फडणवीस ने सलीम पटेल का जिक्र किया, वह कौन है: सलीम दाऊद की बहन का बॉडीगार्ड था; हैदराबाद ब्लास्ट केस में हुआ था गिरफ्तार

मुंबई27 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

हसीना पारकर (दाएं) जब 2007 में अरेस्ट हुई तो सलीम पटेल (बाएं) भी अरेस्ट हुआ था।

महाराष्ट्र के पूर्व CM देवेंद्र फडणवीस ने जिस सलीम पटेल का जिक्र आज अपनी प्रेस कांफ्रेंस में किया है, उसे अंडरवर्ल्ड के भगोड़े डॉन दाऊद इब्राहिम का करीबी बताया जाता है। वह हसीना पारकर का ड्राइवर और बॉडीगार्ड था। हसीना पारकर जब 2007 में अरेस्ट हुई तो सलीम पटेल भी अरेस्ट हुआ था। उस दौरान जांच में यह सामने आया कि दाऊद के फरार होने के बाद हसीना के नाम से जो संपत्तियां जमा होती थीं, इनमें सलीम का अहम रोल था। संपत्तियों की ‘पावर ऑफ अटार्नी’ इसके नाम से ली जाती थी।

अंडरवर्ल्ड की दुनिया में इसे सलीम गोवा पटेल के नाम से भी जाना जाता है। सलीम पटेल हसीना के सारे बिजनेस (जमीन कब्जे) का प्रमुख था। जानकारी के मुताबिक, सलीम पटेल हैदराबाद ब्लास्ट केस का आरोपी है और वह गिरफ्तार भी हुआ था। इसके अलावा उस पर फिरौती और धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं।

पटेल के साथ बातचीत कर विवादों में घिरे थे आरआर पाटिल
पटेल वही शख्स है, जिसकी साल 2010 में तत्कालीन गृह मंत्री आरआर पाटिल के साथ कुछ तस्वीरें सामने आईं थीं। मुंबई में हुई एक इफ्तार पार्टी में वह पाटिल के साथ बातचीत करता हुआ नजर आया था। तस्वीरें सामने आने के बाद पाटिल को कई दिनों तक विपक्ष के आरोपों का सामना करना पड़ा था। विवाद इतना बढ़ा कि उन्हें सफाई भी पेश करनी पड़ी थी।

आरआर पाटिल और सलीम पटेल की यह तस्वीर सामने आने के बाद काफी विवाद हुआ था।

आरआर पाटिल और सलीम पटेल की यह तस्वीर सामने आने के बाद काफी विवाद हुआ था।

भाजपा विधायक की हत्या का आरोपी भी पाटिल से मिला था
जिस पार्टी में सलीम पटेल शामिल वह 11 सितंबर 2010 को नसीम कुरैशी के घर पर हुई थी। नसीम तब स्टेट माइनॉरिटी कमीशन के चेयरमैन थे। इसी इफ्तार पार्टी में भाजपा के विधायक रहे प्रेम कुमार शर्मा की हत्या का आरोपी मोबिन कुरैशी भी मौजूद था और उसने पाटिल को गुलदस्ता भेंट किया था। उस पर भी हत्या और फिरौती के 10-12 केस दर्ज थे। पेशे से बिल्डर कुरैशी को बीएमसी ने अवैध निर्माण के लिए कई नोटिस भी दिए थे। कुरैशी और सलीम पटेल, दिवंगत आरआर पाटिल के बगल में बैठकर लंबी बातचीत करते हुए नजर आए थे।

सलीम पटेल से मुलाकात पर पाटिल ने दी थी सफाई
मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमले के बाद पाटिल को अपनी कुर्सी छोड़नी पड़ी थी। हालांकि, 2009 में कांग्रेस फिर से सत्ता में आई और उन्हें राज्य का गृह मंत्री बना दिया गया। सलीम पटेल से मिलने पर हुए विवाद को शांत करने के लिए उस दौरान पाटिल ने कहा था, ‘मुझे इस बात की जानकारी नहीं थी कि उस पार्टी में कौन थे। न तो पुलिस और न ही मेरे विभाग ने मुझे सूचित किया कि पार्टी में कौन होगा? अगर मुझे पता होता तो मैं नहीं जाता।’

खबरें और भी हैं…

.