भास्कर अपडेट्स: ट्विटर के को-फाउंडर जैक डोर्सी ने CEO का पद छोड़ा, पराग अग्रवाल संभालेंगे जिम्मेदारी

एक दिन पहले

ट्विटर के को-फाउंडर जैक डोर्सी ने कंपनी के CEO पद से इस्तीफा दे दिया है। पहले अमेरिका के मीडिया नेटवर्क CNBC की रिपोर्ट्स में कहा गया था कि डोर्सी पद छोड़ने के लिए तैयार हैं। इसके बाद खबर आई है कि पराग अग्रवाल कंपनी के नए CEO होंगे। 45 साल के पराग ने खुद इसे सम्मान की बात बताया है। वे अब तक कंपनी में चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर के पद पर थे। उन्होंने 10 साल पहले कंपनी जॉइन की थी।

IIT बॉम्बे से पढ़ाई करने वाले पराग अग्रवाल स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से डॉक्टरेट भी हैं। ट्विटर ने 2018 में उन्हें एडम मेसिंजर की जगह चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर बनाया था। ट्विटर से पहले पराग माइक्रोसॉफ्ट रिसर्च और याहू के साथ काम कर चुके हैं।

पराग अग्रवाल की ओर से जैक डोर्सी और कंपनी को किया गया मेल।

डोर्सी ने अपने तीन साथियों के साथ 21 मार्च 2006 को सेन फ्रांसिस्को में ट्विटर की स्थापना की थी। इसके बाद वे सबसे बड़े टेक्नोलॉजी इंटरप्रेन्योर्स में से एक बन गए थे। डोर्सी के पद छोड़ने की खबरें सामने आने के बाद कंपनी के शेयर्स की कीमतें 10% तक बढ़ गईं।

बताया जाता है कि डोर्सी एक फाइनेंशियल पेमेंट कंपनी स्क्वायर में भी टॉप एग्जीक्यूटिव हैं। उन्होंने ही इसकी स्थापना की थी। कंपनी के कुछ बड़े निवेशक खुलकर सवाल उठा रहे थे कि क्या वह प्रभावी तरीके से दोनों कंपनियों को लीड कर सकते हैं। हालांकि जैक 2022 तक कंपनी के बोर्ड में बने रहेंगे।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

रिजर्व बैंक ने अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कैपिटल का बोर्ड खारिज किया
अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कैपिटल के बोर्ड को भारतीय रिजर्व बैंक ने खारिज कर दिया है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के पूर्व कार्यकारी निदेशक नागेश्वर राव को नया प्रशासक बनाया गया। इस फैसले का असर कंपनी के शेयर पर भी पड़ा। इसके शेयर 4.99% लोअर सर्किट के साथ 19.05 रुपए पर बंद हुए। लोअर सर्किट यानी एक दिन में उससे ज्यादा गिरावट नहीं आ सकती।

रिजर्व बैंक ने सोमवार को एक बयान में कहा कि रिलायंस कैपिटल तमाम उधारी देने वालों का पेमेंट देने में फेल रही। इसमें ढेर सारे कॉर्पोरेट गवर्नेंस के मामले भी सामने आए हैं जो चिंताजनक हैं। कॉर्पोरेट गवर्नेंस का मामला काफी गंभीर है, जिसे अनदेखा नहीं किया जा सकता है। जून 2019 में ऑडिटर्स ने कंपनी की चौथी तिमाही के रिजल्ट पर सवाल खड़े किए थे। इसमें अकाउंटिंग के तरीके पर भी सवाल उठाया गया था। पूरी खबर यहां पढ़ें…

