेलवे भर्ती बोर्ड, बैंकिंग, NEET-मेडिकल और इंजीनियरिंग समेत कई परीक्षाएं इसके दायरे में रहेंगी। ये बिल 10वीं या 12वीं की परीक्षाओं पर लागू नहीं होगा। इसके साथ ही ये राज्यों की परीक्षाओं पर भी लागू नहीं होगा, क्योंकि कई राज्यों में नकल को लेकर अपने कानून हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. MP में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 11 की मौत, कई लापता; फैक्ट्री मालिक समेत 3 गिरफ्तार

पटाखा फैक्ट्री में धमाके से घायल लोगों को NDRF की टीम रेस्क्यू किया।

पटाखा फैक्ट्री में धमाके से घायल लोगों को NDRF की टीम रेस्क्यू किया।

मध्य प्रदेश के हरदा में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट में 11 लोगों की मौत हो गई। साथ ही 60 घरों में आग लग गई। हादसे में घायल 200 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में एडमिट कराया गया। इनमें 98 महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। गंभीर घायलों को भोपाल, इंदौर और नर्मदापुरम भेजा गया। कई लोग अभी भी लापता हैं।

फैक्ट्री मालिक गिरफ्तार: घटना के बाद फरार हुए फैक्ट्री मालिक राजेश अग्रवाल, सोमेश अग्रवाल और रफीक खान को रात करीब 9 बजे राजगढ़ जिले के सारंगपुर से गिरफ्तार किया गया।

आज हरदा पहुंचेंगे CM: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी जिलों के कलेक्टर और कमिश्नर के साथ ऑनलाइन मीटिंग की। सभी पटाखा फैक्ट्रियों के लाइसेंस की जांच करने और 24 घंटे में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। मोहन यादव आज हरदा पहुंचेंगे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. EC ने कहा- अजित पवार गुट ही असली NCP, विधायकों के बहुमत के आधार पर फैसला

चुनाव आयोग के फैसले के बाद मुंबई में NCP कार्यालय में अजित पवार के समर्थकों ने जश्न मनाया।

चुनाव आयोग के फैसले के बाद मुंबई में NCP कार्यालय में अजित पवार के समर्थकों ने जश्न मनाया।

चुनाव आयोग (EC) ने अजित पवार गुट को असली NCP घोषित किया है। आयोग ने कहा कि शरद पवार गुट को नया नाम और चुनाव चिह्न 7 फरवरी को अलॉट किया जाएगा। चुनाव आयोग ने 6 महीने में 10 सुनवाई करने के बाद यह फैसला लिया है। आयोग ने कहा है कि विधायकों की संख्या के बहुमत ने अजित गुट को NCP का नाम और चुनाव चिह्न हासिल करने में मदद की।

शरद पवार गुट आज SC जाएगा: चुनाव आयोग के फैसले के बाद दिल्ली में शरद पवार गुट के वकीलों की बैठक हुई। आज शरद पवार गुट चुनाव आयोग के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे सकता है।

जुलाई 2023 में बगावत हुई: अजित NCP के 8 विधायकों के साथ जुलाई 2023 में महाराष्ट्र की शिंदे सरकार में शामिल हुए थे। उन्होंने NCP के 40 विधायकों के समर्थन का दावा किया था। उन्हें डिप्टी CM बनाया गया। अजित ने 30 जून को ही NCP के नाम और सिंबल पर दावा किया था। इसके लिए उन्होंने चुनाव आयोग में अपील की थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. उत्तराखंड विधानसभा में UCC बिल पेश, CM धामी बोले- इसमें सभी धर्म और वर्ग का ध्यान रखा गया
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) बिल पेश किया। इसे ‘कॉमन सिविल लॉ’ नाम दिया गया है। UCC पर बिल लाने वाला उत्तराखंड पहला राज्य है। CM धामी ने कहा कि इस बिल में सभी धर्मों और सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है।

कानून लागू होने के बाद क्या बदलाव होंगे: इस बिल के कानून बनते ही लिव इन रिलेशन में रह रहे लोगों को रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी हो जाएगा। ऐसा नहीं करने पर सजा हो सकती है। इसके अलावा में बेटे और बेटी दोनों को संपत्ति में समान अधिकार का प्रावधान है। पति-पत्नी को तलाक तभी मिलेगा, जब दोनों के आधार और कारण एक जैसे होंगे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. चंडीगढ़ मेयर चुनाव का VIDEO, बैलट पेपर खराब कर कैमरे को देखते रहे चुनाव अधिकारी

बैलट पेपर पर टिक लगाने से पहले और बाद कैमरे की तरफ देखते चुनाव अधिकारी अनिल मसीह।

बैलट पेपर पर टिक लगाने से पहले और बाद कैमरे की तरफ देखते चुनाव अधिकारी अनिल मसीह।

चंडीगढ़ मेयर चुनाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव अधिकारी अनिल मसीह को फटकार लगाई थी। वह वीडियो सामने आया है, जिसे आम आदमी पार्टी ने 5 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में पेश किया था। वीडियो में चुनाव अधिकारी अनिल मसीह बैलट पेपर पर टिक करने के बाद CCTV कैमरे को देख रहे हैं।

अनिल भाजपा सदस्य और नॉमिनेटेड पार्षद: अनिल मसीह साल 2015 से भाजपा के सदस्य हैं। 2021 में उन्हें अल्पसंख्यक विंग का महासचिव बनाया गया। अक्टूबर 2022 में चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से उन्हें नगर निगम का नॉमिनेटेड पार्षद बनाया गया।

