मणिशंकर अय्यर बोले- पाकिस्तान को इज्जत दे भारत: उसके पास परमाणु बम, कोई सिरफिरा आया तो हम पर इसका इस्तेमाल कर सकता है

  • Hindi News
  • National
  • Mani Shankar Aiyar Pakistan Remark; PM Modi Congress | India Pakistan Relation

नई दिल्ली1 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

मणिशंकर अय्यर का ये वीडियो अप्रैल 2024 का बताया जा रहा है। दैनिक भास्कर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।

लोकसभा चुनाव के बीच पूर्व कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा है कि भारत को पाकिस्तान को इज्जत देनी चाहिए। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि उसके पास भी परमाणु बम है। कोई सिरफिरा आया तो हम पर इसका इस्तेमाल कर सकता है।

अय्यर ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा- मुझे ये समझ नहीं आता कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ये क्यों कहती है कि हम पाकिस्तान से बात नहीं करेंगे, क्योंकि वहां आतंकवाद है। अय्यर का यह बयान अप्रैल 2024 का बताया जा रहा है, जो अब काफी वायरल हो रहा है।

उन्होंने आगे कहा- ये समझना जरूरी है कि आतंकवाद को खत्म करने के लिए चर्चा बहुत जरूरी है। वर्ना, पाकिस्तान सोचेगा कि भारत अहंकार के साथ हमें दुनिया में छोटा दिखा रहा है। ऐसे में पाकिस्तान में कोई भी पागल इस बम का इस्तेमाल भारत पर कर सकता है।

मणिशंकर अय्यर से पहले ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष रहे सैम पित्रोदा ने भी चुनाव के बीच दो बयान दिए थे, जिससे कांग्रेस की काफी किरकिरी हुई। उन्होंने भारत में विरासत टैक्स लगाने की बात की थी। इस पर राहुल गांधी को सफाई देनी पड़ी थी। पित्रोदा ने दो दिन पहले दक्षिण भारतीयों को अफ्रीकी जैसा दिखने वाला बयान दिया था।

इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि कांग्रेस के लोग चमड़े का रंग देखकर देश के लोगों को बांट रहे हैं। पित्रोदा के बयान से कांग्रेस ने किनारा कर लिया था। इसके कुछ घंटे बाद ही पित्रोदा ने कांग्रेस ओवरसीज प्रेसीडेंट पद से इस्तीफा दे दिया।

वायरल वीडियो में अय्यर ने क्या कहा…
अय्यर ने कहा- पाकिस्तान भी एक संप्रभु मुल्क है। उनकी भी इज्जत है। उनकी इज्जत को कायम रखते हुए उनसे जितनी कड़ी बात करनी है करो, लेकिन बात तो करो। आप बंदूक लेकर घूम रहे हो। उससे क्या हल मिला…कुछ नहीं। तनाव बढ़ता जाता है। कोई भी पागल वहां आ जाए तो क्या होगा देश का।

उनके पास एटम बम है। हमारे पास भी है, लेकिन किसी पागल ने हमारे बम को लाहौर स्टेशन में छोड़ा तो आठ सेकेंड के अंदर उसकी रेडियो एक्टिविटी अमृतसर पहुंचेगी। आप उसको इस्तेमाल करने को रोको। लेकिन आपने उससे बात की, उसको इज्जत दी तो तभी जाकर वह अपने बम के बारे में नहीं सोचेंगे। मगर आपने उसको ठुकरा दिया तो फिर क्या होगा।

दुनिया का विश्व गुरु बनना हो तो यह जरूरी है दिखाने के लिए कि जितना भी खराब हो। हमारी समस्या पाकिस्तान के साथ, उसका हल निकालने के लिए हम मेहनत कर रहे है। पिछले 10 साल से सारा मेहनत बंद है। मस्कुलर पॉलिसी दिखाने वाले भारत को यह नहीं भूलना चाहिए कि पाकिस्तान के पास भी कहुटा (रावलपिंडी) में मसल (परमाणु बम) है।

अय्यर के वीडियो पर भाजपा ने क्या कहा
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह: राहुल गांधी, कांग्रेस, मणिशंकर अय्यर पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। मैं कहना चाहूंगा कि कांग्रेस को ये दोहरी नीति छोड़ देनी चाहिए, भारत इतना ताकतवर है कि अगर उसने हम पर नजर डाली तो पाकिस्तान नहीं रहेगा। वे फारूक अब्दुल्ला की भाषा बोल रहे हैं। कांग्रेस पाकिस्तान की आतंकवादियों की भाषा बोलती है।

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला: कांग्रेस का ‘पाकिस्तान प्रेम’ रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ‘प्रथम परिवार’ के करीबी मणिशंकर अय्यर बाहुबल और ताकत का प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस की लिस्ट देखिए- उन्हें सबसे पहले पाकिस्तान से समर्थन मिला। 26/11 में कसाब को क्लीन चिट दी गई। कांग्रेस का हाथ पाकिस्तान के साथ है।