मॉर्निंग न्यूज पॉडकास्ट: ओलिंपिक में नीरज चोपड़ा का गोल्डन थ्रो, बजरंग ने ब्रॉन्ज पर दांव लगाया, देश में 5वीं कोरोना वैक्सीन को मंजूरी

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • नीरज चोपड़ा बजरंग पुनिया | दैनिक भास्कर समाचार सुर्खियों में; नीरज चोपड़ा ने जीता स्वर्ण पदक, टोक्यो ओलंपिक में बजरंग पुनिया को कांस्य, जॉनसन एंड जॉनसन कोविड वैक्सीन को मिली आपातकालीन उपयोग की मंजूरी

एक घंटा पहले

नमस्कार,

आज रविवार है, तारीख 8 अगस्त 2021; श्रावण मास, कृष्ण पक्ष और अमावस्या तिथि

सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. टोक्यो ओलिंपिक का समापन होगा। हालांकि, आज भारत का कोई इवेंट नहीं है।
  2. BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा यूपी दौरे के आखिरी दिन आगरा में बैठक करेंगे।
  3. चुनावी तैयारी का जायजा लेने गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड जा सकते हैं।

अब कल की प्रमुख खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी
1. टोक्यो ओलिंपिक में नीरज चोपड़ा ने भारत को दिलाया पहला गोल्ड

भारत का ओलिंपिक में एथलेटिक्स मेडल जीतने का 121 साल का इंतजार खत्म हो गया है। जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने फाइनल मुकाबले में जेवलिन थ्रो का गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इससे पहले ब्रिटिश इंडिया की तरफ से खेलते हुए नॉर्मन प्रिटचार्ड ने साल 1900 में हुए ओलिंपिक में एथलेटिक्स में दो मेडल जीते थे। नीरज ने टोक्यो ओलिंपिक में भारत को पहला गोल्ड मेडल भी दिलाया है।
पढ़िए पूरी खबर..

2. मिल्खा सिंह को मेडल समर्पित कर नीरज बोले- वे स्वर्ग से देख रहे होंगे
फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह चाहते थे कि कोई भारतीय एथलेटिक्स में ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीते। जेवलिन थ्रो में गोल्ड जीतकर नीरज चोपड़ा ने इसे सच कर दिया। मिल्खा सिंह का कोविड संक्रमण के बाद 18 जून को निधन हो गया था। मिल्खा सिंह ने 1956 के मेलबर्न ओलिंपिक, 1960 के रोम ओलिंपिक और 1964 के टोक्यो ओलिंपिक में हिस्सा लिया था, लेकिन वे मेडल नहीं जीत सके थे।
पढ़िए पूरी खबर..

3. बजरंग ने ब्रॉन्ज मेडल जीता, लंदन ओलिंपिक से आगे निकला भारत

टोक्यो ओलिंपिक में स्टार रेसलर बजरंग पूनिया ने फ्री स्टाइल कुश्ती के 65 किलोग्राम वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्होंने कजाकिस्तान के पहलवान को 8-0 से हराया। जेवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा के गोल्ड मेडल के बाद भारत ने 2012 लंदन ओलिंपिक के मेडल रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। लंदन में भारतीय दल ने 6 मेडल जीते थे। जबकि टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय दल 7 मेडल जीत चुका है।
पढ़िए पूरी खबर..

4. रेप पीड़िता के परिवार का फोटो शेयर किया, ट्विटर ने राहुल का ट्वीट हटाया
ट्विटर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस ट्वीट को हटा दिया है, जिसमें रेप और हत्या की शिकार नाबालिग के परिवार वालों की पहचान उजागर हो रही थी। इस ट्वीट में उन्होंने पीड़िता के फैमिली वालों से मुलाकात की तस्वीर शेयर की थी। माइक्रोब्लॉगिंग साइट का कहना है कि यह उसके नियमों का उल्लंघन है। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने इस ट्वीट को लेकर शिकायत की थी।
पढ़िए पूरी खबर..