साबुन और डिटर्जेंट की कीमतें बढ़ीं; व्हील 3.5% महंगा
ग्राहकों के सामान बनाने वाली हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) और ITC लिमिटेड ने अपने चुनिंदा उत्पादों की कीमतें बढ़ा दी हैं। कंपनी ने कहा है कि ज्यादा लागत की वजह से यह फैसला करना पड़ा। इस कारण व्हील के एक किलो पैकेट की कीमत अब 3.5% बढ़ गई है। कंपनी ने कहा कि चुनिंदा प्रोडक्ट्स की कीमत आधा किलो और एक किलो के पैक पर बढ़ी है। HUL ने अपने 1 किलो के व्हील डिटर्जेंट पावडर की कीमत में 3.4% की बढ़ोतरी की है। इससे आधा किलो के व्हील के पैक की कीमत 2 रुपए बढ़ जाएगी। इसने रिन डिटर्जेंट बार और लक्स साबुन की भी कीमतें बढ़ा दी हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

यूपी पूरी खबर यहां पढ़ें…

आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भारी बारिश, कई जिलों में अलर्ट
आंध्र प्रदेश के नेल्लूर में तेज बारिश हो रही है। इसके चलते सड़कों पर पानी जमा हो गया है। लोगों को यातायात में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई इलाकों में घरों के अंदर भी पानी घुसने की रिपोर्ट है। IMD ने प्रकाशम, नेल्लोर, चित्तूर, कडप्पा जिलों के लिए भारी बारिश का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। साथ ही मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

तमिलनाडु के कई इलाकों में लगातार 5 दिनों से बारिश
वहीं, तमिलनाडु के कई इलाकों में लगातार 5 दिनों से बारिश हो रही है। यहां भी सड़कों पर जलभराव देखा गया। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि कन्याकुमारी और तिरुनेलवेली जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। साथ ही कहीं-कहीं गरज के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

SC ने केंद्र से पूछा- क्या सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट से भी दिल्ली में प्रदूषण बढ़ रहा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हवा की खराब गुणवत्ता के मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने बढ़ते हवा प्रदूषण को लेकर चिंता जाहिर की। साथ ही कहा कि प्रदूषण के साथ ही अब कोरोना का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार को राजधानी में पेड़-पौधे लगाने के लिए योजना तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि यह योजना 12 हफ्ते के भीतर कोर्ट के सामने पेश की जाए। कोर्ट ने कहा कि वह केंद्र से पूछेगा कि क्या सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट में निर्माण कार्य जारी रखने से धूल प्रदूषण बढ़ रहा है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

UP TET का सबसे पहला पेपर बेचने वाला गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का पेपर लीक में सोमवार सुबह STF ने अलीगढ़ से गौरव नाम के शख्स को गिरफ्तार किया। एसटीएफ गौरव से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि इसी ने मथुरा में 27 नवंबर की शाम को शामली के रवि, मनीष और धर्मेंद्र को 5 लाख रुपए में पर्चा बेचा था। आगरा के एक सरकारी शिक्षक का नाम भी सामने आया है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

725 पॉइंट्स टूटने के बाद अब सेंसेक्स बढ़त में, 60 सेकेंड में 5 लाख करोड़ स्वाहा

शेयर बाजार में आज भी भारी गिरावट है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स करीबन 725 पॉइंट्स टूटकर 56,668 पर पहुंच गया। हालांकि अभी यह 65 अंक ऊपर 57,188 कारोबार कर रहा है। ज्यादातर गिरावट बैंकिंग और मेटल शेयर्स में दिख रही हैं। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 253.28 लाख करोड़ रुपए रह गया है। शुक्रवार को यह 258.31 लाख करोड़ रुपए था। पहले ही मिनट में करीबन 5 लाख करोड़ रुपए की कमी इसमें आई है। शुक्रवार को इसमें 7.50 लाख करोड़ रुपए की कमी आई थी। आज सेंसेक्स सुबह 79 पॉइंट्स नीचे 57,028 पर खुला था। खुलते ही बाजार में पहले मिनट में 500 अंकों की गिरावट आ गई। पूरी खबर यहां पढ़ें…

