आज का इतिहास: शाही परिवार के प्रिंस-प्रिंसेस ने तलाक का ऐलान किया, जितनी चर्चा शादी की थी तलाक भी उतना ही चर्चित रहा

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • सोनिया गांधी इटली, आज का इतिहास आज का इतिहास 9 दिसंबर | प्रिंस चार्ल्स और राजकुमारी डायना तलाक

2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

इतिहास की सबसे चर्चित शाही जोड़ियों में से एक ब्रिटेन के शाही परिवार के प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस डायना के तलाक का ऐलान आज ही के दिन 1992 में हुआ था। इस शाही जोड़ी के अलग होने का ऐलान खुद तत्कालीन ब्रिटिश प्रधानमंत्री जॉन मेजर ने किया था। हालांकि, तलाक के ऐलान के करीब चार साल बाद 28 अगस्त 1996 को चार्ल्स-डायना का औपचारिक तौर पर तलाक हुआ था।

चार्ल्स और डायना के तलाक की तरह उनकी सगाई और शादी की भी पूरी दुनिया में चर्चा में रही थी। प्रिंसेस डायना और प्रिंस चार्ल्स की सगाई 24 फरवरी 1981 को हुई थी। सगाई में डायना ने जो अंगूठी पहनी थी उसकी कीमत उस समय 30 हजार पाउंड (करीब 30 लाख रुपये) थी, जिसमें एक नीलम और 14 हीरे जड़े थे।

ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस डायना की शादी 29 जुलाई 1981 को हुई थी।

ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस डायना की शादी 29 जुलाई 1981 को हुई थी।

इस शानदार सगाई के बाद चार्ल्स और डायना की शादी 29 जुलाई 1981 को हुई। उनकी शादी की ड्रेस डेविड और एलिजाबेथ इमैनुएल ने डिजाइन की थी। डायना की शादी की ड्रेस में 24 फीट की चुनरी थी, जिसे हाथीदांत से बने टाफेटा और एंटीक लेस से सजाया गया था। शादी के वक्त डायना 20 साल की थीं।

प्रिंस चार्ल्स और डायना की शादी की चर्चा पूरी दुनिया में थी। इस शाही शादी को टीवी पर दुनियाभर में 1 अरब से ज्यादा लोगों ने देखा था। उनकी शादी को देखने के लिए ब्रिटेन में कैथीड्रल से लेकर बर्मिंघम पैलेस के सामने तक 6 लाख लोग जमा हो गए। शादी के एक साल के भीतर 21 जून 1982 को प्रिंस-चार्ल्स की पहली संतान प्रिंस विलियम्स का जन्म हुआ था। 15 सितंबर 1984 को प्रिंस-चार्ल्स के दूसरे बेटे का जन्म हुआ था। प्रिंस विलियम्स के इस छोटे बच्चे का नाम रखा गया हेनरी, हालांकि बाद में उन्हें प्रिंस हैरी के नाम से जाना जाने लगा।

इस शाही जोड़ी के रिश्ते शादी के कुछ सालों बाद ही खराब होने लगे थे। इस रिश्ते में चल रही खटास की बानगी तब देखने को मिली जब 1992 में भारत दौरे पर आईं प्रिंसेस डायना ने ताजमहल के सामने अकेले बैठकर तस्वीर खिंचवाई थी। आखिरकार तलाक के ऐलान के चार साल बाद 28 अगस्त 1996 को दोनों का तलाक हो गया। तलाक के एक साल बाद 31 अगस्त 1997 को एक सड़क हादसे में डायना की मौत हो गई। जबकि, अप्रैल 2005 में प्रिंस चार्ल्स ने कैमिला पार्कर से शादी कर ली।

आज ही हुआ था सोनिया गांधी का जन्म

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर 1946 को इटली के लुसियाना में हुआ था। सोनिया का असली नाम एंटोनिया माइनो था। अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद सोनिया उच्च शिक्षा के लिए ब्रिटेन स्थित कैम्ब्रिज पहुंचीं। यहां 1965 में उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई और फिर दोनों ने 1968 में शादी कर ली। 1991 में तमिलनाडु में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई। राजीव की हत्या के 7 साल बाद 1998 में सोनिया ने कांग्रेस की बागडोर संभाली और अध्यक्ष बनीं। वह 1999 में पहली बार अमेठी से लोकसभा सांसद चुनी गईं। 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उत्तर प्रदेश में केवल एक ही सीट जीत पाई और वह सीट है रायबरेली, जहां से सोनिया गांधी ने चुनाव जीता है।

सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर 1946 को इटली में हुआ था।

सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर 1946 को इटली में हुआ था।

भारत और दुनिया के इतिहास में 9 दिसंबर के दिन को और किन-किन महत्वपूर्ण घटनाओं की वजह से याद किया जाता है…

2013: इंडोनेशिया में बिनटारो के समीप ट्रेन हादसे में सात की मौत और 63 घायल

2012: मेक्सिको में विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से सात लोगों की मौत।

2008: इसरो ने यूरोप के उपग्रह प्रणाली विशेषज्ञ ईएडीएम एस्ट्रीयस के लिए सैटेलाइट बनाया।

2007: पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो ने पाकिस्तानी सरकार के साथ अपने सभी रिश्ते खत्म करने का ऐलान किया।

2006: पाकिस्तान ने परमाणु क्षमता युक्त मध्यम दूरी के प्रक्षेपास्त्र ‘हत्फ-3 गजनवी’ का परीक्षण किया।

2002: जॉन स्नो अमेरिका के नये वित्तमंत्री बने।

2001: अफगानिस्तान में नार्दन एलांयस का विमान दुर्घटनाग्रस्त, 21 की जान गई।

2001: यूनाइटेड नेशनल पार्टी के नेता रानिल विक्रमसिंघे ने श्रीलंका के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली।

1998: आस्ट्रेलियाई क्रिकेट खिलाड़ियों शेन वार्न और मार्क वॉ ने एक भारतीय सट्टेबाज से 1994 में श्रीलंका दौरे पर रिश्वत लेने की बात स्वीकारी।

1971: लिबरेशन वॉर के दौरान भारतीय सेना ने हवाई अभियान मेघना हेली ब्रिज छेड़ा था।

1947: फ्रांसीसी मजदूर संघ ने हड़ताल समाप्त कर सरकार से बात शुरु की।

1946: संविधान सभा की पहली बैठक नई दिल्ली के कांस्टीट्यूशनल हॉल में हुई।

1941: चीन ने जापान,जर्मनी और इटली के खिलाफ युद्ध का ऐलान किया।

1931: जापानी सेना ने चीन के जेहोल प्रांत पर हमला किया।

1924: हालैंड और हंगरी के बीच व्यापार संधि हुई।

1917: जनरल अलेनबाय के नेतृत्व में ब्रिटिश सेना ने येरुशलम पर कब्जा किया।

1910: फ्रांसीसी सेनाओं ने मोरक्को के बंदरगाह शहर अगादीर पर कब्जा किया।

1898: बेलूर मठ की स्थापना।

1762: ब्रिटिश संसद ने पेरिस संधि को मंजूर किया।

1758: भारत में मद्रास का 13 महीनों तक चलने वाला युद्ध शुरू हुआ।

1625: हॉलैंड और इंग्लैंड के बीच सैन्य संधि पर हस्ताक्षर।

खबरें और भी हैं…

.