बाढ़ से जूझ रहे देश के कई राज्य: मध्य प्रदेश, राजस्थान, UP और बिहार में भारी बारिश से तबाही; कोटा संभाग में अब तक 13 हजार घर ढहे, 27 मौतें

नई दिल्लीएक घंटा पहले

  • कॉपी लिंक

यह तस्वीर UP के बनारस की है। शैलपुत्री इलाके में घरों में पानी धुस गया है। सड़कें भी पानी में डूबी हुई हैं। लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है।

मानसून सीजन में मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के कई राज्य भारी बारिश का सामना कर रहे हैं। कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। राजस्थान के कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़ और धौलपुर में बाढ़ ने काफी तबाही मचाई है। कोटा संभाग में अब तक 12,900 मकान ढह चुके हैं, जबकि 27 लोगों की मौत हुई है। वहीं, बूंदी में 12, कोटा में 6, बारां में 7 और झालावाड़ में 2 मौतें हुई हैं।

राज्य भर में अब तक 4 लाख हेक्टेयर फसल बारिश की भेंट चढ़ने का अनुमान है। सोयाबीन की फसल को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा है। सीएम अशोक गहलोत ने शनिवार को कहा कि प्रभावित लोगों को मुआवजा समय पर मिले, इसके लिए सर्वे कराया जा रहा है।

राजस्थान के कुछ हिस्सों में लगातार बारिश के बाद बांधों से 1.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ने से बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। झालावाड़ जिले के एक गांव में बारिश के बाद घर की दीवार गिरने से एक किशोर की मौत हो गई। राज्य के हाड़ौती इलाके के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश ने सामान्य जनजीवन पर असर डाला है।

राजस्थान की पुष्कर झील का जलस्तर काफी बढ़ गया है। भारी बारिश के चलते लोगों की आवाजाही काफी कम हो गई है।

राजस्थान की पुष्कर झील का जलस्तर काफी बढ़ गया है। भारी बारिश के चलते लोगों की आवाजाही काफी कम हो गई है।

MP के ग्वालियर और चंबल में अब तक 24 की मौत
MP में बाढ़ की चपेट में आए ग्वालियर और चंबल में बारिश से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या 24 हो गई है। अगले 24 घंटों के दौरान भोपाल, ग्वालियर, चंबल और सागर बेल्ट में कहीं तेज और कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि विदिशा, रायसेन, राजगढ़, गुना और अशोकनगर में भारी बारिश होगी। सीहोर, शाजापुर, आगर, नीमच, मंदसौर, शिवपुरी, दतिया, श्योपुरकलां, सिवनी, सागर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में कहीं-कहीं 5 इंच तक बारिश हो सकती है।

यूपी के प्रयागराज में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है। लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान बच्चे पानी में खेलते-कूदते भी नजर आए।

यूपी के प्रयागराज में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है। लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान बच्चे पानी में खेलते-कूदते भी नजर आए।

भिंड के कई गांवों में बाढ़ ने तबाही मचाई
MP में भिंड के कई गांवों में बाढ़ का पानी उतर गया है, लेकिन लोग वापस जाने को तैयार नहीं हैं। वो अभी भी सड़कों के किनारे और ऊंचे टीले पर जिंदगी गुजार रहे हैं। लोगों का कहना है कि वहां पर पीने के लिए पानी और बिजली नहीं है। वहां पर रुकना मुश्किल हो रहा है।

अमायन इलाके के कछपुरा, अजीता, खैरौली, बछरेटा, बरैठी, खेरिया, सांधुरी, बिरौना और इंदुर्खी गांव के 75% घरों का पूरा सामान बाढ़ में बह गया है। बछरेटा गांव के रहने वाले अहिवरन सिंह बताते हैं कि गांव से बाढ़ का पानी पूरी तरह से उतर चुका है, पिछले दो दिन से वो अपने टूटे हुए मकानों में जमा मलबा और कचरा साफ कर रहे हैं।

यह तस्वीर पश्चिम बंगाल के हावड़ा की है। यहां शनिवार को बाढ़ प्रभावित लोगों की रिलीफ कैंप के बाहर लंबी कतार देखी गई।

यह तस्वीर पश्चिम बंगाल के हावड़ा की है। यहां शनिवार को बाढ़ प्रभावित लोगों की रिलीफ कैंप के बाहर लंबी कतार देखी गई।

पश्चिम बंगाल के 6 जिलों में बाढ़ के हालात
पश्चिम बंगाल में दामोदर घाटी निगम बांध से पानी छोड़े जाने के कारण कम से कम 6 जिले बाढ़ का सामना कर रहे हैं। हुगली जिले के हजारों ग्रामीणों ने राहत शिविरों में पनाह ली है। चक्रवाती प्रवाह के कारण झारखंड और बिहार में भी रविवार को भारी बारिश होने का अनुमान है। IMD ने कहा कि अगले पांच दिनों में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की से भारी वर्षा हो सकती है।

पटना के कई इलाकों में लोग पलायन को मजबूर
बिहार में बक्‍सर से लेकर पटना तक गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बक्‍सर और भोजपुर में शुक्रवार को ही गंगा खतरे के निशान से पार चली गई। पटना के दियारा इलाके में पानी पहुंचना शुरू हो गया है। यहां से लोग पलायन भी करने लगे हैं। राजधानी में पुनपुन नदी उफान पर है। कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। जिला प्रशासन की टीम बांध के आसपास गश्त कर रही है।

खबरें और भी हैं…

.

Leave a Reply