भास्कर LIVE अपडेट्स: गृह मंत्री शाह का तंज- कांग्रेस नमाज के लिए छुट्टी देती है; इसके लिए नेशनल हाईवे तक जाम किए जाते हैं

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • ब्रेकिंग न्यूज लाइव अपडेट | दैनिक भास्कर ब्रेकिंग न्यूज हेडलाइंस टुडे, भारत और दुनिया नवीनतम तस्वीरें वीडियो

22 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राजनीतिक रूप से सत्ता हथियाकर उसका उपभोग करने वाली पार्टी है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को देहरादून में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि कांग्रेस वादाखिलाफी करने वाली पार्टी है। चुनाव आते ही कांग्रेसी नए कपड़े सिलवा लेते हैं। शाह ने कहा कि कांग्रेस सरकार शुक्रवार को नमाज पढ़ने के लिए छुट्टी देती है। नेशनल हाईवे जाम करके नमाज पढ़ी जाती है। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस पार्टी देवभूमि का विकास नहीं कर सकती है।

शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार और घपले-घोटाले का पर्याय बनी हुई है। कांग्रेस किसी भी राज्य में कल्याण का काम नहीं कर सकती, ना वो गरीबों के बारे में सोच सकती है और न अच्छे प्रशासन के बारे में। अच्छा प्रशासन मोदी जी के नेतृत्व में केवल भाजपा सरकार ही दे सकती है। उत्तराखंड में विकास की बयार तभी आई, जब जनता ने पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनाई। शाह ने कोरोना से बचाव का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड वैक्सीन की पहली डोज शत-प्रतिशत पात्र आबादी को देने वाले राज्यों में शामिल है।

आज की अन्य प्रमुख खबरें…

जियोफोन नेक्स्ट में मिलेगी रिमूवेबल बैटरी, दो सिम कार्ड लगा पाएंगे
रिलायंस जियो ने अपने जियोफोन नेक्स्ट स्मार्टफोन को फाइनली लॉन्च कर दिया है। फोन की कीमत 6499 रुपए है, लेकिन ग्राहक इसे 1999 रुपए में खरीद सकते हैं। बाकी का अमाउंट मिनिमम 300 रुपए की EMI में चुका सकते हैं। ग्राहक चाहें तो पूरा पेमेंट करके भी इस फोन को खरीद सकता है। इस फोन की डिजाइन, ऑपरेटिंग सिस्टम कैसा है। इसके बारे में दैनिक भास्कर सबसे पहले बता रहा है। हमारे पास फोन की एक्सक्लूसिव फुटेज हैं। आइए आप भी देखिए जियो का पहला स्मार्टफोन यानी जियोफोन नेक्स्ट कैसा दिखता है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

राहुल गांधी ने गोवा में मछुआरों से बातचीत की

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को गोवा में मछुआरों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि जब यूपीए सरकार सत्ता में थी, तब पेट्रोल के इंटरनेशनल दाम 140 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गए थे। आज पेट्रोल और डीजल के इंटरनेशनल दाम जब हम सत्ता में थे, उससे काफी कम हैं लेकिन आपको पेट्रोल और डीजल के लिए बहुत ज्यादा भुगतान करना पड़ता है।

1 नवंबर से कई मोबाइल फोन्स पर काम नहीं करेगा वॉट्सऐप
देशभर में 1 नवंबर से कई बदलाव होने जा रहे हैं। अगले महीने से कुछ आईफोन और एंड्रॉयड फोन्स में वॉट्सऐप काम नहीं करेगा। इसके अलावा 1 नवंबर से SBI ग्राहक वीडियो कॉल के जरिए लाइफ सर्टिफिकेट जमा कराने की सुविधा भी मिलेगी। हम आपको 1 नवंबर से होने वाले ऐसे ही बदलावों के बारे में बता रहे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

भाई आर्यन को बेल मिलते ही न्यूयॉर्क से जल्द मुंबई लौटेंगी सुहाना खान
शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान जल्द ही मुंबई लौटने वाली हैं। सुहाना इन दिनों न्यूयॉर्क, अमेरिका में हैं जहां वह पढ़ाई करने गई हुई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिता शाहरुख के 2 नवंबर को जन्मदिन और दिवाली को देखते हुए सुहाना ने पहले ही मुंबई आने की प्लानिंग कर ली थी लेकिन भाई आर्यन के ड्रग्स केस में फंसने के बाद उनके परिवार ने सलाह दी कि वह अभी मुंबई ना आएं और अमेरिका में ही रहें। हालांकि, अब आर्यन जेल से छूट चुके हैं तो सुहाना जल्द ही मुंबई आ जाएंगी। सुहाना जल्द से जल्द आर्यन और पूरे परिवार से मिलना चाहती हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

बसपा के 6 विधायक सपा में शामिल

उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (BSP) को विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है। BSP के 6 विधायक शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (SP) में शामिल हो गए। बसपा विधायक हाजी मुजतबा सिद्दीकी, हाकिम लाल बिंद, सुषमा पटेल, असलम चौधरी, हरगोविंद भार्गव और असलम राईनी सपा में शामिल हुए। ये सभी विधायक पार्टी से निलंबित थे। इनके अलावा सीतापुर से भाजपा विधायक राकेश राठौर भी SP में शामिल हुए। खुद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में सभी 7 विधायकों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। पूरी खबर यहां पढ़ें…

