भास्कर LIVE अपडेट्स: असम में कब्जा हटाने गई पुलिस और लोगों के बीच हिंसक झड़प; 2 की मौत, 9 पुलिसवालों समेत कई घायल

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • ब्रेकिंग न्यूज लाइव अपडेट | दैनिक भास्कर ब्रेकिंग न्यूज हेडलाइंस टुडे, भारत और दुनिया नवीनतम तस्वीरें वीडियो

2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने बेदखली अभियान का विरोध किया और पथराव शुरू कर दिया।

असम के दरांग जिले में गुरुवार को कब्जा हटाने गई पुलिस की लोगों से झड़प हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिपाहझार में हुई इस झड़प में 2 लोगों की मौत हुई है। कई घायल भी हैं। इस झड़प के वीडियो भी सामने आए हैं। इसमें भारी संख्या में पुलिसवाले मौजूद हैं।

बताया जाता है कि पहले लोगों ने पथराव शुरू किया। इसके बाद पुलिस ने सख्ती बरती। कुछ पुलिसकर्मी गोलियां चलाते भी नजर आ रहे हैं। एक शख्स लाठी लेकर पुलिसकर्मियों की ओर से बढ़ता है। इसके बाद कई पुलिसकर्मी उस पर टूट पड़ते हैं। बताया जाता है कि यहां सोमवार से तनाव का माहौल था। पुलिस के मुताबिक, उसके भी 9 जवान घायल हुए हैं।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

बंगाल-झारखंड बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान 25 पिस्टल बरामद
बंगाल-झारखंड बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। आसनसोल पुलिस ने रूटीन चेकिंग के दौरान 25 पिस्टल बरामद किए हैं। पुलिस ने एक आरोपी ऐश मोहम्मद को गिरफ्तार भी किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रोजाना चेकिंग के दौरान बंगाल-झारखंड बॉर्डर पर हमें हथियारों की यह खेप बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपी आसनसोल के कुल्टी का रहने वाला है।

उरी में सुरक्षा बलों ने 3 आतंकी मार गिराए, 5 AK-47 बरामद
भारतीय सेना ने गुरुवार को LOC पर उरी के पास रामपुर सेक्टर में 3 आतंकियों को ढेर कर दिया। आतंकवादी हाल ही में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से भारतीय सीमा में आए थे। भारतीय सेना ने ऑपरेशन में मारे गए आतंकवादियों के पास से 5 AK-47 राइफल, 8 पिस्टल और 70 हथगोले बरामद किए हैं। चिनार कोर के कमांडर जनरल डीपी पांडे ने कहा कि आतंकियों के पास से पाकिस्तानी रुपए भी बरामद हुए। वे पाकिस्तान के रास्ते भारत में दाखिल हुए। उन्होंने बताया कि पिछले 4 दिनों से सर्च ऑपरेशन चल रहा था। पूरी खबर यहां पढ़ें…

बेंगलुरु में ट्रांसपोर्ट कंपनी की गोदाम में धमाका, 3 की मौत
बेंगलुरु के चामराजपेट में ट्रांसपोर्ट कंपनी की गोदाम में धमाके के बाद तीन लोग मारे गए, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। विस्फोट का कारण अभी तक साफ नहीं हो पाया है। पुलिस को घटनास्थल से पटाखे मिले हैं, आगे की जांच जारी है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को भी घटनास्थल पर बुलाया है। इलाके की तलाशी ली जाएगी।

गूगल ने CCI के खिलाफ मुकदमा किया
गूगल ने भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) द्वारा उसके खिलाफ की गई जांच की गोपनीय रिपोर्ट के लीक होने के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में अपील की है। गूगल ने एक बयान में कहा कि इस कवायद का मकसद CCI की जांच शाखा को मिली किसी भी गोपनीय जानकारी को गैरकानूनी रूप से बाहर आने से रोकना है। कंपनी का कहना है कि उसे अभी तक यह गोपनीय रिपोर्ट नहीं मिली है।