5. जॉनसन एंड जॉनसन की सिंगल डोज वैक्सीन को इमरजेंसी अप्रूवल
भारत सरकार ने अमेरिकी कंपनी जॉनसन एंड जॉनसन की सिंगल डोज वैक्सीन जैनसन के इमजेंसी यूज का अप्रूवल दे दिया है। कंपनी ने शुक्रवार को ही इसके लिए आवेदन किया था। उसी दिन ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने इसे मंजूरी दे दी। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि इस अप्रूवल के बाद कोरोना संक्रमण के खिलाफ चल रही जंग को मजबूती मिलेगी।
पढ़िए पूरी खबर..

6. कुंभ के दौरान फर्जी कोरोना टेस्टिंग, ED ने लैब्स पर मारे छापे
हरिद्वार में कुंभ मेले के दौरान फर्जी कोरोना टेस्टिंग के मामले में ED ने 5 डायग्नोस्टिक फर्मों के टॉप अधिकारियों के घरों और ऑफिस की तलाशी ली। इन प्रयोगशालाओं को उत्तराखंड सरकार ने कुंभ मेले के दौरान रैपिड एंटीजन टेस्ट और RT-PCR टेस्ट कराने का ठेका दिया था। आरोप है कि इन्होंने टेस्टिंग की जितनी संख्या दिखाई, उतनी हुई नहीं थी। लिस्ट में बहुत से नाम फर्जी थे।
पढ़िए पूरी खबर..

7. बाढ़ वाले इलाकों में पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री की गाड़ी पर फेंका कीचड़
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मध्य प्रदेश के श्योपुर में बाढ़ग्रस्त इलाकों में दौरा करने पहुंचे। इस दौरान गुस्साए लोग केंद्रीय मंत्री की गाड़ी के सामने लेट गए। उनका घेराव भी किया। कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी पर कीचड़ भी फेंक दिया। लोगों की शिकायत थी कि उन्हें बाढ़ के पहले चेतावनी नहीं दी गई थी। जिला प्रशासन ने मुनादी भी नहीं करवाई। अब बाढ़ में उनका सब कुछ तबाह हो गया।
पढ़िए पूरी खबर..

8. पहले टेस्ट में भारत को 209 रन का टारगेट, बुमराह ने 5 विकेट लिए
इंग्लैंड ने पहले टेस्ट में भारत को 209 रनों का टारगेट दिया है। इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में 303 रनों के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड की ओर से कप्तान जो रूट ने सबसे ज्यादा 109 रन बनाए। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने 64 रन देकर 5 विकेट लिए। भारत ने स्टंप्स तक 1 विकेट खोकर 52 रन बना लिए हैं। भारत को मैच जीतने के लिए 5वें दिन के खेल में 157 रन और बनाने होंगे।
पढ़िए पूरी खबर..

कुछ अहम खबरें, सिर्फ हेडलाइन में

  1. कोरोना की वैक्सीन न लगवाने वालों के दोबारा संक्रमित होने का खतरा दोगुना, रीइन्फेक्टेड लोगों पर स्टडी में खुलासा
  2. मध्य प्रदेश में बाढ़ से 6 जिलों में 10 हजार परिवार बेघर हुए, राजस्थान के कोटा संभाग में 25 में से 20 नदियां उफान पर
  3. मोदी के मंत्रियों की अगले हफ्ते बैठक, तीन दिन तक चलने वाली मीटिंग में अगले तीन साल का एजेंडा तैयार होगा

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
79 साल पहले आज ही के दिन भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत हुई थी। दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान ब्रिटिश फौजों की दक्षिण-पूर्व एशिया में हार होने लगी थी। युद्ध में भारतीयों की मदद ब्रिटेन के लिए बहुत जरूरी थी। उसने बिना किसी मशविरे के भारत को युद्ध में झोंक दिया था। इससे बने गतिरोध को खत्म करने के लिए मार्च 1942 में ब्रिटिश संसद के सदस्य सर स्टेफर्ड क्रिप्स को भारत भेजा गया। क्रिप्स मिशन की असफलता के बाद कांग्रेस कमेटी ने 8 अगस्त, 1942 को मुंबई में बैठक बुलाई। गांधी जी ने इसी में करो या मरो का नारा दिया। इसी तरह 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत हुई।

और अब आज का विचार
हार आपको ज्यादा मजबूत, ज्यादा बुद्धिमान और ज्यादा सहनशील बनाती है। यह आपको जीत के लिए तैयार करती है। – जर्मनी केंट

आपका दिन शुभ हो, कल फिर मिलेंगे…

खबरें और भी हैं…

.

Leave a Reply