भास्कर LIVE अपडेट्स: प्री-कोविड घरेलू उड़ानों में से 85% को ऑपरेट करने की इजाजत, महीने में 15 दिन लागू रहेगी किराए की मिनिमम और मैक्सिमम लिमिट

6 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

पिछले साल देश भर में लॉकडाउन के बाद मई में सरकार ने हवाई किराए की एक सीमा तय कर दी थी। ऐसा इसलिए किया गया, क्योंकि तब कम संख्या में फ्लाइट चल रही थीं।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने घरेलू उड़ानों की संख्या में बढ़ोतरी का फैसला किया है। मंत्रालय की तरफ से कहा गया कि नई दिल्ली एयरलाइंस अब तक की अनुमति वाले 72.5% के बजाय अपनी प्री-कोविड घरेलू उड़ानों में से अधिकतम 85% को ऑपरेट कर सकती हैं। फ्लाइट्स 12 अगस्त से अपनी प्री-कोविड घरेलू उड़ानों में से 72.5% को ऑपरेट कर रही हैं। 5 जुलाई से 12 अगस्त के बीच यह सीमा 65% थी। 1 जून से 5 जुलाई के बीच यह सीमा 50% थी।

अब हवाई किराए की मिनिमम और मैक्सिमम लिमिट महीने में केवल 15 दिन लागू रहेगी। यह महीने में किसी भी समय 15 दिन तक लागू होगी और विमानन कंपनी 16वें दिन से बिना किसी सीमा में किराया ले सकेंगी। मान लीजिए आज तारीख 20 सितंबर है, तो किराया सीमा 4 अक्टूबर तक लागू रहेगी। पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज की अन्य महत्वपूर्ण खबरें…

गुजरात के वडोदरा में भारी बारिश

गुजरात के वडोदरा में रविवार को भारी बारिश हुई। बारिश की वजह से कई जगहों पर जलभराव हो गया। ये तस्वीरें रावपुरा मेन रोड की हैं। इससे लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

चीन में नाव पलटने से 8 की मौत, 7 घायल
चीन के गुइझोउ प्रांत में नदी में नाव के पलट जाने से 8 लोगों की मौत हो गई और 7 लापता हैं। गोताखोर लापता लोगों की तलाशी कर रहे हैं। दुर्घटना शनिवार को स्थानीय समयानुसार शाम 4:50 बजे लिउपांशुई शहर के जांगके कस्बे में हुई। नाव को 40 लोगों को ले जाने के लिए डिजाइन किया गया था, लेकिन अधिकारी अभी भी यात्रियों की सही संख्या की जांच कर रहे हैं।

सप्लीमेंट्री चार्जशीट में खुलासा- राज ने बनाई थीं 119 फिल्में

पोर्न फिल्मों के कारोबारी राज कुंद्रा ने 2 साल में अपने ऐप के यूजर्स 3 गुना और मुनाफा 8 गुना बढ़ाने का प्लान बनाया था। वह अपनी 119 फिल्मों का पूरा कलेक्शन 8.84 करोड़ रुपए में बेचना चाहता था। उसके एक ऐप पर पाबंदी लग गई, तो उसने दूसरा ऐप भी बनवा लिया था। राज डिजिटल मीडिया से अवैध तरीके से पैसा कमाने के इतने सारे पैंतरे अजमा रहा था। पूरी खबर यहां पढ़ें…

विदेशी पर्यटकों को जल्द ही भारत आने की मिल सकती है इजाजत
भारत डेढ़ साल बाद विदेशी पर्यटकों के लिए अपने दरवाजे जल्द ही खोल सकता है। कोरोना के मामलों में गिरावट को देखते हुए इसे लेकर विचार किया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, पहले पांच लाख विदेशी पर्यटकों को मुफ्त वीजा जारी किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय के टॉप अधिकारी विदेशी पर्यटकों के लिए देश को खोलने की तारीख और तौर-तरीकों पर स्टेकहोल्डर्स से बात कर रहे हैं। मार्च 2020 से देश भर में लॉकडाउन की घोषणा के बाद से टूरिज्म, हॉस्पिटैलिटी और विमानन सेक्टर बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

