मॉर्निंग न्यूज पॉडकास्ट: 6 घंटे के लिए भारत आए पुतिन मोदी से मिलकर लौटे, महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के सबसे ज्यादा केस

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • व्लादिमीर पुतिन नरेंद्र मोदी| दैनिक भास्कर समाचार सुर्खियों में; भारत और रूस ने अफगानिस्तान व्यापार पर बात की, मुंबई ने ओमाइक्रोन के पहले 2 मामलों की रिपोर्ट दी

5 घंटे पहले

नमस्कार,
आज मंगलवार है, तारीख 7 दिसंबर; अगहन मास, शुक्ल पक्ष और चतुर्थी तिथि

सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. PM मोदी गोरखपुर में रहेंगे। वे यहां एम्स और फर्टिलाइजर प्लांट का उद्घाटन करेंगे।
  2. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और रूसी राष्ट्रपति पुतिन यूक्रेन के मसले पर बात करेंगे।
  3. अखिलेश यादव और जयंत चौधरी रैली करेंगे। इसमें गठबंधन की घोषणा हो सकती है।
  4. अपनी बची मांगों पर रणनीति बनाने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा मीटिंग करेगा।

अब कल की प्रमुख खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी
1. 6 घंटे भारत में रहे पुतिन, मोदी से मुलाकात में बोले- भारत भरोसेमंद दोस्त

एक दिन की भारत यात्रा पर आए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन 6 घंटे दिल्ली में रुकने के बाद मॉस्को के लिए रवाना हो गए। आने के बाद एयरपोर्ट से वे सीधे हैदराबाद हाउस पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच कुल 28 समझौते हुए। पुतिन ने कहा कि हम भारत को एक महान शक्ति और भरोसेमंद दोस्त के तौर पर देखते हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

2. ऑक्सफोर्ड की प्रोफेसर का दावा-कोरोना से ज्यादा घातक हो सकती हैं भविष्य की महामारियां
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की वैक्सीनोलॉजी की प्रोफेसर डेम सारा गिल्बर्ट का कहना है कि कोरोना के बाद भविष्य में आने वाली महामारियां और भी ज्यादा खतरनाक हो सकती हैं। कोरोना के दौरान हमने जो गलतियां की हैं, उनसे सबक लेकर ऐसी महामारियों से लड़ने के लिए तैयार रहना होगा। कोरोनाकाल के दौरान मिले हर एक सबक को बेकार नहीं जाने देना चाहिए।
पढ़ें पूरी खबर…

3. महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन से संक्रमित दो और मरीज मिले, देश में अब कुल 24 मामले
महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन वैरिएंट के दो और मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें एक 37 साल का शख्स है जो दक्षिण अफ्रीका से लौटा था। दूसरी एक 36 साल की महिला है। वह अमेरिका से आई थी। दोनों दोस्त बताए जा रहे हैं। उनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं थे। महाराष्ट्र में अब ओमिक्रॉन के 10 और देश में 24 मामले हो गए हैं। राहत की बात है कि सोमवार को कहीं और नया केस नहीं मिला।
पढ़ें पूरी खबर…

4. शादी के लिए विक्की-कटरीना राजस्थान पहुंचे, आज से शुरू होंगे कार्यक्रम
विक्की कौशल और कटरीना कैफ अपनी शाही शादी के लिए राजस्थान के बरवाड़ा फोर्ट पहुंच गए हैं। पहले दोनों विशेष विमान से जयपुर पहुंचे। इसके बाद सड़क के रास्ते बरवाड़ा फोर्ट के लिए रवाना हुए। 9 दिसंबर को यहां के होटल सिक्स सेंसेस फोर्ट में दोनों की शादी होगी। कटरीना के भाई-बहन पहले ही जयपुर पहुंच गए थे। विक्की और कटरीना 12 दिसंबर तक बरवाड़ा फोर्ट में रुकेंगे।
पढ़ें पूरी खबर…

5. भारतीय मूल के CEO ने 3 मिनट में 900 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला
न्यूयॉर्क में एक कंपनी के CEO ने एक झटके में 900 लोगों को नौकरी से निकाल दिया। ऐसा करने के लिए उन्होंने सिर्फ तीन मिनट का वक्त लिया। कंपनी का नाम Better.com है। इसके CEO विशाल गर्ग हैं। बीते बुधवार को कंपनी के कर्मचारियों की जूम मीटिंग बुलाई गई थी। इसी में कर्मचारियों को काम पर न आने के लिए कह दिया गया। निकाले गए कर्मचारी कुल स्टाफ का 15% हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

