फिरोजपुर में BSF और पाक तस्करों में फायरिंग: सतलुज नदी के किनारे से 30 किलो हेरोइन बरामद; 2 स्मगलर भी दबोचे गए

अमृतसर10 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सरहद पर पकड़ी गई खेप व तस्कर।

पंजाब के फिरोजपुर जिले में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स और पंजाब पुलिस की पाकिस्तानी तस्करों के साथ फायरिंग हुई है। BSF ने 2 तस्करों को पकड़ने में भी सफलता हासिल की है। इनमें से एक की गोलियां लगने से हालत गंभीर है। वहीं इस ऑपरेशन में BSF ने 29.26 किलोग्राम हेरोइन भी जब्त की है। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

तड़के करीब पौने 3 बजे की घटना
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना तड़के करीब पौने 3 बजे की है। सूचना मिलने के बाद BSF और पंजाब पुलिस (CI फिरोजपुर) द्वारा गांव गट्टी मटर के पास सतलुज नदी के किनारे पर एक संयुक्त अभियान चलाया गया था। मध्यरात्रि लगभग 2:45 बजे BSF ने पाकिस्तान से भारत की तरफ आ रहे कुछ पाक तस्करों की गतिविधि देखी।

एक तस्कर के हाथ में गोली लगी
बताया जा रहा है कि सैनिकों ने शुरू में उन्हें चुनौती दी, लेकिन उनकी प्रतिक्रिया पर खतरा भांपते हुए BSF जवानों ने तस्करों पर फायरिंग शुरू कर दी। तस्करों की तरफ से भी जवाबी फायरिंग भी की गई। इस बीच एक तस्कर के हाथ पर गोली लगी है। इसके बाद BSF और CI फिरोजपुर ने 2 तस्करों को खेप के साथ गिरफ्तार कर लिया।

नीले रंग के डिब्बे में 26 पैकेट मिले
BSF अधिकारियों अनुसार, एक नीले रंग के ड्रम में कुल 26 पैकेट मिले हैं, जिन्हें तोला गया तो कुल वजन लगभग 29.26 किलोग्राम था। प्राथमिक उपचार के बाद घायल तस्कर को सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।

खबरें और भी हैं…