राजस्थान में लगातार बढ़ रहा कोरोना का खतरा, 7 जिलों में आए 17 संक्रमित
राजस्थान में कोरोना संक्रमण एक बार फिर बढ़ रहा है। बीते 24 घंटे में राजस्थान में कोरोना के 17 नए मामले सामने आए हैं, जिसमें सबसे ज्यादा मरीज जयपुर में 8 सामने आए। अजमेर में 4, अलवर, जैसलमेर, नागौर, पाली और उदयपुर में एक-एक संक्रमित मरीज मिला है। इसी के साथ प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 199 पर पहुंच गई है। राजस्थान में जयपुर कोरोना का नया हॉटस्पॉट जिला बन रहा है। जयपुर के साथ-साथ पिछले कुछ दिनों से अजमेर में भी केस बढ़ने लगे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

भगोड़े मेहुल चौकसी को किडनैपिंग का डर

भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चौकसी ने डर जताया है कि उसे फिर से किडनैप किया जा सकता है। चौकसी का कहना है कि उसका अपहरण करके गुयाना ले जाया जा सकता है, जहां उसे गैर-कानूनी तरीके से फंसाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मैं फिलहाल एंटीगुआ में स्थित अपने घर से ज्यादा दूर नहीं जाता हूं। मेरी तबीयत ठीक नहीं है। मैं कहीं और जाने में सक्षम नहीं हूं।

गाजियाबाद में हवा की गुणवत्ता अभी भी खराब कैटेगरी में

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हवा की गुणवत्ता खराब कैटेगरी में बनी हुई है। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। गाड़ी चलाते समय आंखों में जलन की समस्या भी हो रही है। तस्वीरों में भारी धुंध देखी जा सकती है।

बिहार में पंचायत चुनाव के 9वें चरण में मतदान जारी
बिहार में पंचायत चुनाव के 9वें चरण में सोमवार को मतदान का दिन है। राज्‍य के 35 जिलों की 875 पंचायतों में वोटिंग हो रही है। इस चरण में शांतिपूर्ण चुनाव के लिए 42 हजार पुलिस और सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। इसमें जिला पुलिस बल, गृह रक्षक बल और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की तैनाती की गई है। सोमवार सुबह 6 बजे से ही मतदाता बूथों पर पहुंचने लगे। मतदान केंद्र के अंदर और बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

तमिलनाडु के वेल्लोर में महसूस हुए भूकंप के झटके

तमिलनाडु के वेल्लोर में सोमवार तड़के भूकंप के झटके महसूस हुए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.6 मापी गई। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक आज सुबह 4:17 बजे भूकंप के झटके से धरती कांपी। अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

दिल्ली में आज से सभी कक्षाओं के स्कूल खुले

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज से सभी कक्षाओं के स्कूल खुल रहे हैं। दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब होने की वजह से सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए थे। हालांकि, आज भी राजधानी में हवा की क्वालिटी ‘बहुत खराब’ कैटेगरी में है। एक अभिभावक ने बताया, “स्कूल बंद होने के कारण बच्चों की पढ़ाई काफी प्रभावित हुई है। लेकिन अभी स्कूल नहीं खुलने चाहिए क्योकि प्रदूषण और कोरोना दोनों बढ़ गए हैं।”

आज से पहाड़ों पर बर्फबारी
उत्तर भारत के पहाड़ों पर सोमवार से जमकर बर्फबारी देखने को मिल सकती है, जबकि मैदानी भागों में जमकर बारिश का नजारा दिखाई दे सकता है। यह चेतावनी भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जारी की है। IMD के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बन रहा है, जिसके चलते गुजरात, उत्तरी महाराष्ट्र और उससे सटे साउथ-वेस्ट मध्य प्रदेश व साउथ राजस्थान में सोमवार से 2 दिसंबर तक तूफानी हवाएं चल सकती हैं, जबकि 1 दिसंबर को जमकर बारिश हो सकती है।

आज के प्रमुख इवेंट्स…

  • संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होगा। इसमें सरकार तीनों कृषि कानून वापस लेने का बिल पेश कर सकती है।
  • नीट पीजी 2021 से जुड़ी मांगों पर देश भर में हड़ताल कर रहे रेसिडेंट डॉक्टरों की संस्था फोर्डा की मीटिंग होगी।
  • भारत और न्यूजीलैंड के बीच कानपुर में खेले जा रहे टेस्ट का आखिरी दिन होगा।

खबरें और भी हैं…

.