मशहूर एक्टर यूसुफ हुसैन का कोरोना से निधन
दिग्गज एक्टर यूसुफ हुसैन का 73 साल की उम्र में निधन हो गया है। आज शनिवार (30 अक्टूबर) सुबह मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में उन्होंने आखिरी सांसें लीं। यहां उनका कोरोना का इलाज चल रहा था। हालांकि, वे कोरोना से जिंदगी की जंग हार गए। यूसुफ के निधन की जानकारी उनके दामाद और डायरेक्टर हंसल मेहता ने सोशल मीडिया पर एक बेहद इमोशनल पोस्ट शेयर कर दी है। इस पोस्ट में उन्होंने कहा है कि आज वे सच में अनाथ हो गए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

लगातार चौथे दिन महंगे हुए पेट्रोल-डीजल

पेट्रोल और डीजल की कीमत में आज लगातार चौथे दिन बढ़ोतरी हुई है। आज शनिवार को दिल्ली में फिर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 35-35 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने के बाद दिल्ली में पेट्रोल के दाम 108.99 रुपए और डीजल के दाम 97.74 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गए हैं। इस महीने 30 दिन में पेट्रोल-डीजल 23 बार महंगे हो चुके हैं। इससे राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 7.35 और डीजल 7.85 रुपए महंगा हो चुका है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

पनामा के नाइट क्लब में गोलीबारी, पांच लोगों की मौत
पनामा के एक नाइट क्लब में हुई गोलीबारी में पांच लोग मारे गए और छह घायल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि यह गैंगवार का मामला है। इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। उनके पास से कार और हथियार बरामद हुए हैं। माना जा रहा है कि गोलीबारी इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल किया गया।

पाकिस्तान में हिंदू मंदिर में चोरी
पाकिस्तान के कोटरी शहर में चोरों ने हिंदू मंदिर से गहने और कैश चुरा लिया। बुधवार को हुई इस वारदात में चोरों ने तीन चांदी के हार और मंदिर की दानपेटी से 25 हजार रुपए कैश चुरा लिया गया। पुलिस ने मंदिर के केयरटेकर भगवानदास की शिकायत पर इस मामले में सेक्शन 457, 380, 295 और 297 के तहत केस दर्ज किया है। पाकिस्तानी अखबर डॉन न्यूज के मुताबिक, चोरों ने कोटरी में देवी मां मंदिर को ताला तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। भगवानदास के मुताबिक, चांदी के तीनों हारों का वजन 10 तोला था। पूरी खबर यहां पढ़ें…

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जीएस बाली का निधन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री जीएस बाली का बीती रात निधन हो गया। वे 67 वर्ष के थे और हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस का बड़ा चेहरा थे। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा था, जहां कल रात उन्होंने आखिरी सांस ली। उनके बेटे रघुवीर सिंह बाली ने ट्वीट करके उनके निधन की सूचना दी। जीएस बाली पहली बार 1998 में हिमाचल प्रदेश के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। इसके बाद लगातार 2003, 2007 और 2012 में यहां से जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे। 2003 और 2007 में वह मंत्री रहे।

चित्रकूट में डकैत गौरी का अंत
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में दुर्दांत डकैत गौरी यादव को STF ने शनिवार सुबह करीब 4 बजे मुठभेड़ में मार गिराया। जबकि उसके बाकी साथी जंगल में भाग निकले। डकैत पर यूपी में 5 लाख और MP में 50 हजार का इनाम रखा गया था। बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के माड़ो बांध के करीब जंगल में यह मुठभेड़ हुई है। पिछले 5 महीने से 7 IPS की टीम कांबिंग कर रही थी। एक घंटे तक चली इस मुठभेड़ में दोनों तरफ से करीब 100 से ऊपर फायरिंग हुई। मौके से आरोपी के पास एक एके-47 समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। इस दौरान यूपी एसटीएफ, आईजी, पुलिस अधीक्षक, संयुक्त टीम के जवान मौजूद रहे। पूरी खबर यहां पढ़ें…

पाकिस्तान में फ्यूल स्टेशन में धमाके में 4 लोगों की मौत, 6 घायल
पाकिस्तान के कराची में फ्यूल स्टेशन में धमाके से चार लोगों की मौत हुई और 6 लोग घायल हो गए हैं। शहर के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल नासिर आफताब ने बताया कि जिस कमरे से इलेक्ट्रिक सिस्टम कंट्रोल होता है, वहां शॉर्ट सर्किट हो गया था, जिसकी वजह से धमाका हुआ। धमाके के चलते शीशे के टुकड़े ग्राहकों को जा लगे, जिसकी वजह से कुछ लोगों की जान गई, जबकि कुछ घायल हो गए। पूरी खबर यहां पढ़ें…

मुंबई पुलिस असिस्टेंट कमिश्नर सस्पेंड
मुंबई पुलिस की असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर सुजाता पाटिल को सस्पेंड किया गया। एंटी-करप्शन ब्यूरो ने उन्हें 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते और 1 लाख रुपए की रिश्वत की मांग करते हुए गिरफ्तार किया था।

बिहार के जहरीली शराब पीने से 4 लोगों की मौत
बिहार के मुजफ्फरपुर में जहरीली शराब पीने से 4 लोगों की मौत हो गई। जिला SSP जयंत कांत ने बताया कि सभी मौतें जहरीली शराब से ही हुई हैं। रुपौली पंचायत में वॉर्ड नंबर 12 का सदस्य चुने जाने पर एक अमित कुमार ने जहरीली शराब की पार्टी का प्रबंध किया था। इस संबंध में अमित के साथ तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

खबरें और भी हैं…

.