खड़गे बोले- RSS-भाजपा जहर की तरह, इनसे दूर रहें: कहा- 2024 लोकसभा चुनाव में मोदी जीते, तो फिर कभी चुनाव नहीं होंगे

भुवनेश्वर17 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

ओडिशा के भुवनेश्वर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि पिछले दो दशकों में राज्य में कई घोटाले हुए, जिसमें BJD और BJP के नेता शामिल थे। इनको दबा दिया गया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को भुवनेश्वर में कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) और भाजपा जहर की तरह हैं। इनसे हमेशा दूर रहें। खड़गे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। खड़गे ने कहा- 2024 लोकसभा चुनाव लोकतंत्र को बचाने का आखिरी मौका होगा। अगर इस चुनाव में भाजपा जीती तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस देश में दोबारा चुनाव नहीं होने देंगे। वे एक तानाशाह की तरह इस पर रोक लगाएंगे।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के रविवार को कांग्रेस छोड़कर राजग में लौटने पर खड़गे ने दावा किया कि इसका चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा। महागठबंधन छोड़ने वाला एक व्यक्ति हमें कमजोर नहीं करेगा। हम भाजपा को हराएंगे।

पटनायक नेहरू की विचारधारा को मानते थे
खड़गे ने कहा- ओडिशा को जगन्नाथ जी का पुण्य क्षेत्र माना जाता है। पंडित जवाहरलाल नेहरू जी ने जीवन का आखिरी कांग्रेस अधिवेशन सन् 1964 में यहीं किया था। पंडित नेहरू जी और बीजू पटनायक जी काफी अच्छे दोस्त थे। वह नेहरू जी की विचारधारा को मानते थे।

लेकिन आज के पटनायक, BJP की विचारधारा को मानते हैं। नरेंद्र मोदी की दोस्ती से नवीन पटनायक को क्या मिला? खड़गे ने कहा- डबल इंजन कई बार फेल हो जाता है और जब वह ठीक से काम नहीं करता तो पहला इंजन भी काम करना बंद कर देता है।

भाजपा के साथ मिलकर ओडिशा की संपत्ति लूटा रही BJD
ओडिशा में 29% ST और 16% SC हैं। इसके बावजूद भी इन लोगों को पटनायक सरकार में कोई बड़ा काम नहीं मिला। इसलिए आप हिम्मत कीजिए और एक होकर अपने हक के लिए लड़िए।

कांग्रेस ने ओडिशा को पारादीप बंदरगाह, राउरकेला स्टील प्लांट, चिल्का नेवल अकादमी, मंचेश्वर रेल कोच फैक्ट्री, HAL, आर्डिनेंस फैक्ट्री, AIIMS और कई बड़े शिक्षा संस्थान दिए। लेकिन आज पटनायक जी BJP के साथ मिलकर यहां की संपत्ति को लुटाने की इजाजत दे रहे हैं।

जो काम करेगा पार्टी उसे आगे बढ़ाएगी
मुझे 82 साल की उम्र में कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया है। मैं जब 29 साल का था, उस वक्त मुझे MLA बनाया गया था। यह कांग्रेस की देन है। जो अच्छा काम करते हैं, कांग्रेस उन्हें हमेशा ही प्रोत्साहित करती है।

यह खबर भी पढ़ें…

राहुल गांधी की वजह से PM को नींद नहीं आती: खड़गे बोले- भाजपा के लोग मोदी को विष्णु का 11वां अवतार बनाने में लगे हैं

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को देहरादून में कहा कि राहुल गांधी की वजह से आज-कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नींद नहीं आती है। उनके सपने में पहले नेहरू, राजीव गांधी और सोनिया गांधी आते थे। भाजपा के लोग उन्हें विष्णु का 11वां अवतार बनाने पर लगे हुए हैं। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…