बीते 24 घंटे में देश में 30,773 कोरोना केस मिले

देश में बीते 24 घंटे में 30,773 कोरोना केस मिले और 38,945 लोग रिकवर हुए। इस दौरान 309 पीड़ितों की मौत हुई। अब तक 3.34 करोड़ लोग संक्रमित हुए हैं और 3.26 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, 4.44 लाख लोगों ने जान गंवाई है। फिलहाल एक्टिव मामलों की संख्या 3.32 लाख है।

भोपाल में पहला लिवर ट्रांसप्लांट
भोपाल में लिवर ट्रांसप्लांट करने वाली टीम को लीड करने वाले डॉक्टर गुरसागर सिंह सहोता ने बताया कि मरीज का लिवर काम कर रहा है। मरीज की हालत ठीक है। अभी ICU में है। शुरुआती कुछ दिन क्रिटिकल होते हैं। इंदौर की 52 साल की डेंटल सर्जन डॉ. संगीता पाटिल का लिवर भोपाल में एडमिट 35 साल के मरीज को लगाया गया है। बंसल अस्पताल में गुरुवार को 8 डॉक्टरों की टीम ने 8:30 घंटे तक ऑपरेशन कर लिवर ट्रांसप्लांट किया। पूरी खबर यहां पढ़ें…

अंतरिक्ष की सैर कर वापस लौटे चारों आम लोग
अमेरिकी बिजनेसमैन एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट में अंतरिक्ष सैर पर गए चार आम लोग वापस लौट आए हैं। आज सुबह एयरक्राफ्ट ने फ्लोरिडा के तट के आगे अटलांटिक समुद्र में लैंडिंग की। चारों लोग तीन दिन पहले इंस्पिरेशन-4 नाम के इस मिशन पर गए थे। सफर पर गईं डॉ. सियान प्रॉक्टर ने ट्वीट किया- ये मेरी जिंदगी का सबसे अच्छा सफर था। शुक्रिया एलन मस्क और स्पेसएक्स। पूरी खबर यहां पढ़ें…

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का हिमाचल दौरा खत्म

देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का हिमाचल दौरा आज रविवार को खत्म हो रहा है। सुबह 11:00 बजे वायु सेना के हेलिकॉप्टर से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। 20 सितंबर तक उनके यहां पर रुकने का प्रोग्राम था, लेकिन कोविड और मौसम के चलते उनके शेड्यूल में बदलाव किया गया और उनका शिमला प्रवास 1 दिन कम कर दिया गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 16 सितंबर को शिमला पहुंचे थे। उन्होंने विधानसभा के विशेष सत्र और दीक्षांत समारोह में भाग लिया। राष्ट्रपति ने अपने परिवार के साथ जाखू मंदिर जाकर भगवान हनुमान के दर्शन किए और परिवार पूजा अर्चना की। पूरी खबर यहां पढ़ें…

पंजाब के नए CM की रेस
कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद पंजाब का नया CM कौन होगा? इसको लेकर कांग्रेस का मंथन जारी है। अंबिका सोनी ने CM बनने की ऑफर ठुकरा दी। उन्होंने पार्टी को यह भी सुझाव दिया कि पंजाब में सिख चेहरा ही CM होना चाहिए। सोनी ने पार्टी को चेतावनी भी दी कि ऐसा न हुआ तो पंजाब में कांग्रेस बिखर सकती है। सोनी के इनकार के बाद अब रेस में नवजोत सिद्धू, उनके करीबी सुखजिंदर रंधावा और सुनील जाखड़ चल रहे हैं। इनमें भी रंधावा अब आगे दिखाई दे रहे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

UAE में आज से IPL फेज-2 की शुरुआत

IPL 2021 के बाकी बचे 31 मैच 19 सितंबर से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेले जाएंगे। फेज-2 का पहला मैच 19 सितंबर को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। 27 दिन के अंदर सभी 31 मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें से दुबई में 13, शारजाह में 10 और अबु धाबी में 8 मुकाबले होंगे। इस दौरान 7 डबल हेडर्स (एक दिन में 2 मुकाबले) भी होंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें…

राहुल के घर पर शनिवार देर रात हुई मीटिंग
कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद बने हालात पर चर्चा के लिए शनिवार देर रात अहम मीटिंग हुई। इस मीटिंग में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और अंबिका सोनी शामिल हुए। इसके बाद ही मुख्यमंत्री पद के लिए अंबिका सोनी के नाम की अटकलें शुरू हुईं।

खबरें और भी हैं…

.