गूगल ने कहा, ‘‘हम इस बात से बहुत चिंतित हैं कि महानिदेशक की रिपोर्ट, जिसमें हमारे एक चालू मामले की गोपनीय जानकारी शामिल है, CCI के पास से मीडिया में लीक हो गई। गोपनीय जानकारी की रक्षा करना किसी भी सरकारी जांच के लिए बुनियादी जरूरत है और हम आगे किसी भी गैरकानूनी खुलासे को रोकने के अपने कानूनी अधिकार का पालन कर रहे हैं।’’

साड़ी पहनने पर रेस्तरां में एंट्री नहीं मिली, महिला आयोग ने संज्ञान लिया

दिल्ली के एक रेस्तरां ने महिला को इसलिए एंट्री नहीं दी, क्योंकि वह साड़ी पहनकर आई थी। यह मामला डिफेंस कॉलोनी थाना क्षेत्र के अंसल प्लाजा स्थित एक रेस्तरां का है। घटना को लेकर महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो भी शेयर किया। यह वीडियो वायरल हो गया है। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने इस घटना का स्वत: संज्ञान लिया है। रेस्तरां से इस घटना पर जवाब मांगा है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

सोनीपत में स्कूल की छत गिरी, बच्चों समेत 35 घायल

सोनीपत की गन्नौर तहसील के बाय गांव में जीवानंद मॉडल पब्लिक स्कूल की छत गिर गई। हादसे में तीसरी, चौथी कक्षा के बच्चे, टीचर और छत पर मिट्टी डाल रहे मजदूर दब गए। चीख पुकार सुनकर गांव वाले मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे बच्चों समेत 35 लोगों को बचाने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान पुलिस को भी सूचना दी गई। पूरी खबर यहां पढ़ें…

CBI ने झारखंड हाईकोर्ट से कहा- ऑटो ड्राइवर ने जज को जानबूझकर टक्कर मारी
धनबाद के जज उत्तम आनंद की मौत मामले में CBI ने बड़ा दावा किया है। जांच एजेंसी ने झारखंड हाईकोर्ट को बताया कि ऑटो ड्राइवर ने जानबूझकर जज को टक्कर मारी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, CBI ने CCTV फुटेज और घटना स्थल की जांच की। साथ ही इस घटना का रीक्रिएशन भी किया गया।

जज उत्तम आनंद को 28 जुलाई को मॉर्निंग वॉक के दौरान ऑटो ने टक्कर मार दी थी। घटना के डेढ़ घंटे के बाद कुछ युवकों ने जज को अस्पताल पहुंचाया। वहां इमरजेंसी में घंटे भर इलाज के बाद उन्हें सर्जिकल ICU में भर्ती किया गया और सुबह 9.30 बजे उनकी मौत हो गई। राज्य सरकार की सिफारिश पर मामले को CBI जांच के लिए सौंपा गया। पूरी खबर यहां पढ़ें…

बंगाल में प्रवासी मजदूरों को लेकर जा रही बस खाई में गिरी
पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले में बस के खाई में गिरने से 6 प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में कई मजदूर घायल भी हुए हैं। यह घटना बुधवार रात करीब 10 बजे की है। चार्टर्ड बस में पश्चिम बंगाल और झारखंड के अलग-अलग जिलों के करीब 20 प्रवासी मजदूर सवार थे। ये सभी लखनऊ जा रहे थे। यह हादसा रायगंज थाने के रूपहार में नेशनल हाईवे-34 पर हुआ।

पेगासस मामले की जांच के लिए कमेटी बनाएगा सुप्रीम कोर्ट

पेगासस जासूसी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को अहम आदेश दिया। चीफ जस्टिस एनवी रमना ने कहा कि SC इस केस की जांच के लिए टेक्निकल एक्सपर्ट कमेटी का गठन करेगा। उन्होंने कहा कि कोर्ट अगले हफ्ते इस मामले की स्वतंत्र जांच के लिए फॉर्मल ऑर्डर जारी करेगा।

एनवी रमना ने कहा कि कोर्ट जल्द ही टेक्निकल कमेटी के सदस्यों को अंतिम रूप देगा। उन्होंने कहा कि कुछ एक्सपर्ट्स ने निजी कारणों से कमेटी में शामिल होने में असमर्थता जताई है। इस वजह से आदेश जारी करने में देरी हो रही है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

