प्याज की कीमत 63 रुपए किलो तक पहुंची: कीमतें कंट्रोल करने के लिए सरकार ने प्याज एक्सपोर्ट पर लगाई 40% ड्यूटी

नई दिल्ली5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

देश में प्याज की कीमतों को काबू में रखने के लिए केंद्र सरकार ने एक्सपोर्ट पर 31 दिसंबर तक 40% ड्यूटी लगा दी है। अभी तक इसके एक्सपोर्ट पर कोई टैक्स नहीं वसूला जाता था। सरकार इस कदम से देश में प्याज की अवेलेबलिटी को बनाए रखना चाहती है और इससे कीमतें भी नियंत्रण में रहेंगी। वित्त मंत्रालय ने नोटिफिकेशन जारी कर इसकी जानकारी दी।

कंज्यूमर अफेयर्स मिनिस्ट्री के आंकड़ों के अनुसार, प्याज की ऑल इंडिया ऐवरेज रिटेल प्राइस शनिवार को 30.72 रुपए प्रति किली थी। अधिकतम कीमत 63 रुपए प्रति किलो और न्यूनतम कीमत 10 रुपए प्रति किलो थी। एक साल पहले इसी अवधि में प्याज की ऐवरेज कीमत 25 रुपए प्रति किलो थी। न्यूनतम कीमत 11 और अधिकतम कीमत 60 रुपए प्रति किलो थी।

वहीं इस महीने की शुरुआत में यानी 1 अगस्त को प्याज की अधिकतम कीमत 75 रुपए प्रति किलो और न्यूनतम कीमत 10 रुपए प्रति किलोग्राम थी। ऑल इंडिया ऐवरेज रिटेल प्राइस 27.27 रुपए थी। दिल्ली में इसकी कीमत 30 रुपए प्रति किलो चल रही थी, जबकि शनिवार यानी 19 अगस्त को दिल्ली में प्याज 37 रुपए प्रति किलो में बेचा जा रहा था।

प्याज की कीमत क्यों बढ़ी, दाम कब घटेंगे
क्रिसिल ने इस महीने की शुरुआत में अपनी रिपोर्ट में कहा था कि सप्लाई घटने से सितंबर की शुरुआत में प्याज 60-70 रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकता है। फरवरी में महाराष्ट्र जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों में रबी की फसल जल्दी पक गई। मार्च में इन इलाकों में बेमौसम बारिश से शेल्फ लाइफ 6 महीने से घटकर 4-5 महीने रह गई।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अक्टूबर से प्याज की फसल आना शुरू हो जाएगी। इससे आपूर्ति बढ़ेगी और कीमतों में नरमी आएगी।

प्याज के उत्पादन के मामले में भारत दुनिया में टॉप पर है:

  • साल 2021 में भारत ने 26.6 लाख मिट्रिक टन प्याज का उत्पादन किया था।
  • चीन 24.2 लाख मिट्रिक टन प्याज उत्पादन के साथ दूसरे नंबर पर रहा था।
  • तीसरे नंबर पर इजिप्ट था, जिसने 3.3 लाख मिट्रिक टन प्याज उत्पादन किया था।

भारत में सबसे अधिक प्याज का उत्पादन महाराष्ट्र में होता है:

  • भारत में होने वाले प्याज के कुल उत्पादन में महाराष्ट्र की 43% हिस्सेदारी थी।
  • मध्यप्रदेश की 16%, कर्नाटक की 9% और गुजरात की भी 9% हिस्सेदारी थी।

सरकार के पास फिलहाल 3 लाख टन स्टॉक
सरकार ने आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राइस स्टैबलाइजेशन फंड (PSF) के तहत 3 लाख टन प्याज का स्टॉक बनाए रखा है, ताकि कम सप्लाई वाले मौसम के दौरान बढ़ती कीमतों को रोका जा सके। इसके अलावा सरकार प्याज को ई-ऑक्शन, ई-कॉमर्स के साथ-साथ राज्यों के साथ मिलकर कंज्यूमर को-ऑपरेटिव रिटेल आउटलेट्स के जरिए मार्केट में उतारा जा रहा है।

खबरें और भी हैं…