क्या कोरोना की तीसरी लहर आ रही है: केरल में एक महीने में पॉजिटिविटी रेट 3% और मिजोरम में 2.7% बढ़ा, महाराष्ट्र में 1.4% की कमी आई

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • कोरोना सकारात्मकता दर| केरल और मिजोरम में ऊपर, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु में नीचे

नई दिल्ली10 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

देश में कोरोना के नए मामले रोजाना 40 हजार से ज्यादा आ रहे हैं। वैज्ञानिकों का मत है कि अगस्त में ही तीसरी लहर आ सकती है, लेकिन अगर कोरोना टेस्ट पॉजिटिविटी रेट की बात करें तो आंकड़े राहत देने वाले ही हैं।

1 मई से 1 अगस्त के बीच देश के कोरोना टेस्ट पॉजिटिविटी रेट में 18.9% की गिरावट हुई है। दूसरी लहर आने से पहले 1 मार्च से 1 अप्रैल के बीच इस रेट में 5.7% का इजाफा हुआ था। इसके बाद ही दूसरी लहर ने देश में तबाही मचाई।

दूसरी लहर के दौरान 15 अप्रैल से 15 मई के बीच पॉजिटिविटी रेट में 3.7% की बढ़ोतरी देखी गई थी। इसकी तुलना में 7 जुलाई से 7 अगस्त के बीच में देश में पॉजिटिविटी रेट में सिर्फ 0.1% की बढ़ोतरी हुई है।

क्या है कोरोना टेस्ट पॉजिटिविटी रेट
एक हफ्ते में कोरोना टेस्ट कराने वाले 100 लोगों में से जितने लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आती है, उसे पॉजिटिविटी रेट कहते हैं। पॉजिटिविटी रेट में कमी आना अच्छा संकेत है।

सबसे ज्यादा मामलों वाले 10 राज्यों में से दो में बढ़ा पॉजिटिविटी रेट
देश के सबसे ज्यादा मामलों वाले राज्यों की बात करें तो केरल में रोजाना करीब 20 हजार नए केस दर्ज किए जा रहे हैं। केरल के बाद महाराष्ट्र में रोजाना 6 हजार से ज्यादा लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है, लेकिन पॉजिटिविटी रेट केरल में बढ़ा है और महाराष्ट्र में इसमें गिरावट हुई है। इसके अलावा नए केस वाले टॉप-10 राज्यों में शामिल सिर्फ मिजोरम में पॉजिटिविटी रेट में बढ़ोतरी देखी गई है।

केरल और महाराष्ट्र के बाद कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में सबसे ज्यादा नए मामले दर्ज किए जा रहे हैं। अच्छी बात यह है कि एक महीने में इन तीनों राज्यों में भी पॉजिटिविटी रेट में गिरावट हुई है। कर्नाटक में 0.5%, तमिलनाडु में 1% और आंध्र प्रदेश में 1.4% की कमी आई है। इन पांच राज्यों में से केरल को छोड़कर बाकी सभी जगह 7 जुलाई से 7 अगस्त के बीच नए केस से ज्यादा रिकवरी हुई है।

सबसे ज्यादा नए केस वाले राज्यों के हाल

केरल: 7 जुलाई से 7 अगस्त के बीच 5.22 लाख नए केस दर्ज किए गए, जबकि 4.48 लाख लोगों ने इस बीमारी को मात दी। यहां इस बीच पॉजिटिविटी रेट 3% बढ़ा।

महाराष्ट्र: 7 जुलाई से 7 अगस्त के बीच राज्य में 2.24 लाख नए केस दर्ज किए गए, जबकि 2.58 लाख लोगों ने इस बीमारी को मात दी। यहां इस दौरान पॉजिटिविटी रेट 1.4% कम हुआ।

कर्नाटक: 7 जुलाई को पॉजिटिविटी रेट 1.6% था, जो 7 अगस्त को कम होकर 1.1% रह गया। इस दौरान राज्य में 54,589 नए मामले दर्ज किए गए और 68,751 लोगों ने इस बीमारी को मात दी।

तमिलनाडु: 7 जुलाई से 7 अगस्त के बीच 66,504 नए केस दर्ज किए गए, जबकि 79,201 लोगों ने इस बीमारी को मात दी। यहां इस बीच पॉजिटिविटी रेट 1% कम हुआ।

आंध्र प्रदेश: 7 जुलाई से 7 अगस्त के बीच 69,027 नए केस दर्ज किए गए, जबकि 80,414 लोगों ने इस बीमारी को मात दी। इस दौरान यहां पॉजिटिविटी रेट 1.4% कम हुआ।

मिजोरम: 7 जुलाई से 7 अगस्त के बीच 421 नए केस दर्ज किए गए, जबकि 633 लोगों ने इस बीमारी को मात दी। यहां इस दौरान पॉजिटिविटी रेट 2.7% बढ़ा है।

खबरें और भी हैं…

.

Leave a Reply