- हिंदी समाचार
- स्थानीय
- पंजाब
- जालंधर
- बठिंडा में गुस्साए किसान ने अधिकारियों को बताया चोर, कहा हमारा मुआवजा रास्ते में खा गया, सीएम चन्नी ने गले लगाया और शांत कराया
जालंधर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
गुस्साए किसान को CM चरणजीत चन्नी ने गले लगा लिया।
पंजाब के नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी रविवार को बठिंडा पहुंचे। उन्होंने गुलाबी सुंडी की वजह से बर्बाद हो रही कपास की फसल का जायजा लिया। इसी दौरान एक किसान बलजिंदर सिंह आगे आया। जब CM चन्नी ने किसानों को मुआवजा देने की बात कही तो वो भड़क उठा। किसान ने कहा कि नरमे का नुकसान हुआ तो हमें सिर्फ 8 हजार मुआवजा मिला। धान का पैसा अफसर खा गए। हमने 55 हजार ठेके पर खेत लिया है। महीनों से घर बैठकर नहीं देखा। अब इस पर गुलाबी सुंडी का हमला हो गया।
किसान ने कहा कि किसान यूं ही खुदकुशी के लिए मजबूर नहीं हो रहा। मुआवजा किसानों को मिलना चाहिए। रास्ते में अफसर न खाएं, यह भी सरकार को देखना चाहिए। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नई सरकार है। जो भी मुआवजा होगा, वो सीधे किसान को मिलेगा।
कपास पर गुलाबी सुंडी के हमले का जायजा लेते CM चरणजीत चन्नी।
रास्ते में कोई अफसर कुछ नहीं कर सकेगा, पहले पेस्टिसाइड्स भेजेंगे : CM
किसानों की फसलों का जायजा लेने के बाद CM चन्नी ने कहा कि तुरंत सभी किसानों के लिए पेस्टिसाइड्स भेजा जाएगा। हमारी कोशिश फसल को इस कीड़े से बचाने की है। उसके बाद जो भी उनका बनता मुआवजा है, वो किसानों को देंगे। उन्होंने कहा कि नई सरकार खुद जमीन पर उतरकर हालात देखेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली कोशिश बीमारी को रोकने की है। किसानों ने मांग की कि बीज व स्प्रे उन्हें यूनिवर्सिटी से दिलाई जाए। इस मौके खेतीबाड़ी अफसरों ने कहा कि 1985-86 में यह बीमारी होती थी और अब फिर लौट आई है।
CM चन्नी ने जालंधर में स्टूडेंट्स से मिलने के लिए VIP सिक्योरिटी हटा दी। अब बठिंडा में किसानों को मुख्यमंत्री के पास जाने से रोक दिया गया।
सुखबीर भी कर चुके दौरा
इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कपास के नुकसान की गिरदावरी करवा मुआवजे की मांग की थी। जिसके बाद सरकार ने इसके आदेश दे दिए। इसके बाद अकाली दल के सुखबीर बादल भी खेतों में पहुंचे। अब मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी भी जायजा लेने के लिए कैबिनेट विस्तार से पहले फील्ड में उतरे।
.