कुल्लू के वाशिंग में राफ्ट पलटी, 2 महिलाओं की मौत: 4 घायल; बबेली से राफ्टिंग के लिए निकली थीं 6 महिलाएं, बीच रास्ते में हुआ हादसा

कुल्लू34 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

राफ्ट पलटने से जान गंवाने वाली महिला का शव लेकर जाते अस्पताल कर्मी।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के वाशिंग इलाके में पर्यटक महिलाओं से भरी एक राफ्ट पलट गई, जिसमें 2 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 4 घायल हुई हैं। घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया। मृतक महिलाओं में साकेश पत्नी रणवीर निवासी इंदौर, रुकैया पत्नी दाहोद निवासी कौटनग्रीन 40003, महाराष्ट्र शामिल हैं। घायल पर्यटक महिलाओं में मरियम पत्नी जैनुद्दीन इंदौर, नफीसा पत्नी फिरोज इंदौर, रसीदा पत्नी कुतबदीन तुरला इदौर, तसनीम पत्नी खेरीवाला निवासी कौटनग्रीन 40003 महाराष्ट्र शामिल हैं। 4 घायल महिलाओं में से 3 की हालत सामान्य बताई जा रही है, जबकि एक की हालत नाजुक बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पेश आया, जब महाराष्ट्र और इंदौर की महिलाएं बबेली से राफ्ट में सवार होकर ब्यास नदी में राफ्टिंग का आनंद ले रही थीं। अचानक वाशिंग के पास उनकी राफ्ट पलट गई और महिलाएं पानी में बह गईं। हालांकि उसके बाद रेस्क्यू दल ने इन महिलाओं को पानी से बाहर निकाला, परंतु इस दौरान दो महिलाओं की हालत गंभीर थी, जिन्होंने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उधर पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है। राफ्ट में बैठी घायल महिलाओं से पुलिस बयान ले रही है और हादसे के क्या कारण रहे, इसकी भी जांच शुरू कर दी गई है।

रशीदा बोली, 6 महिलाएं बैठी थीं

हादसे का शिकार हुई महाराष्ट्र की रशीदा का कहना है कि 6 महिलाएं राफ्ट में बैठी थीं और अचानक ब्यास की धार में उनकी राफ्ट पलट गई। वह पानी में बहती जा रही थी। इस बीच कुछ लोगों ने उन्हें पानी से बाहर निकाला। अब मेरी हालत ठीक है। यह हादसा मेरे लिए बहुत ही डरावना था। यह घटना मुझे जिंदगी भर याद रहेगी।

खबरें और भी हैं…

.