‌चुनाव में BJP कैंडिडेट की जीत हुई थी: चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव 30 जनवरी को हुए थे। भाजपा के पार्षद मनोज सोनकर नए मेयर बने। उन्होंने आप-कांग्रेस गठबंधन के कैंडिडेट कुलदीप टीटा को 4 वोटों से हराया था। इसके बाद AAP ने वोटों की गिनती में धांधली का आरोप लगाया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा, साउथ अफ्रीका को 2 विकेट से हराया

भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को दो विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 245 रन का टारगेट दिया। टीम इंडिया ने 48.5 ओवर में 8 विकेट पर टारगेट हासिल कर लिया। सचिन धास (96 रन) और कप्तान उदय सहारन (81 रन) ने 5वें विकेट के लिए 171 रन जोड़े।

11 फरवरी को फाइनल: 8 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच दूसरा सेमीफाइनल है। इसमें जीतने वाली टीम भारत से 11 फरवरी को फाइनल में भिड़ेगी। भारतीय टीम 9वीं बार U-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है। टीम ने 5 बार खिताब अपने नाम किया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. राहुल बोले- ममता अब भी गठबंधन का हिस्सा, सत्ता में आए तो आरक्षण की 50% की लिमिट हटाएंगे

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के 25वें दिन राहुल झारखंड के खूंटी पहुंचे। यहां उन्होंने बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के 25वें दिन राहुल झारखंड के खूंटी पहुंचे। यहां उन्होंने बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि ममता बनर्जी अब भी I.N.D.I.A ब्लॉक का हिस्सा हैं। गठबंधन में शामिल दलों के साथ सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत चल रही है। पिछले हफ्ते ममता ने बंगाल में लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा की थी। इससे पहले न्याय यात्रा के दौरान झारखंड के खूंटी में राहुल ने कहा, अगर I.N.D.I.A. गठबंधन सत्ता में आई तो हम आरक्षण पर 50% की लिमिट को उखाड़ कर फेंक देंगे।

66 दिन की न्याय यात्रा: 14 जनवरी को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मणिपुर के थौबल से भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत की। 66 दिनों तक चलने वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश के 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी। इस दौरान राहुल 6700 किमी का सफर तय करेंगे। यात्रा 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. नेशनल: केजरीवाल के पर्सनल सेक्रेटरी और AAP सांसद के घर छापा: पार्टी से जुड़े 10 ठिकानों पर पहुंची ED; आतिशी बोलीं- हर जांच में घोटाला (पढ़ें पूरी खबर)
  2. नेशनल: दिल्ली में लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी गिरफ्तार: आर्मी से रिटायर्ड है रियाज अहमद, LOC पार से गोला-बारूद लाता था (पढ़ें पूरी खबर)
  3. बिजनेस: TCS का मार्केट कैप ₹15 लाख करोड़ के पार: ऐसा करने वाली देश की दूसरी कंपनी, टाटा ग्रुप का मार्केट कैप ₹30 लाख करोड़ हुआ (पढ़ें पूरी खबर)
  4. स्पोर्ट्स: सैयद मोहसिन नकवी PCB के नए चेयरमैन: जका अशरफ की जगह जिम्मेदारी संभाली; अशरफ ने पिछले महीने इस्तीफा दे दिया था (पढ़ें पूरी खबर)
  5. नेशनल: गोवा में सी-सर्वाइवल सेंटर, इंडिया एनर्जी वीक का उद्घाटन: मोदी बोले- भारत एनर्जी का तीसरा सबसे बड़ा कंज्यूमर, इन्फ्रास्ट्रक्चर पर 10,000 करोड़ खर्च करेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
  6. इंटरनेशनल: PAK नेवी ने 9 भारतीय नाविकों को रेस्क्यू किया: मेडिकल मदद, खाना-पानी भी दिया; कराची के पास जहाज के जनरेटर में आई थी खराबी (पढ़ें पूरी खबर)
  7. बिजनेस: सुनक के मंत्री पर इंफोसिस की मदद का आरोप: मंत्री बोले- ब्रिटेन में कंपनी की तरक्की के लिए काम करेंगे; इंफोसिस में अक्षता भी हिस्सेदार (पढ़ें पूरी खबर)
  8. इंटरनेशनल: ईरान में इंडियन टूरिस्ट्स को अब वीजा की जरूरत नहीं : 15 दिन ठहर सकेंगे, सिर्फ हवाई यात्रियों को ही यह सुविधा मिलेगी (पढ़ें पूरी खबर)
  9. इंटरनेशनल: अब फ्लैट अलॉटमेंट स्कैंडल में फंसीं मालदीव के राष्ट्रपति की पत्नी: गरीबों के मकान चहेतों को देने का आरोप; प्रेसिडेंट बोले- वाइफ साजिदा बेकसूर (पढ़ें पूरी खबर)
  10. इंटरनेशनल: पाकिस्तान बोला- भारत मुल्क में घुसकर हमारे नागरिक मार रहा: आर्मी चीफ मुनीर ने कहा- अंतरराष्ट्रीय कानून तोड़ना उसकी आदत, हर हमले का जवाब देंगे (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

समुद्र तट पर बोतल में मिला 30 साल पुराना संदेश

न्यूयॉर्क के समुद्र तट पर एक शख्स को 30 साल पुराना बोतलबंद संदेश मिला। यह संदेश 9वीं क्लास के दो छात्रों ने अक्टूबर 1992 में लिखा था। लड़कों ने बोतल को लॉन्ग आइलैंड के पास अटलांटिक महासागर में फेंक दिया था। लेटर में लिखा था- स्कूल प्रोजेक्ट से जुड़ी जानकारी भरें और हमें इस पते पर लौटा दें। इससे पहले भी कई बार संदेश वाले बोतल पाए जा चुके हैं। साल 1972 में हाई स्कूल के लड़के ने एक संदेश लिखा था, जो 2019 में मिला था।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…