जामनगर में अनंत-राधिका का प्री-वेडिंग वेन्यू ‘रिलायंस ग्रीन’: अंबानी के बंगले में हैं स्पेन के 180 साल पुराने दो पेड़, वीवीआईपी के लिए बने हैं 150 बंगले

  • Hindi News
  • National
  • Anant Ambani Radhika Pre Wedding Photos Jamnagar Updates: Mukesh Ambani Nita Ambani

जामनगर4 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

जामनगर रिलायंस ग्रीन्स में 4 हजार से ज्यादा परिवार रहते हैं।

गुजरात के जामनगर में इन दिनों देश के दिग्गज कारोबारी मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की प्री-वेडिंग सेरेमनी चल रही है। इस मौके पर अंबानी परिवार ने फंक्शन के लिए ‘रिलायंस ग्रीन्स टाउनशिप’ को चुना है। इसी के चलते इन दिनों रिलायंस ग्रीन्स टाउनशिप पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है। आइए, इस रिपोर्ट में हम आपको ग्रीन्स टाउनशिप से जुड़ी कई रोचक बातों से रू-ब-रू करवाते हैं।

जैसा कि इसके नाम से पता चलता है, रिलायंस ग्रीन्स टाउनशिप पर्यावरण को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। जामनगर शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर हाईवे के एक तरफ रिलायंस रिफाइनरी है। वहीं, रिलायंस ग्रीन्स टाउनशिप का इलाका हाई सिक्योरिटी जोन जैसा है। इस जगह पर आम लोगों की आवाजाही नहीं होती है। रिलायंस ग्रीन्स के विशाल परिसर में प्रवेश करने के लिए बाहरी व्यक्ति को परमिशन लेनी पड़ती है।

अधिकारियों-मेहमानों के लिए बंगले

लगभग 500 एकड़ के इस क्षेत्र में 4000 से अधिक परिवार रहते हैं। यहां रहने वाले लोग रिलायंस में काम करते हैं। इस पूरे परिसर को अलग-अलग 25 सेक्टरों में बांटा गया है। निर्माण के आधार पर इन सेक्टरों के भी चार हिस्से हैं, जिसमें एक तरफ आवासीय फ्लैट बनाए गए हैं, जिनमें रिलायंस ग्रुप के कर्मचारी रहते हैं। वहीं, अधिकारियों के लिए बंगले समेत अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा ज्यादातर बंगले देश के अन्य शहरों और विदेशों से आने वाले अधिकारियों और मेहमानों के लिए रिजर्व रखे गए हैं।

कर्मचारियों के लिए हर तरह की सुविधा
रिलायंस में काम करने वाले कर्मचारी और उनके परिवार रिलायंस ग्रीन्स में रहकर आरामदायक जीवन जी सकें, इसके लिए कई छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा गया है। उदाहरण के लिए, परिसर के भीतर गार्डंस, मनोरंजन क्षेत्र, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और खेल परिसर हैं। यहां रहने वाले लोगों को कंपनी की बसों की सुविधा भी मिलती है।

कैंपस में इंग्लिश मीडियम स्कूल भी

केडी अंबानी रिलायंस स्कूल भी रिलायंस ग्रीन्स में स्थित है, जो टाउनशिप के भीतर सीबीएसई पाठ्यक्रम प्रदान करने वाला एक इंग्लिश मीडियम स्कूल है। सीबीएसई पाठ्यक्रम पढ़ाने वाला यह अंग्रेजी माध्यम स्कूल वर्ष 1997 में 395 छात्रों और 11 स्टाफ सदस्यों के साथ शुरू किया गया था। स्कूल की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में स्कूल में 200 स्टाफ सदस्य और 3598 स्टूडेंट्स हैं। यहां देश के अलग-अलग राज्यों के स्टूडेंट्स भी पढ़ाई करते हैं। इनके लिए हॉस्टल की भी व्यवस्था है।

मुख्य द्वार पर ही खूबसूरत तालाब
इस परिसर के मुख्य द्वार से प्रवेश करते ही आपकी नज़र सेंट्रल पार्क पर पड़ती है। जिसमें दो बड़े तालाबों को आकर्षक फव्वारों और लाइटिंग से सजाया गया है। इसके अलावा बत्तखों और अन्य पक्षियों की विभिन्न प्रजातियाँ भी देखने को मिलती हैं। पास ही एक बहुत बड़ा बगीचा है, जिसमें विशालकाय देशी पेड़ों के अलावा विदेशी पेड़ भी लगाए गए हैं।

