13 साल का रिकॉर्ड तोड़ विदाई की ओर मानसून: हरियाणा में सामान्य से 30% ज्यादा बारिश हुई; 2003 के बाद सबसे ज्यादा मात्रा दर्ज, अगस्त में कम सितंबर में ज्यादा बरसा पानी

हिसार5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

इस बार मानसून पूरे हरियाणा पर मेहरबान रहा। सीजन में सामान्य से 30 प्रतिशत ज्यादा बरसने के बाद अब मानूसन विदाई की ओर है। मौसम विभाग के अनुसार 8 अक्टूबर को मानसून की विदाई हो चुकी है लेकिन उसकेे बावजूद 12 व 14 अक्टूबर को कई स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। हर साल मानसून 27 सितंबर के बाद निष्क्रिय हो जाती है लेकिन इस बार 13 दिन बाद तक यह सक्रिय है और अपना पूरा असर दिखा रही है। इस साल मानसून ने राज्य के उत्तरी हिस्से में 13 जून को प्रवेश किया परन्तु पूरे राज्य में 13 जुलाई को मानसून सक्रिय हुआ था। इस सीजन में अब मानसून की विदाई के बाद पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण राज्य में 12अक्टूबर रात्रि को उत्तर पाश्चिमी क्षेत्र में कुछ एक स्थानों पर गरजचमक व हवायों के साथ छिटपुट बूंदाबांदी होने की भी संभावना है।

अगस्त में कम तो सितंबर में ज्यादा हुई बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून का सीजन 1जून से 30 सितंबर तक माना जाता है परन्तु इस बार मानसून 8 अक्टूबर तक सक्रिय रहा है। इस दौरान हरियाणा राज्य में सामान्य से 30% ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। इस दौरान राज्य में बारिश 571.3 मिलीमीटर हुई जो सामान्य बारिश 438.6 मिलीमीटर से 30 प्रतिशत अधिक दर्ज हुई है। परन्तु जुलाई में राज्य में बारिश (253.1मिलीमीटर) जो सामान्य (155.3 मिलीमीटर) से 68% ज्यादा बारिश हुई। अगस्त मास में राज्य में बारिश 81.9 मिलीमीटर हुई जो सामान्य बारिश (157.2 मिलीमीटर) से 48 % कम हुई तथा सितम्बर में बारिश 187.5 मिलीमीटर हुई जो सामान्य 78.6 मिलीमीटर से 139% ज्यादा बारिश दर्ज की गई। अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में 9.6 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि इस सप्ताह में सामान्य बारिश 3.7 मिलीमीटर ही होती है।

हरियाणा में बारिश ने 18 साल का रिकार्ड तोड़ा

हरियाणा राज्य में मानसून की बारिश वर्ष 2003 के बाद सबसे अधिक बारिश इस वर्ष 2021 में 571.3 मिलीमीटर दर्ज की गई है। 2003 में 620 एम एम बारिश दर्ज की गई थी। भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकडो का अध्ययन करे तो इस वर्ष मॉनसून की सबसे अधिक बारिश राज्य के पांच जिलों में सामान्य से बहुत अधिक हुई है। इनमें झज्जर 102% अधिक , फतेहाबाद 89% अधिक, सोनीपत 84% अधिक, कैथल 80% अधिक व हिसार 79% अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि 9 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई। इस दौरान 6 जिलों में सामान्य बारिश परन्तु दो जिलों पंचकूला में 44%कम व अम्बाला 30% कम बारिश हुई तथा राजधानी चंडीगढ़ में 29% कम बारिश दर्ज की गई।

खबरें और भी हैं…

.