UP में 7 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट पास: एक करोड़ युवाओं को स्मार्ट फोन, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भत्ता, सरकारी कर्मचारियों का DA 28% हुआ; पढ़िए बजट में किसे क्या मिला?

लखनऊ5 घंटे पहले

उत्तर प्रदेश विधानसभा में योगी सरकार का 7 हजार 301 करोड़ का अनुपूरक बजट पास हो गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया। कहा कि एक करोड़ युवाओं को मुफ्त स्मार्ट फोन दिए जाएंगे। इसके अलावा, तीन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को भी भत्ता देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों का भी महंगाई भत्ता यानी DA 17% से बढ़ाकर 28% कर दिया गया है। इसका लाभ प्रदेश के करीब 28 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगा।

सरकार के बजट की मुख्य बातें

  • 3002 करोड़ रुपए युवाओं के रोजगार, खिलाड़ियों की नई योजनाओं पर खर्च किए जाएंगे।
  • 500 करोड़ रुपए सूचना विभाग को दिए गए। चुनाव से पहले सरकार भरपूर प्रचार-प्रसार पर खर्च करेगी।
  • 200 करोड़ रुपए से गन्ना किसानों का भुगतान किया जाना है। हालांकि, चीनी मिलों पर 800 करोड़ रुपए का बकाया है। ऐसे में यह साफ नहीं है कि सरकार कितने किसानों का भुगतान करेगी?
  • 300 करोड़ रुपए की अतिरिक्त व्यवस्था किसानों को छुट्‌टा गोवंश की समस्या से निजात दिलाने के लिए की गई है।
  • 209 करोड़ 69 लाख रुपए की नई परियोजना अयोध्या में शुरू होनी है।
  • 200 करोड़ रुपए स्वच्छ भारत अभियान के लिए दिए गए हैं।
  • 100 करोड़ रुपए बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के लिए दिए गए हैं।
  • 50 करोड़ रुपए डॉ. अंबेडकर स्मारक के लिए खर्च होंगे।
  • 50 करोड़ रुपए बलिया लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए।
  • 40 करोड़ रुपए वाराणसी में गंगा से विश्वनाथ मंदिर तक के मार्ग के विस्तारीकरण पर खर्च होंगे।
  • 9.70 करोड़ रुपए से संस्कृत संस्थान के बहुउद्देशीय भवन को तैयार किया जाएगा।
  • 30 लाख रुपए से संस्कृत पंडितों को पुरस्कृत किया जाएगा।

सरकार पर 7176.57 करोड़ का बोझ बढ़ा

सदन में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को अनुपूरक बजट पेश किया था।

सदन में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को अनुपूरक बजट पेश किया था।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने इससे पहले बुधवार को सदन में बताया था कि अनुपूरक बजट में 6581 करोड़ 41 लाख 55 हजार रुपए राजस्व मद में दिए गए हैं। राजस्व मद में दिए गए इस बजट में मानदेय वृद्धि का व्ययभार सबसे अधिक है। वहीं पूंजीगत (निर्माण कार्यों) मद में 720 करोड़ 10 लाख 3 हजार रुपए दिया गया है।

अनुपूरक बजट में केंद्रीय योजनाओं से मिलने वाली केंद्रांश की धनराशि 124 करोड़ 94 लाख 12 हजार रुपए है। इस धनराशि को घटाने के बाद सरकार के अपने खजाने पर इस अनुपूरक से 7176 करोड़ 57 लाख 46 हजार रुपए का बोझ बढ़ेगा। राज्य सरकार इस धनराशि का इंतजाम टैक्स के लक्ष्यों को पूरा करके तथा गैर जरूरी खर्चों में कमी लाकर करेगी।

खबरें और भी हैं…

.

Leave a Reply