कश्मीर-हिमाचल में बर्फबारी, गुलमर्ग में माइनस 12 डिग्री तापमान: दिल्ली में मौसम सुहाना हुआ; MP-छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन बूंदाबांदी का अलर्ट

  • Hindi News
  • National
  • Kashmir Himachal Snowfall Update; IMD Cold Wave Alert | UP Bihar Punjab MP Rajasthan Weather News

नई दिल्ली2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा स्थित गुरेज घाटी में गुरुवार को स्थानीय लोग बर्फ पर क्रिकेट खेलते हुए दिखे।उत्तराखंड के चमोली में चारों तरफ बर्फ की परत जमी हुई दिखी।

जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी हो रही है। इससे इन राज्यों में शीतलहर की स्थिति है। कश्मीर के गुलमर्ग स्कीइंग रिजॉर्ट में गुरुवार (8 फरवरी) को न्यूनतम तापमान माइनस 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में माइनस 11.9 डिग्री और श्रीनगर में माइनस 5.2 सेल्सियस तापमान रहा।

हिमाचल के लाहौल-स्पीति के कुसुमसेरी में गुरुवार को माइनस 14.2 डिग्री तापमान रहा। नारकंडा, कल्पा में न्यूनतम तापमान माइनस 4.4 डिग्री और 4.2 डिग्री दर्ज किया गया। मनाली में माइनस 2 डिग्री और शिमला में 0.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

शून्य से नीचे तापमान रहने के कारण हिमाचल में पानी के प्राकृतिक स्रोत जैसे झीलें, झरने और नदियां जम गईं हैं। सतलुज, रावी, ब्यास और अन्य नदियों का जल बहाव रुक गया है। इससे घरों में बिजली और पानी सप्लाई प्रभावित है। बर्फबारी और लैंडस्लाइड से 5 नेशनल हाईवे सहित 250 से ज्यादा सड़कों पर भी आवाजाही बंद हो गई है।

इधर, दिल्ली में कड़ाके की ठंड के बाद मौसम सुहाना हो गया है। गुरुवार (8 फरवरी) को दिल्ली में सुबह से धूप खिली रही। इससे अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 15 फरवरी के बाद दिल्ली में ठंड लगभग खत्म हो जाएगी।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD के मुताबिक, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में शुक्रवार (9 फरवरी) को बारिश की आशंका है। 10 फरवरी से 14 फरवरी तक मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बूंदाबांदी की संभावना है। 11 और 12 फरवरी को असम और मेघालय में बारिश हो सकती है। 12 से 14 फरवरी के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में भी मौसम का मिजाज बदलेगा। इन तीनों राज्यों में भी हल्की बारिश हो सकती है।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम की स्थिति
निजी वेदर एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। उत्तरी मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है।

पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिरने की आशंका है। उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में ग्राउंड फ्रॉस्ट संभव है।

राज्यों में मौसम का हाल…

उत्तर प्रदेश: पहाड़ों की सर्द हवाओं में बढ़ाई गलन, 6°C के साथ अयोध्या सबसे ठंडा

UP में पहाड़ों की सर्द हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। इनकी रफ्तार भी 30-35 किमी प्रति घंटा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 दिन बाद बारिश के आसार बन सकते हैं। फिलहाल सुबह हल्का कोहरा रहेगा। दोपहर में तेज धूप लोगों को गुनगुना एहसास करवा रही है। पूरी खबर पढ़ें…

मध्य प्रदेश: ग्वालियर सबसे ठंडा, 11 शहरों में पारा 25° से नीचे; 11-12 फरवरी से फिर बदलेगा मौसम

मध्य प्रदेश में ठंड का एक और दौर आ गया है। बुधवार को ग्वालियर-जबलपुर समेत प्रदेश के 11 शहरों में दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। रात में पारा फिर 10 डिग्री के नीचे आ गया है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के गुजरने के बाद प्रदेश में हवाओं का रुख उत्तरी हो गया है। पूरी खबर पढ़ें…

बिहार: अगले दो दिन ठंड से राहत नहीं, 35KM की रफ्तार से चलेगी पछुआ हवा

बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। अभी दो दिन तक बर्फीली पछुआ हवा 35 किमी की रफ्तार से चलेगी। ऐसे में धूप हाेने के बावजूद कनकनी से राहत नहीं मिलेगी। पूरी खबर पढ़ें…

छत्तीसगढ़: सर्द हवाओं से गिरा न्यूनतम तापमान; 10-11 फरवरी को रायपुर, दुर्ग, बस्तर में बारिश के आसार

रायपुर समेत छत्तीसगढ़ में गर्मी बढ़ गई है। दिन और रात में भी पारा सामान्य से ऊपर है। हालांकि, बुधवार रात को ठंडी हवा चलने से रात में मौसम ठंडा रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दो दिनों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री कि गिरावट होगी। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…