CM जयराम ठाकुर लौटे दिल्ली से शिमला: भाजपाध्यक्ष नड्‌डा से मिलने के बाद चेहरे पर दिखी खुशी; शाम 5 बजे बुलाई कैबिनेट की बैठक, मंत्रिमंडल में फेरबदल के बन रहे आसार

शिमला7 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

राज्य सचिवालय से बाहर आते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शिमला पहुंच गए। दोपहर करीब 1 बजे के आसपास उनका हेलिकॉप्टर शिमला लैंड हुआ। इसके बाद वह सीधे अपने निवास पर चले गए। यहां पर कुछ समय आराम करने के बाद वह सचिवालय जाएंगे। शाम 5 बजे कैबिनेट की मीटिंग में भी वह मंत्रियों के साथ चर्चा करेंगे।

बता दें कि मंगलवार को सीएम दिल्ली गए थे। उन्हें और भाजपा अधिकारियों को मंगलवार को दिल्ली बुलाया गया था। वहां संगठन व सरकार के मुद्दों पर उनकी देर रात भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ बैठक हुई। इस दौरान मंत्रियों के विभागों में फेरबदल को लेकर भी चर्चा हुई। सूत्र बताते हैं कि कैबिनेट के एक मंत्री को मंडी लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में उतारे जाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया। हालांकि अभी फाइनल कुछ नहीं हुआ है, लेकिन उपचुनाव की तिथियां नजदीक आते ही प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा शुरू होगी।

मुख्यमंत्री बोले- 2022 में भाजपा की सरकार बनेगी
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नड्‌डा के आवास के बाहर मुस्कुराते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से बहुत अच्छी बातें हुईं और वह बहुत खुश हैं। हिमाचल में 2022 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार लाने में वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और संगठन मंत्री पवन राणा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी कार्यालय में भी उनकी एक विस्तार से बैठक हुई, जिसमें आगामी चुनाव को लेकर योजना बनी। उपचुनाव को लेकर भी चर्चा की गई।

शिमला पहुंचने पर पत्रकारों से की बातचीत में बोले…

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दोपहर बाद राज्य सचिवालय पहुंचे। यहां पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली दौरा बेहद अच्छा रहा। पार्टी का निर्धारित कार्यक्रम था, जो 25 दिन पहले शेड्यूल हो चुका था। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ उनकी बैठक हुई। आने वाले समय में चुनाव को लेकर बात हुई। चाहे वह चार जगहों पर उपचुनाव हों या फिर 2022 में विधानसभा के चुनाव।

इसके अलावा स्वर्ण जयंती कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा हुई। मंत्रियों के विभागों में बदलाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में इस प्रकार के एजेंडे की कोई गुंजाइश नहीं थी, न ही इस प्रकार की कोई चर्चा हुई है। यह बिल्कुल ही संगठनात्मक बैठक थी। प्रदेश के अध्यक्ष साथ थे। संगठन महामंत्री साथ थे। जिस प्रकार की बातें आप सब सोच रहे हैं, वैसा कुछ भी नहीं है।

मुख्यमंत्री दोपहर को पहुंचे शिमला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दोपहर को शिमला पहुंच गए। अब शाम को कैबिनेट की बैठक होगी, जिसमें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के शिमला प्रवास को लेकर चर्चा होगी। सरकार पहले ही स्कूलों को बंद करने का निर्णय ले चुकी है। ऐसे में अन्य कोई मुद्दा कैबिनेट के पास नहीं है। केवल राष्ट्रपति दौरे को लेकर ही कैबिनेट में विस्तार से चर्चा होगी। तैयारियों को लेकर भी अधिकारी मंत्रियों के सामने अपनी प्रेजेंटेशन रखेंगे।

CM के दिल्ली दौरे को लेकर गर्म रहा सियासी बाजार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंगलवार को दिल्ली गए तो हिमाचल में राजनीतिक हलचल शुरू हो गई। सभी ने यह सुनाना शुरू कर दिया कि कहीं दिल्ली जाकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी इस्तीफा तो नहीं देने वाले। इसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यहां पर वह पहले से ही तय शेड्यूल के अनुसार पहुंचे हैं। मीटिंग काफी पहले ही तय हो गई थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से पार्टी संगठन और सरकार की फीडबैक को लेकर चर्चा होनी है।

खबरें और भी हैं…

.