कांग्रेस ने जीती मंडी लोकसभा सीट: पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने भाजपा कैंडिडेट व कारगिल हीरो खुशहाल सिंह को 8766 वोटों से हराया

कुल्लू6 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

हिमाचल प्रदेश में मंडी लोकसभा सीट कांग्रेस ने जीत ली है। यहां पार्टी प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने भाजपा कैंडिडेट व कारगिल वार के हीरो रिटायर्ड ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह को 8766 वोटों से हराया। प्रतिभा सिंह को कुल 365650 और ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह को 356884 वोट मिले।

मंडी संसदीय सीट के वोटों की गिनती में प्रतिभा सिंह सुबह से ही आगे चल रही थीं और 9 बजे तक उन्होंने भाजपा उम्मीदवार पर 3 हजार वोटों की बढ़त बना ली थी मगर 9.30 बजे भाजपा कैंडिडेट ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह 4099 वोटों से आगे निकल गए। हालांकि वह अपनी लीड बरकरार नहीं रख सके तो आधे घंटे बाद ही फिर दूसरे नंबर पर पहुंच गए। उसके बाद प्रतिभा सिंह लगातार आगे बनी रहीं। हालांकि उनकी लीड कभी भी 10 हजार के आंकड़े तक नहीं पहुंची। मंडी संसदीय सीट पर दोपहर 1.26 बजे तक प्रतिभा सिंह भाजपा उम्मीदवार से 8672 वोटों से आगे चल रही थीं और उसके बाद उन्हें 8766 वोटों से विजयी घोषित किया गया।

मतदान केंद्र के बाहर जुटे कांग्रेस समर्थक।

मतदान केंद्र के बाहर जुटे कांग्रेस समर्थक।

कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को उपचुनाव में कुल 365650 वोट मिले जो कुल वोटिंग का 49.23% रहा। भाजपा कैंडिडेट खुशहाल सिंह को 356884 वोट मिले जो कुल मतदान का 48.05% रहा। यहां कांग्रेस ने भाजपा से 1.18% अधिक वोट लेकर जीत दर्ज की। मंडी संसदीय सीट पर हुए इस उपचुनाव में 12626 वोटा NOTA को मिले। अन्य प्रत्याशियों को यहां 7611 वोट मिले।

कांग्रेस को मिले सहानुभूति वोट
कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के 8 जुलाई 2021 को हुए निधन के बाद हिमाचल प्रदेश में यह पहला उपचुनाव है। कांग्रेस पार्टी ने इस बार मंडी संसदीय सीट पर वीरभद्र सिंह की पत्नी और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह को उतारा ताकि उन्हें सहानुभूति वोटों का फायदा मिल सके। प्रतिभा सिंह ने चुनाव प्रचार में इसे भुनाया और कांग्रेस की यह रणनीति सफल भी रही।

भाजपा का सैनिक कार्ड फेल
कांग्रेस की रणनीति को फेल करने के लिए भाजपा ने यहां सैनिक कार्ड चला और कारगिल युद्ध के हीरो रहे ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह को मैदान में उतारा। ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह की यूनिट 18 ग्रेनेडियर ने ही कारगिल युद्ध के दौरान सबसे मुश्किल मानी जाने वाली चोटियों तोलोलिंग और टाइगर हिल पर भारतीय झंडा फहराया था। मंडी संसदीय हलके में पूर्व सैनिकों के अच्छे-खासे वोट हैं और भाजपा ने इन वोटों को अपने पक्ष में करने के लिए ही ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह को मैदान में उतारा था। पार्टी की रणनीति कुछ हद तक सफल भी रही मगर उसे जीत नहीं मिल पाई।

मतदान केंद्र के बाहर जुटे कांग्रेस समर्थक।

मतदान केंद्र के बाहर जुटे कांग्रेस समर्थक।

10 केंद्रों पर हुई वोटों की गिनती
मंडी संसदीय सीट में 17 विधानसभा हलके शामिल हैं और इनके वोटों की काउंटिंग 10 केंद्रों पर हुई। बल्ह के वोट मंडी के गवर्नमेंट आईटीआई और मनाली, कुल्लू, आनी और बंजार के वोट कुल्लू के जीडीसी में गिने गए। करसोग, सुंदरनगर, नाचन और सरकाघाट के वोटों की काउंटिंग सुंदरनगर के जवाहर लाल नेहरू गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज में हुई। द्रंग और जोगिंद्रनगर के वोट जोगिंद्रनगर के राजीव गांधी गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज और सिराज व मंडी के वोटों की गिनती मंडी के गवर्नमेंट पीजी कॉलेज मंडी में गिने गए। मंडी की गवर्नमेंट गर्ल्स आईटीआई, सरोल के गवर्नमेंट मिलेनियम पॉलीटेक्नीक, केलांग के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रिकांगपिओ के बचत भवन और रामपुर के पीजीएसएसएस में भी वोट गिने गए।

खबरें और भी हैं…

.