भास्कर अपडेट्स: मोदी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री के घर पोंगल उत्सव में शामिल हुए, कहा- कुछ वक्त तमिल पल जीने को मिलेंगे

2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दिल्ली में पोंगल उत्सव में शामिल हुए। पीएम केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के घर कार्यक्रम में पहुंचे थे। मोदी ने कहा कि मुझे यहां कई परिचित चेहरे नजर आ रहे हैं। यहां आकर ऐसा लग रहा है कि कुछ पल हमें तमिल पल जीने को मिलेंगे। मोदी ने यहां कुछ पारंपरिक रस्में भी निभाईं। कार्यक्रम में पुडुचेरी की उपराज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन भी मौजूद रहीं।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

असम सीएम बोले- शेख शाहजहां को पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे

पश्चिम बंगाल में ED की टीम पर अटैक मामले में फरार TMC नेता शेख शाहजहां को लेकर असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि उन्हें पाताल से भी ढूंढ के निकल लेंगे। असम के सीएम शनिवार (13 जनवरी) को कोलकाता में कई कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा- गृह मंत्री अमित शाह शेख शाहजहां का पता लगाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। अगर जरूरत पड़ी, तो वे (अमित शाह) पाताल तक उसका पीछा करेंगे और उसे सजा दिलवाएंगे।

ED ने शुक्रवार (5 जनवरी) को राशन घोटाला मामले में बंगाल के 15 ठिकानों पर रेड की थी। एक टीम नॉर्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली गांव में शेख शाहजहां और शंकर अध्य के घर जा रही थी। इसी दौरान TMC समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया। ED ने इस मामले में शंकर अध्य को गिरफ्तार किया था। वहीं शेख शाहजहां के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।

मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया, आज शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होंगे

महाराष्ट्र में कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। मिलिंद ने रविवार (14 जनवरी) सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। शनिवार को उनके कांग्रेस छोड़कर शिवसेना के शिंदे गुट में शामिल होने की खबर आई थी। इस मामले में ट्विस्ट तब आया, जब शनिवार की शाम को देवड़ा की तरफ से कांग्रेस न छोड़ने की जानकारी मिली। देवड़ा आज शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल होंगे।

देवड़ा ने रविवार को सोशल मीडिया पर लिखा- आज मेरे राजनीतिक सफर का एक महत्वपूर्ण अध्याय खत्म हुआ। मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इसी के साथ पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया। मैं पार्टी के सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं। पूरी खबर पढ़ें…

मनाली के जंगल में आग भड़की, करोड़ों रुपये की संपत्ति जली

हिमाचल प्रदेश के मनाली में जंगल में आग लग गई है। इससे करोड़ों रुपये की संपत्ति जल गई। घटना को लेकर और जानकारी आना बाकी है।

पुलवामा में CRPF के कांस्टेबल ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी, मौत

दक्षिण कश्मीर पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में CRPF के कांस्टेबल ने अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। कांस्टेबल के आत्महत्या करने की वजह अभी तक पता नहीं चली है। मामले की जांच की जा रही है।