देश में 18 न्यूक्लियर पावर रिएक्टर और बनेंगे: 13 हजार 800 मेगावाट बिजली पैदा करने की क्षमता होगी

नई दिल्ली11 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

वर्तमान में NPCIL 8180 मेगावाट की कुल क्षमता वाले 24 रिएक्टर संचालित करता है।

न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCIL) देश में बिजली प्रोडक्शन बढ़ाने के लिए 18 न्यूक्लियर पावर रिएक्टर और तैयार करेगा। इनकी बिजली पैदा करने की क्षमता 13,800 मेगावाट की होगी। जिससे 2031-32 तक ऊर्जा मिश्रण में एटोमिक पावर की कुल हिस्सेदारी 22,480 मेगावाट हो जाएगी।

रूस की सहायता से तमिलनाडु के कुडनकुलम में 1,000 मेगावाट के चार न्यूक्लियर पावर प्लांट बनाए जा रहे हैं। चार 700 मेगावाट के घरेलू निर्मित PHWR राजस्थान में रावतभाटा (RAPS 7 और 8) और हरियाणा के गोरखपुर गांव में (GHAVP 1 और 2) में तैयार किए जाएंगे।

हरियाणा में गोरखपुर में GHAVP 3 और 4, कर्नाटक में कारवार के पास कैगा जनरेटिंग स्टेशन 5 और 6, मध्य प्रदेश में चुटका (CMPAPP 1 & 2) और राजस्थान में माही बांसवाड़ा में चार बिजली यूनिट (MBRAPP 1, 2, 3 & 4) में 700 मेगावाट के दस PHWRs बनाने की मंजूरी दी गई है।

KAPS 3 और 4 देश में बने सबसे बड़े प्रेशराइज्ड हैवी वाटर रिएक्टर
NPCIL ने कहा कि KAPS 3 और 4 (2 एक्स 700 मेगावाट) एडवांस सेफ्टी फीचर्स वाले देश में बने सबसे बड़े प्रेशराइज्ड हैवी वाटर रिएक्टर (PHWR) हैं। ये दुनिया के PHWR में सर्वश्रेष्ठ के बराबर हैं।

इन रिएक्टरों को NPCIL ने डिजाइन किया और इनका निर्माण किया है। इन्हें ऑपरेट भी NPCIL ही करता है। इनमें उपयोग होने वाले उपकरण भारतीय कंपनियों के हैं। जो आत्मनिर्भर भारत की सच्ची भावना को दर्शाता है। वर्तमान में NPCIL 8180 मेगावाट की कुल क्षमता वाले 24 रिएक्टर संचालित करता है।

पीएम मोदी ने काकरापार परमाणु ऊर्जा स्टेशन का भी दौरा किया था
PM मोदी ने 22 फरवरी को गुजरात के काकरापार में 700 मेगावाट के न्यूक्लियर पावर रिएक्टर (KAPS 3 और 4) की यूनिट 3 और 4 को राष्ट्र को समर्पित किया था। पीएम की यात्रा से दो दिन पहले 20 फरवरी को KAPS-4 को पश्चिमी पावर ग्रिड से जोड़ा गया था।

प्रधानमंत्री ने कहा था कि 21वीं सदी में बिजली उत्पादन में परमाणु ऊर्जा की भूमिका बढ़ने वाली है। यह गर्व की बात है कि भारत इस उन्नत तकनीक में आत्मनिर्भर है। इस अवसर पर मोदी ने काकरापार परमाणु ऊर्जा स्टेशन का भी दौरा किया और नियंत्रण कक्ष का दौरा किया था।

खबरें और भी हैं…