आज से दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल का पंजाब दौरा: चंडीगढ़ पहुंचे AAP संयोजक का बड़ा दावा- आम आदमी पार्टी ही पंजाब को स्थिर और ईमानदार सरकार दे सकती है

लुधियानाएक घंटा पहले

  • कॉपी लिंक

अरविंद केजरीवाल आज हवाई जहाज से चंडीगढ़ और फिर लुधियाना पहुंचेंगे। (फाइल फोटो)

पंजाब में मची राजनीतिक उथल-पुथल के बीच आम आदमी पार्टी के प्रधान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज पंजाब के दौरे पर आए हैं। वे चंडीगढ़ पहुंच गए हैं, जहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कई बातें कहीं। वहीं केजरीवाल नवजोत सिद्धू के पक्ष में नजर आए। सबसे पहले केजरीवाल ने दावा किया आम आदमी पार्टी पंजाब को स्थिर और ईमानदार सरकार दे सकती है।

दोपहर बाद लुधियाना पहुंच रहे हैं। उनका दो दिन रुकने का प्रोग्राम है। वह पहले शताब्दी ट्रेन से आने वाले थे, मगर अचानक प्रोग्राम में तब्दीली करके वह हवाई जहाज से चंडीगढ़ और फिर लुधियाना पहुंचेंगे।

कयास लगाए जा रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल चंडीगढ़ में या लुधियाना में पंजाब की दूसरी पार्टियों के कुछ नेताओं के साथ गुप्त बैठक कर सकते हैं। क्योंकि अभी आम आदमी पार्टी पंजाब में मुख्यमंत्री चेहरे की तलाश में है। जबकि उनके अधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, वह लुधियाना में देर शाम शहर के बड़े होटल उद्यमियों से बैठक करने वाले हैं। गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दूसरी गारंटी का ऐलान किया जाना है, जो रोजगार और बेरोजगारी भत्ते को लेकर हो सकती है।

उत्तराखंड और गोवा में भी रोजगार की दी है गारंटी
अरविंद केजरीवाल की तरफ से इससे पहले उत्तराखंड और गोवा में नौकरी की गारंटी का ऐलान किया गया है। इसलिए संभावित है कि यहां पर भी वह अपनी दूसरी गारंटी रोजगार की ही देने वाले हैं, क्योंकि पंजाब की कांग्रेस सरकार ने भी इसी पर पिछला चुनाव लड़ा था। आज भी बेरोजगारी अहम मुद्दा है। इससे पहले वह एक माह में 200 यूनिट बिजली माफ करने का वादा कर चुके हैं। इसे पहली गारंटी के तौर पर पेश किया जा रहा है। जबकि कांग्रेस ने पहले ही 300 यूनिट बिजली माफ का ऐलान कर दिया है।

सिद्धू पर प्रतिक्रिया पर रहेगी सभी की नजर
मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित न होने से नाराज भगवंत मान उनसे दूरी बना सकते हैं। इसी बीच अब उनकी ओर से खुद केजरीवाल के दौरे संबंधी जानकारी दी गई है। खास बात यह भी है कि नवजोत सिंह सिद्धू ने मंगलवार को पंजाब कांग्रेस प्रधान पद से इस्तीफा दे दिया। अगले ही दिन बुधवार को केजरीवाल पंजाब आ रहे हैं। क्योंकि पहले नवजोत सिंह सिद्धू को आम आदमी पार्टी में लाने की कवायद चल रही थी, मगर उन्हें कांग्रेस ने पंजाब अध्यक्ष बना दिया। सिद्धू के इस्तीफे पर उनकी क्या प्रतिक्रिया रहती है, यह भी देखने वाली बात रहेगी।

चन्नी के मुख्यमंत्री बनने के बाद पहला दौरा
कांग्रेस की ओर से दलित चेहरे चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया है। चन्नी के मुख्यमंत्री बनने के बाद अरविंद केजरीवाल पहली बार पंजाब आ रहे हैं। उनकी मुख्यमंत्री पर प्रतिक्रिया काफी अहम रहने वाली है। इसके अलावा वह अपनी अगली रणनीति पर क्या बात करते हैं, यह भी देखने वाली बात होगी।

पहले रद्द हो चुका है दौरा
पहले अरविंद केजरीवाल का रविवार को पंजाब आने का प्रोग्राम था, लेकिन इसी दिन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा अपनी कैबिनेट का विस्तार किया जाना था, इसलिए यह दौरा रद्द कर दिया गया। क्योंकि नए मंत्रियों को शपथ दिलाने की खबर के बीच आम आदमी पार्टी की घोषणाएं दब न जाएं, इसलिए वह नहीं आए।

खबरें और भी हैं…

.