कांग्रेस MLA सुखपाल खैहरा की गिरफ्तारी में गवर्नर की एंट्री: पंजाब के DGP से रिपोर्ट मांगी; पूछा- किस आधार पर हुई गिरफ्तारी

मोहाली37 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

कांग्रेसी नेता सुखपाल सिंह खैहरा।

पंजाब में कपूरथला के भुलत्थ से कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा की गिरफ्तारी में गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित की भी एंट्री हो गई है। गवर्नर ने पंजाब के डीजीपी से गिरफ्तारी के मामले को लेकर रिपोर्ट तलब की है। उनसे पूछा गया है कि खैहरा को क्यों और किन हालातों में गिरफ्तार किया गया। यह बात इसलिए अहम है क्योंकि पंजाब में AAP सरकार, CM भगवंत मान और गवर्नर के रिश्तों में लंबे समय से तल्खी चल रही है।

खैहरा​​​ को गुरुवार सुबह साढ़े 5 बजे चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया था। विधायक को गिरफ्तार करने के लिए जलालाबाद पुलिस उनके चंडीगढ़ सेक्टर 5 स्थित निवास स्थान पर पहुंची थी। जिसके बाद पंजाब के सीनियर कांग्रेसी नेता गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित से मिले थे।

जिसमें उन्होंने खैहरा की गिरफ्तारी को राजनीतिक स्टंट बताया था। उक्त पत्र पर संज्ञान लेते हुए गवर्नर ने डीजीपी पंजाब से मामले में गिरफ्तारी की रिपोर्ट तलब की है। जिसमें उन्होंने खैहरा की गिरफ्तारी का कारण पूछा।

गवर्नर पुरोहित को मिलने पहुंचे थे कांग्रेसी नेता
जब कांग्रेस पंजाब प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विपक्षी दल नेता प्रताप सिंह बाजवा की अगुआई में कांग्रेस नेता गवर्नर से मिलने पहुंचे थे। जहां कहा गया था कि राज्यपाल को सुखपाल सिंह खैहरा के साथ जो कुछ हुआ, उसके बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ये झूठा मामला दर्ज किया गया। बदले की राजनीति हो रही है, उन्हें 8 साल पुराने मामले में फंसाया गया।

बिना बुलाए जांच पूरी की गई और केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस सीधे उन्हें पकड़ने आ गई। हम चुप नहीं रह सकते। हम अंत तक लड़ेंगे। लोग जानते हैं कि सच्चाई क्या है। हमें उम्मीद है कि इस मामले में राज्यपाल संज्ञान लेंगे।

नाभा जेल में बंद सुखपाल खैहरा
इससे पहले गिरफ्तारी के बाद पुलिस विधायक को जलालाबाद लेकर पहुंची थी। मेडिकल के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया। दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने विधायक खैहरा को दो दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। इसके बाद फिर पुलिस रिमांड मांगा गया लेकिन उन्हें पहले फरीदकोट और फिर नाभा जेल भेज दिया गया।

खबरें और भी हैं…