UP विधानसभा सत्र LIVE: BJP पर विपक्ष का बड़ा हमला, राम गोविंद चौधरी बोले- लखनऊ में सब कुछ अखिलेश यादव ने बनवाया, योगी सरकार ने केवल नाम बदला

लखनऊ6 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सदन में बोलते हुए सपा नेता राम गोविंद चौधरी।

उत्तर प्रदेश विधानसभा में योगी सरकार के 7 हजार 301 करोड़ रुपए के अनुपूरक बजट पर चर्चा शुरू हो गई है। नेता विपक्ष और सपा विधायक राम गोविंद चौधरी ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार सपने में भी विकास, जगने में भी विकास, काम करने में भी विकास करने की बात कहती है। लेकिन विकास भाई ढूंढने पर भी नहीं मिलते हैं।

राजधानी लखनऊ में इन लोगों ने क्या किया? जो अखिलेश यादव के कार्यकाल में बना। केवल उसका नाम बदलने का काम किया। चौधरी ने बेरोजगारी का मुद्दा भी उठाया। बोले- सरकार की खराब नीतियों के चलते आज बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। जिनके पास पहले नौकरी थी, वो भी आज बेरोजगार हो गए हैं, लेकिन सरकार झूठे प्रचार में जुटी है।

लाइव अपडेट…

  • विपक्ष ने किया प्रदर्शन : विपक्ष सरकार को लगातार महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के मुद्दे पर घेरने में जुटी हुई है। सपा के विधायक नफीस अहमद, नरेंद्र वर्मा, संग्राम सिंह यादव, एमएलसी राजपाल कश्यप, राजेश यादव, डॉ. दिलीप यादव विधानसभा के बाहर महंगाई को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
  • ओम प्रकाश राजभर ने सरकार पर निशाना साधा : बजट पर चर्चा से पहले सुहेलदेव समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- ‘उत्तर प्रदेश विधानसभा में आज पेश अनुपूरक बजट सिर्फ चुनाव में वोट लेने का इंतजाम जैसा है। जनता महगांई से दुःखी है और सरकार जले पर नमक छिड़कने का काम कर रही है। प्रदेश का नौजवान नौकरी, रोजगार के लिए परेशान है, भाजपा सरकार सिर्फ वोट जुटाने में परेशान है।’

24 अगस्त तक चलना था विधानसभा का सत्र
विधानसभा का मानसून सत्र 24 अगस्त तक चलने वाला था, लेकिन बुधवार की कार्यमंत्रणा में तय हुआ कि सत्र 19 अगस्त को ही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया जाएगा। पहले 23 और 24 को विधायी कार्य होना था, लेकिन सरकार इसके लिए तैयार नहीं है। हालांकि, विपक्ष सदन की कार्यवाही को आगे चलाना चाहता है। विपक्ष का कहना है कि वह सदन में जनता के जुड़े मुद्दों जैसे महंगाई, बाढ़ और किसानों की समस्याओं पर चर्चा चाहता है।

सरकार ने पेश किया है 7 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट
बुधवार को वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सदन में 7 हजार 301 करोड़ रुपए का अनुपूरक बजट पेश किया। उन्होंने बताया कि इस बजट से 7.50 लाख राज्य कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाया जाएगा। प्रदेश में ग्राम प्रहरी, आंगनबाड़ी रोजगार सेवक, प्रांतीय रक्षक दल, आशा कार्यकर्ता और रसोईया समेत विभिन्न संभागों में कर्मचारी मानदेय पर काम कर रहे हैं। ज्यादातर संभागों के कर्मचारी बढ़ती महंगाई और मानदेय में लंबे समय से वृद्धि न किए जाने का हवाला देकर मानदेय बढ़ाने की मांग करते रहे हैं। इनके मानदेय पर अभी करीब 7 हजार करोड़ प्रतिवर्ष खर्च हो रहा है।

सरकार के बजट की मुख्य बातें

  • 3002 करोड़ रुपए युवाओं के रोजगार, खिलाड़ियों की नई योजनाओं पर खर्च किए जाएंगे।
  • 500 करोड़ रुपए सूचना विभाग को दिए गए हैं। चुनाव से पहले सरकार भरपूर प्रचार-प्रसार पर खर्च करेगी।
  • 200 करोड़ रुपए से गन्ना किसानों का भुगतान किया जाना है। हालांकि, चीनी मिलों पर 800 करोड़ रुपए का बकाया है। ऐसे में यह साफ नहीं है कि सरकार कितने किसानों का भुगतान करेगी?
  • 300 करोड़ रुपए की अतिरिक्त व्यवस्था किसानों को छुट्‌टा गोवंश की समस्या से निजात दिलाने के लिए की गई है।
  • 209 करोड़ 69 लाख रुपए की नई परियोजना अयोध्या में शुरू होनी है।
  • 200 करोड़ रुपए स्वच्छ भारत अभियान के लिए दिए गए हैं।
  • 100 करोड़ रुपए बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के लिए दिए गए हैं।
  • 50 करोड़ रुपए डॉ. अंबेडकर स्मारक के लिए खर्च होंगे।
  • 50 करोड़ रुपए बलिया लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए।
  • 40 करोड़ रुपए वाराणसी में गंगा से विश्वनाथ मंदिर तक के मार्ग के विस्तारीकरण पर खर्च होंगे।
  • 9.70 करोड़ रुपए से संस्कृत संस्थान के बहुउद्देशीय भवन को तैयार किया जाएगा।
  • 30 लाख रुपए से संस्कृत पंडितों को पुरस्कृत किया जाएगा।

सरकार के अनुपूरक बजट में और क्या है खास?

  • अधिवक्ता कल्याण निधि 1.5 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपए कर दी गई।
  • शिक्षामित्र, आंगनबाड़ी, अंशकालिक अनुदेशक, रसोइयां, आशा कार्यकर्ता, पीआरडी जवान, रोजगार सेवक, चौकीदार, ग्राम पहरियों का मानदेय बढ़ाया जाएगा। ऐसे करीब 10 लाख कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी होगी।

खबरें और भी हैं…

.

Leave a Reply