6. बिहार में जातीय जनगणना होगी, पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी
बिहार सरकार अपने खर्च पर राज्य में जातीय जनगणना कराएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इसकी तैयारी हो चुकी है। सरकार पारदर्शी तरीके से जनगणना कराएगी। इस मसले पर सियासी सहमति बन चुकी है। हम जल्द ही सभी दलों की बैठक बुलाएंगे। इससे पहले कर्नाटक अपने स्तर से जातीय जनगणना करा चुका है। ऐसा करने वाला बिहार देश का दूसरा राज्य होगा।
पढ़ें पूरी खबर…

7. नगालैंड में सेना की फायरिंग पर संसद में बोले शाह- आगे ऐसी घटना नहीं होगी
केंद्र सरकार ने संसद में माना है कि नगालैंड में सेना की फायरिंग एक गलती थी। इस घटना में 14 लोगों की मौत के बाद विपक्ष ने सरकार से जवाब मांगा था। गृहमंत्री अमित शाह ने दोनों सदनों में सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा- सेना ने नागरिकों को पहचानने में गलती की। इस घटना की जांच के लिए SIT बनाई जाएगी, जो एक महीने के अंदर रिपोर्ट सौंपेगी।
पढ़ें पूरी खबर…

8. वसीम रिजवी ने हिंदू धर्म अपनाया, बोले- इस्लाम का दूसरा नाम ही आतंक है

उत्तर प्रदेश शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन सैयद वसीम रिजवी ने गाजियाबाद में इस्लाम छोड़ सनातन धर्म कबूल कर लिया। उन्होंने अपना नाम बदलकर जितेंद्र नारायण सिंह त्यागी रख लिया है। उन्होंने कहा कि इस्लाम का दूसरा नाम ही आतंक है, जिसकी शुरुआत 1400 साल पहले अरब के रेगिस्तान में हुई थी। मैंने इस्लाम धर्म को छोड़ा नहीं है। मुझे तो वहां से निकाला गया है।
​​​​​​​पढ़ें पूरी खबर…

कुछ अहम खबरें, सिर्फ हेडलाइन में

  1. टीम इंडिया की टेस्ट में सबसे बड़ी जीत, न्यूजीलैंड को 372 रनों से हराया; घर में लगातार 14वीं सीरीज जीती (पढ़ें पूरी खबर)
  2. मनाली और शिमला समेत कई टूरिस्ट प्लेस में बर्फबारी शुरू, अटल टनल से ट्रैफिक की आवाजाही रोकी गई (पढ़ें पूरी खबर)
  3. बिहार में फर्जीवाड़ा; RT-PCR जांच कराने वालों में मोदी-शाह का नाम, लिस्ट में सोनिया गांधी और कटरीना भी (पढ़ें पूरी खबर)
  4. सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव में 27% आरक्षण का फैसला रद्द किया, सितंबर में सरकार ने दी थी मंजूरी (पढ़ें पूरी खबर)

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
1982 में पहली बार जहरीले इंजेक्शन से मौत की सजा दी गई थी। सजा पाने वाले का नाम था चार्ल्स ब्रूक्स जूनियर। अमेरिका के टेक्सास शहर में दवाओं के कॉकटेल को ब्रूक्स के शरीर में डाला गया। इससे उनका दिमाग और शरीर सुन्न पड़ गए। दिल की धड़कनें रुकने से उसकी मौत हो गई। ब्रूक्स पर एक मैकेनिक की हत्या का दोष साबित हुआ था। इस घटना ने आम लोगों और डॉक्टरों के बीच बहस छेड़ दी कि मौत की सजा देने की यह प्रक्रिया मानवीय है या नहीं? हालांकि जहरीले इंजेक्शन से मौत की सजा देने का सिलसिला आज भी जारी है। (आज के दिन हुईं कुछ और घटनाएं)

और अब आज का विचार
​​​​​​​कामयाबी कोई अचानक हुई घटना नहीं है। यह मेहनत, लगन, नॉलेज, प्रैक्टिस, आप जो कर रहे हैं उससे प्यार करने और उसे करते रहने की चाह होने का नतीजा है। -पेले, ब्राजील के महान फुटबॉलर

आपका दिन शुभ हो, कल फिर मिलेंगे…

खबरें और भी हैं…

.