खरीदारी के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं है

रिलायंस मार्ट रिलायंस ग्रीन्स में स्थित है, ताकि परिसर में रहने वालों को जामनगर के मेन मार्केट तक की यात्रा न करनी पड़े। रिलायंस मार्ट के ठीक बगल में एक फूड कोर्ट भी है। इसके अलावा यहां बड़े क्रिकेट मैदान, बास्केटबॉल, अंतरराष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल मैदान, टेनिस और वॉलीबॉल कोर्ट, जिम, स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं। इसके अलावा इस परिसर में ही छोटी-छोटी झीलें बनाई गई हैं। जिसमें बोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध है। फुटबॉल मैदान के पास एक बड़ा मैदान है, जिसे ओवल पार्क कहा जाता है। जहां पर नवरात्रि समेत बड़े-बड़े आयोजन होते रहते हैं। इसके सामने आकर्षक फूलों और पौधों वाले बगीचे हैं।

अंबानी परिवार का भी आलीशान बंगला, हॉस्पिटल भी

जामनगर में रिलायंस ग्रीन्स टाउनशिप में रहने वाले लोगों और रिलायंस रिफाइनरी में काम करने वाले कर्मचारियों को किसी भी समय चिकित्सा सुविधा मिल सके, इसके लिए वहां एक अस्पताल बनाया गया है। कोरोना काल के दौरान आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंबानी परिवार के सदस्यों का मुंबई से जामनगर आना शुरू हो गया था। इसीलिए रिलायंस ग्रीन्स टाउनशिप में अंबानी परिवार का भी आलीशान बंगला है। हालांकि, अंबानी परिवार की सादगी और सुरक्षा दोनों के लिहाज से इस बंगले से जुड़ी ज्यादा जानकारी मुहैया नहीं करवाई गई है।

बंगले में लगे हैं स्पेन के 180 साल पुराने 2 खास पेड़

अंबानी परिवार के इस बंगले के आंगन को खूबसूरत बनाने के लिए नवंबर, 2021 में आंध्र प्रदेश से दो खास तरह के पेड़ मंगवाए गए थे। करीब 180 साल पुराने ये जैतून के पेड़ स्पेन में ऊगते हैं। तीन साल पहले आंध्र प्रदेश की गौतमी नर्सरी ने ये दोनों पेड़ मंगवाए थे। इन पेड़ों को कुछ समय तक नर्सरी में रखा गया था। सदियों पुराने ये पेड़ भारतीय जलवायु के अनुकूल ढलने के बाद बिक्री के लिए रखे गए थे। अनोखे पेड़ की जानकारी मिलते ही रिलायंस इंडस्ट्रीज से ये दोनों पेड़ खरीद लिए थे।

एक मान्यता के अनुसार जैतून के पेड़ को पवित्र माना जाता है। बहुत से लोग मानते हैं कि जैतून के पेड़ सौभाग्य और अच्छा स्वास्थ्य लाते हैं। जैतून के पेड़ उन कुछ पेड़ प्रजातियों में से एक हैं जिनका जीवनकाल लंबा होता है। स्पेन में कुछ जैतून के पेड़ तो 1000 वर्ष से भी ज्यादा पुराने हैं।

मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की प्री-वेडिंग सेरेमनी की तैयारियां रिलायंस टाउनशिप में महीनों पहले ही शुरू हो गई थीं। फंक्शन में आने वाले वीवीआईपी के लिए दो महीने में 150 बंगले तैयार करवाए गए थे। तीन दिनों तक चलने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान देश-विदेश से आए वीवीआईपी मेहमानों को इन्हीं बंगलों में ठहराया गया है। बंगलों में हर तरह की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

इन बंगलों को बनाने के लिए देश-विदेश से खास कारीगरों को बुलाया गया था। बंगलों और कैंपस की पूरी डिजाइन मुंबई में तैयार की गई थी। तीन दिनों तक बंगले में रहने वाले सभी वीवीआईपी मेहमानों की गोपनीयता का भी ख्याल रखा गया है। प्रत्येक अतिथि को उनकी पसंद के अनुसार एक बंगला आवंटित किया गया है। साथ ही उनकी रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बंगले में फर्नीचर समेत आधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाई गई हैं।

कुछ वीवीआईपी के लिए टाउनशिप में आधुनिक टेंट हाउस का भी निर्माण किया गया है। इनमें तमाम सुविधाएं हैं। इन टेंट्स को भी आकर्षक तरीके से सजाया गया है। अंदर जाते ही आपको लगेगा ही नहीं कि यह कोई टेंट हाउस है। टेंट के अंदर फर्श से लेकर फर्नीचर, एसी समेत सुख-सुविधाएं हैं।

खबरें और भी हैं…