टीवी इंडस्ट्री में तख्तापलट!
जी और सोनी टीवी आपस में मर्ज हो रहे हैं। ये भारतीय टीवी मनोरंजन उद्योग में बड़ा बदलाव है। अभी तक 60 चैनल्स के साथ स्टार नेटवर्क भारत का सबसे बड़ा टीवी नेटवर्क है। अब सोनी और जी के साथ मिलने से 75 चैनल्स के साथ सबसे बड़ा नेटवर्क बन रहा है। हालांकि टीवी उद्योग में असली रेस TRP की है, जहां अब भी स्टार और कलर्स इन दोनों से बहुत आगे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

सड़क हादसे में बाइक सवार 3 पुलिसकर्मियों की मौत
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में बीती रात सड़क हादसे में बाइक सवार तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। यह दुर्घटना जिले के आशापुरे बैरियर गागरेट के पास हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी और फरार हो गया। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया

जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में एक आतंकी को मार गिराया है। अनायत अशरफ डार नाम के इस आतंकी ने कल शाम एक नागरिक पर गोली चलाकर उसे घायल कर दिया था। इसके बाद आतंकी के खिलाफ सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ। जम्मू और कश्मीर पुलिस ने बताया कि उन्होंने आतंकी को सरेंडर करने का मौका दिया था, लेकिन उसने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने उसका एनकाउंटर किया। घायल नागरिक अब भी अस्पताल में है।

देश में कोविड एक्टिव केस 187 दिन में सबसे कम
कोरोना के 31,923 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,35,63,421 हो गई। वहीं, इलाज करा रहे मरीजों की संख्या कम होकर 3,01,640 रह गई है, जो 187 दिन में सबसे कम है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, बीते दिन संक्रमण से 282 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,46,050 हो गई।

बिहार के शरद हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के छात्र संघ अध्यक्ष बने
अमेरिका के हार्वर्ड विश्वविद्यालय में भारतीय छात्र शरद सागर को हार्वर्ड ग्रेजुएट स्कूल ऑफ एजुकेशन का छात्र संघ अध्यक्ष चुना गया है। 50 देशों के 1,200 से अधिक छात्रों ने शरद सागर को चुना है। चुनाव में 9 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे थे। अध्यक्ष चुने जाने पर सागर ने भास्कर से कहा कि आज मैं हार्वर्ड ग्रेजुएट स्कूल ऑफ एजुकेशन में छात्र संघ के अगले अध्यक्ष चुने जाने पर बहुत ही आभारी हूं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

दिल्ली के मुखर्जी नगर में 5वें माले से कूदकर महिला ने दी जान
दिल्ली के मुखर्जी नगर की निरंकारी कॉलोनी की रहने वाली एक महिला ने अपनी बिल्डिंग के पांचवें माले से कूदकर अपनी जान दे दी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 52 वर्षीय महिला का नाम नेहा वर्मा बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, दंपति अलग होना चाहता था। कूदने से पहले महिला ने अपने पति धरम वर्मा को आई लव यू का मैसेज भेजा था। दंपति के दो बच्चे हैं, दोनों अमेरिका में रहते हैं। सीसीटीवी में कैद हुई घटना के मुताबिक, पति के सोसायटी में दाखिल होते ही पत्नी ने छलांग लगा दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अमेरिका पहुंचे मोदी, एयरपोर्ट पर प्रवासियों ने स्वागत किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी दौरे पर गए हैं। वे भारतीय समय के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 11 बजे भारत से रवाना हुए और सुबह 3.30 बजे अमेरिका उतरे। वॉशिंगटन डीसी में भारतीय प्रवासियों ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। उन्होंने ट्वीट करके कहा- वॉशिंगटन में गर्मजोशी से किए गए स्वागत के लिए भारतीय समुदाय का आभारी हूं। हमारे प्रवासी हमारी ताकत हैं। यह काबिले-तारीफ है कि कैसे हमारे प्रवासियों ने दुनिया में अपनी पहचान बनाई है।

खबरें और भी हैं…

.