PM मोदी से मिलने पहुंची ममता: त्रिपुरा हिंसा और BSF के अधिकार क्षेत्र का मुद्दा उठाएंगी, पांच महीने में दूसरी बार दिल्ली आईं

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • ममता बनर्जी नरेंद्र मोदी मीटिंग अपडेट | पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री आज दिल्ली में पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात

नई दिल्ली2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

ममता बनर्जी तीन दिवसीय दिल्ली दौरे पर हैं। चुनावों से पहले उनके दौरे और प्रधानमंत्री से उनकी मुलाकात को अहम माना जा रहा है।

तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इन दिनों राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हैं। आज शाम 5 बजे वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने उनके घर पहुंची। इससे पहले दोपहर 3.30 बजे ममता भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी से भी मिलीं।

PM से इस मुलाकात में ममता राज्य के विकास के विभिन्न मुद्दों के अलावा BSF का अधिकार क्षेत्र बढ़ाने और त्रिपुरा में हिंसा के मामले पर चर्चा कर सकती हैं। ममता ने आरोप लगाया है कि त्रिपुरा में बिप्लब देब की सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन कर रही है। इससे पहले मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में TMC की वह याचिका खारिज कर दी थी, जिसमें त्रिपुरा में होने वाले निकाय चुनाव पर रोक लगाने की मांग की गई थी।

उपचुनाव में जीत के बाद पहली दिल्ली यात्रा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 में TMC की प्रचंड जीत के बाद बनर्जी की दिल्ली की यह दूसरी यात्रा है। इस जीत के साथ ही ममता लगातार तीसरी बार बंगाल की मुख्यमंत्री बनी हैं। 30 सितंबर को हुए भवानीपुर उपचुनाव में जीत हासिल करने के बाद यह उनका दिल्ली का पहला दौरा भी है।

लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटीं ममता
ममता बनर्जी 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट गई हैं। बंगाल में खेला होबे का नारा देने के बाद दीदी का अगला टारगेट लोकसभा चुनाव के बाद खुद को तीसरे विकल्प के रूप में खड़ा करने का है। दीदी ने इसके लिए देशभर में पार्टी संगठन को मजबूत करने की कवायद भी शुरू कर दी है। आगामी विधानसभा चुनावों पर भी उनकी नजर है।

कई नेताओं ने TMC का दामन थामा
ममता ने दिल्ली आकर कई बड़े नेताओं को पार्टी में शामिल कराया है। सबसे पहले JDU के सांसद रह चुके पवन वर्मा ने पार्टी की सदस्यता ली। इसके बाद कांग्रेस नेता और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद पत्नी पूनम आजाद के साथ ममता के सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी के घर पहुंचे। यहां पहले से मौजूद ममता बनर्जी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसके चंद घंटे बाद ही हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद रह चुके अशोक तंवर भी ममता से मिले और TMC में शामिल हो गए।

खबरें और भी हैं…

.